आजकल अनहेल्दी खानपान और गलत लाइफस्टाइल के कारण कई लोग सिरदर्द, चक्कर आने और थकान जैसी समस्याओं का सामना करते हैं। अक्सर लोग इसे हल्की-फुल्की समस्या समझकर इग्नोर कर देते हैं, लेकिन यह किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। अगर आपको बार-बार कमजोरी महसूस होती है, दिनभर थकान बनी रहती है या बिना किसी कारण के चक्कर आते हैं, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है। अगर यह समस्या कभी-कभार होती है, तो आप अपनी दिनचर्या में कुछ सुधार करके इसे ठीक कर सकते हैं, लेकिन अगर यह बार-बार हो रही है या लंबे समय तक बनी रहती है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है। आकाश हेल्थकेयर के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. अरुण कुमार गिरि (Dr. Arun Kumar Giri, Director, Surgical Oncology, Aakash Healthcare) से जानिए, शरीर में दर्द, थकान और चक्कर आने के कारण क्या हो सकते हैं?
शरीर में दर्द, थकान और चक्कर आने के कारण - Why Does Body Experience Aches, Tiredness And Dizziness
1. शरीर में पोषक तत्वों की कमी
अगर शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल नहीं मिलते हैं, तो यह कमजोरी, दर्द और चक्कर आने का कारण बन सकता है। खासतौर पर आयरन, विटामिन D, विटामिन B12 और मैग्नीशियम की कमी से यह लक्षण उभर सकते हैं। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी होने पर एनर्जी लेवल गिरने लगता है, जिससे थकान, सिरदर्द और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी न पीने से रक्त संचार भी प्रभावित होता है, जिससे शरीर में दर्द भी हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: कहीं बार-बार चक्कर आने का कारण डिप्रेशन तो नहीं? डॉक्टर से जानें कैसे पहचानें
2. अनियमित नींद और अनिद्रा
नींद की कमी शरीर के मेटाबॉलिज्म को प्रभावित कर सकती है, जिससे शरीर में दर्द और थकान महसूस होती है। अगर किसी व्यक्ति को पर्याप्त और गहरी नींद नहीं मिल रही है, तो यह चक्कर और मानसिक थकावट का कारण भी बन सकता है। साथ ही लगातार तनाव में रहने से शरीर के कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे थकान, सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द की समस्या हो सकती है। मानसिक तनाव का सीधा असर शारीरिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।
इसे भी पढ़ें: क्यों आते हैं प्रेगनेंसी के दौरान चक्कर और इन्हें कैसे कंट्रोल करें?
3. कम ब्लड प्रेशर और लो ब्लड शुगर
अगर किसी व्यक्ति का ब्लड प्रेशर बहुत कम होता है या शरीर में ग्लूकोज की कमी हो जाती है, तो यह शरीर को कमजोर बना सकता है और चक्कर आने का कारण बन सकता है। लो ब्लड प्रेशर से रक्त का प्रवाह धीमा हो जाता है, जिससे ऑक्सीजन सही तरीके से शरीर के अंगों तक नहीं पहुंच पाती है।
4. संक्रमण
अगर शरीर में किसी भी प्रकार का संक्रमण, जैसे वायरल फीवर, फ्लू या किसी अन्य प्रकार की बैक्टीरियल बीमारी हो रही है, तो इससे शरीर में दर्द, थकान और चक्कर आने की समस्या हो सकती है।
5. थायरायड की समस्या
हाइपोथायरायडिज्म शरीर की ऊर्जा उत्पादन प्रक्रिया को धीमा कर सकता है, जिससे थकान, मांसपेशियों में कमजोरी और सुस्ती महसूस हो सकती है। इसके साथ ही यह चक्कर और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को भी जन्म दे सकता है।
6. हीमोग्लोबिन की कमी
अगर शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी होती है, तो यह ऑक्सीजन की सही मात्रा में सप्लाई को प्रभावित करता है। इससे शरीर जल्दी थक जाता है और व्यक्ति को चक्कर आने लगते हैं। एनीमिया खासतौर पर महिलाओं में ज्यादा देखने को मिलता है।
7. कैफीन और शराब का ज्यादा सेवन
कैफीन और शराब का ज्यादा सेवन शरीर को निर्जलित (dehydrates the body) कर सकता है और नींद की क्वालिटी को प्रभावित कर सकता है। इससे थकान, चक्कर और शरीर में दर्द की समस्या उत्पन्न हो सकती है।
निष्कर्ष
शरीर में दर्द, थकान और चक्कर आना एक आम समस्या हो सकती है, लेकिन अगर यह बार-बार हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सही खानपान, अच्छी नींद और नियमित एक्सरसाइज से इन समस्याओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। अगर फिर भी यह लक्षण बने रहते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
All Images Credit- Freepik