सेहतमंद रहने के लिए सबसे जरूरी है कि हम अपनी डाइट में नेचुरल और पौष्टिक चीजों को शामिल करें। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, फास्ट फूड और प्रोसेस्ड चीजों के चलते हमारा शरीर अंदर से कमजोर होता जा रहा है। ऐसे में अगर हम आयुर्वेद की ओर रुख करें, तो कई ऐसी पारंपरिक औषधियां हैं, जो शरीर को न सिर्फ हेल्दी रखती हैं बल्कि रोगों से लड़ने की ताकत भी देती हैं। इन्हीं में से दो हैं त्रिफला और गुड़। त्रिफला एक आयुर्वेदिक औषधि है, जो तीन नेचुरल चीजों आंवला, हरड़ और बहेड़ा के संयोजन से बनती है। ये तीनों अपने आप में औषधीय गुणों से भरपूर हैं और जब इन्हें एक साथ मिलाकर सेवन किया जाता है, तो यह शरीर की संपूर्ण देखभाल करता है। दूसरी ओर, गुड़ न सिर्फ एक स्वादिष्ट नेचुरल स्वीटनर है, बल्कि इसमें आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं।
तो ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि त्रिफला के साथ गुड़ खाने से हमें क्या-क्या फायदे मिल सकते हैं और आयुर्वेद इसके बारे में क्या कहता है। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने, मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता (Dr. Kiran Gupta, Yoga, Naturopathy, Nutrition and Ayurveda Specialist, Professor at Mewar University and Senior Physician at Naturopathy Hospital, Bapunagar, Jaipur) से बात की-
त्रिफला और गुड़ खाने के क्या फायदे हैं? - Gud Ke Sath Triphala Khane Ke Fayde
जब त्रिफला और गुड़ को साथ मिलाकर खाया जाए, तो यह पाचन से लेकर स्किन, आंखों और मेटाबॉलिज्म तक अनेक फायदे पहुंचाता है। आयुर्वेद के अनुसार, ये दोनों मिलकर शरीर से विषैले तत्वों यानी टॉक्सिन को बाहर निकालते हैं और त्रिदोष (वात, पित्त, कफ) को संतुलित करते हैं।
1. डाइजेशन बेहतर करे
अगर आपको कब्ज, गैस, अपच या भारीपन जैसी समस्याएं हैं, तो त्रिफला और गुड़ का सेवन बेहद फायदेमंद हो सकता है। त्रिफला आंतों की सफाई करता है और मल त्याग को नियमित करता है। वहीं, गुड़ आंतों की क्रिया को सुचारु करता है और पाचन रसों का रिलीज बढ़ाता है। रोज रात को सोने से पहले एक चम्मच त्रिफला पाउडर में थोड़ा सा गुड़ मिलाकर गुनगुने पानी के साथ लेने से पेट साफ रहता है और कब्ज की समस्या जड़ (kabj ka ilaj kaise kare) से समाप्त हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: शरीर में त्रिदोष के अनुसार त्रिफला का सेवन कैसे करें? डॉक्टर से जानें
2. वजन घटाने में सहायक
त्रिफला और गुड़ दोनों ही शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करते हैं। त्रिफला शरीर में जमा टॉक्सिन्स को निकालता है, जिससे चर्बी कम होने में मदद मिलती है। गुड़ खाने से मीठा खाने की क्रेविंग कम होती है और यह शरीर को एनर्जी देता है बिना ज्यादा कैलोरी बढ़ाए। अगर आप वेट लॉस कर रहे हैं, तो सुबह त्रिफला-गुड़ का सेवन करना शरीर को एक्टिव करता है और फैट बर्निंग प्रक्रिया को तेज कर (vajan kam karne ke liye kya kare in hindi) सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या त्रिफला और इसबगोल को एक साथ लिया जा सकता है? एक्सपर्ट से जानें
3. एनीमिया में फायदेमंद
गुड़ आयरन का नेचुरल सोर्स है और शरीर में हीमोग्लोबिन के लेवल को बढ़ाने में मदद करता है। वहीं, त्रिफला पाचन को सुधारकर आयरन के अवशोषण को बेहतर बनाता है। इसीलिए जो महिलाएं या बच्चे एनीमिया से जूझ रहे हैं, उनके लिए त्रिफला के साथ गुड़ का सेवन बेहद फायदेमंद हो सकता है। यह उपाय खासतौर पर पीरियड्स के दौरान कमजोरी और थकान से भी राहत देता है।
4. आंखों और स्किन के लिए लाभकारी
त्रिफला को आयुर्वेद में नेत्र्य औषधि कहा गया है यानी आंखों की सेहत के लिए बेहतरीन है। आंवला में मौजूद विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स आंखों की रोशनी बढ़ाने में सहायक होते हैं। वहीं, गुड़ खून को साफ करता है, जिससे स्किन ग्लोइंग हो सकती है। त्रिफला और गुड़ का नियमित सेवन आंखों की थकान, डार्क सर्कल्स और स्किन की झुर्रियों को कम करने में मदद कर सकता है।
5. इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक
आज के समय में इम्यूनटी मजबूत रखना बहुत जरूरी है। त्रिफला में मौजूद एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल गुण शरीर को इंफेक्शन से लड़ने में सक्षम बनाते हैं। वहीं, गुड़ फेफड़ों की सफाई करता है और गले की खराश से राहत दिलाता है। ठंड या सर्दी-जुकाम के दौरान त्रिफला-गुड़ का सेवन करने से इम्यूनिटी बूस्ट होती है और एलर्जी की समस्या भी कम होती है।
निष्कर्ष
त्रिफला और गुड़ का संयोजन एक साधारण लेकिन पावरफुल आयुर्वेदिक नुस्खा है जो कई समस्याओं का समाधान बन सकता है। यह न केवल पाचन को बेहतर बनाता है, बल्कि शरीर को भीतर से शुद्ध करता है और अनेक रोगों से बचाव करता है। नियमित और सही तरीके से सेवन करने पर यह आपकी इम्यूनिटी, स्किन, वजन और आंखों की रोशनी तक को बेहतर बना सकता है। लेकिन किसी भी आयुर्वेदिक उपाय की तरह, इसे भी आयुर्वेदाचार्य की सलाह अनुसार ही लेना चाहिए।
All Images Credit- Freepik
FAQ
त्रिफला खाने से क्या फायदा होता है?
त्रिफला आंवला, हरड़ और बहेड़ा, इनके मिश्रण से बनता है। इसका नियमित सेवन पाचनतंत्र को मजबूत करता है, कब्ज और गैस जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। त्रिफला खून को साफ करता है, जिससे स्किन में निखार आता है और मुंहासे कम होते हैं। यह आंखों की रोशनी बढ़ाने, बालों को मजबूत करने और इम्यूनिटी को बूस्ट करने में भी मदद करता है।क्या त्रिफला को रोजाना लेना सुरक्षित है?
त्रिफला को रोजाना लेना आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है, खासकर जब इसे सीमित मात्रा और सही तरीके से लिया जाए। आयुर्वेद में त्रिफला को एक रसायन माना गया है, जो शरीर को अंदर से शुद्ध करता है और त्रिदोषों को संतुलित करता है। हालांकि प्रेग्नेंट महिलाएं, बहुत कमजोर पाचन वाले व्यक्ति या किसी गंभीर रोग से ग्रसित लोग इसे लेने से पहले आयुर्वेदिक चिकित्सक से परामर्श लें।1 दिन में कितना गुड़ खा सकते हैं?
गुड़ एक नेचुरल मीठा पदार्थ है जो आयरन, पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। लेकिन इसकी मात्रा नियंत्रित रखना जरूरी है। आमतौर पर एक हेल्दी व्यक्ति दिन में 10 से 15 ग्राम गुड़ का सेवन कर सकता है। यह मात्रा शरीर को एनर्जी देने, पाचन सुधारने और खून साफ करने के लिए पर्याप्त होती है। हालांकि डायबिटीज़ या मोटापे से ग्रसित लोगों को गुड़ सीमित मात्रा में या डॉक्टर की सलाह से ही लेना चाहिए।