Fri Sep 11, 2026 | 07:39 PM IST

Medically Reviewed by Dr Shobha Gupta , Medical Director and IVF Consultant

पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS): लक्षण, कारण, जांच, इलाज - संपूर्ण जानकारी

PCOS हार्मोनल बीमारी है, जिसमें महिलाओं के अनियमित पीरियड्स से लेकर मोटापे की समस्या होने लगती है। अगर समय पर इसके लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो इसे मैनेज करना आसान है। इस लेख में PCOS से जुड़ी पूरी जानकारी है।

इस पेज पर:-


पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन के कारण होता है और इस वजह से महिलाओं को अनियमित पीरियड्स से लेकर प्रेग्नेंसी में दिक्कत आ सकती है। WHO के अनुसार, पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) हार्मोनल बीमारी है, जो महिलाओं में पीरियड्स शुरू होने के बाद हो सकती है। वैसे यह बीमारी जीवन में कभी भी शुरू हो सकती है। दुनियाभर में PCOS से ग्रसित 70 फीसदी महिलाओं को यह भी नहीं पता कि उन्हें PCOS की बीमारी है और इस वजह से महिलाओं को बांझपन, रेगुलर पीरियड्स न होने, वजन बढ़ने और चेहरे या शरीर पर बाल या मुहांसे होने जैसी कई दिक्कतें हो सकती हैं। इस पेज पर आपको PCOS से जुड़े हर पहलू की जानकारी दी जा रही है।

PCOS क्या है?

NCBI की रिपोर्ट के अनुसार, स्टीन और लेवेंथल ने साल 1935 में पॉलीसिस्टिक ओवेरियन सिंड्रोम (PCOS) के बारे में बताया था। यह दुनिया भर में प्रोडेक्टिव उम्र की महिलाओं में होने वाली सबसे आम हार्मोनल बीमारी है। PCOS में ओवरी में एंड्रोजन हार्मोन का लेवल बहुत ज्यादा होने से अंडे पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाते। एंड्रोजन हार्मोन पुरुषों में ज्यादा पाया जाता है। PCOS में अल्ट्रासाउंड में ओवरी में कई छोटी-छोटी गांठें या सिस्ट दिखाई देते हैं। इसकी वजह से महिलाओं को कई तरह की समस्याएं होने लगती हैं।

PCOS के लक्षण

दिल्ली के आनंद निकेतन में स्थित गायनिका: एवरी वुमन मैटर क्लीनिक की सीनियर कंसल्टेंट, ऑब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन का कहना है कि आमतौर पर PCOS के शुरुआती लक्षण बहुत ही हल्के होते हैं, जिसे महिलाएं इग्नोर कर देती हैं। महिलाओं को इन लक्षणों पर खास नजर रखनी चाहिए।
Cleveland Clinic के मुताबिक, PCOS होने पर इसके लक्षणों की पहचान करना जरूरी है।

  1. इस बीमारी में पीरियड्स असामान्यहो जाते हैं, जैसे पीरियड न आना या फिर बहुत देर से आना
  2. पीरियड्स के दौरान बहुत ज्यादा ब्लीडिंग होना
  3. चेहरे, छाती और पेट पर बहुत ज्यादा बाल उगना
  4. चेहरे पर मुंहासे आना और कई मामलों में ये मुंहासे उम्र बढ़ने के साथ कम नहीं होते।
  5. PCOS से पीड़ित 40 से 80% महिलाएं मोटापे से ग्रस्त होती हैं।
  6. खासतौर पर गर्दन, जांघों के बीच और ब्रेस्ट के नीचे स्किन पर काले धब्बे पड़ जाते हैं।
  7. कुछ महिलाओं की स्किन पर छोटे दाने या गांठें उभर आती हैं।
  8. PCOS में महिलाओं के सिर के बाल झड़ सकते हैं।
  9. PCOS के कारण महिलाओं को प्रेग्नेंसी में दिक्कत हो सकती है।

pcos diagnosis late quote by dr chetna

यह भी पढ़ें- PCOS में LH और FSH का क्या रोल है? डॉक्टर से जानें इसकी सही रेंज

PCOS के कारण

Mayo Clinic के अनुसार, PCOS होने के कई कारण हो सकते हैं। गुरुग्राम के क्लाउडनाइन हॉस्पिटल के ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी विभाग की डायरेक्टर डॉ. चेतना जैन ने बताया, "PCOS खराब लाइफस्टाइल, स्ट्रेस, हार्मोनल असंतुलन, इंसुलिन रेजिस्टेंस और फैमिली हिस्ट्री के कारण हो सकता है।“

  1. इंसुलिन रेजिस्टेंस - इंसुलिन हार्मोन पैंक्रियास बनाता है, जो शरीर के सेल्स को एनर्जी के लिए ग्लूकोज इस्तेमाल करने देता है। PCOS होने पर इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ जाता है, जिस वजह से शरीर में बहुत ज्यादा इंसुलिन बनने लगता है। जब शरीर में ज्यादा इंसुलिन बनता है, तो पुरुष हार्मोन एंड्रोजन बढ़ जाता है और ओव्यूलेशन में दिक्कत होने लगती हैं।
  2. शरीर में सूजन होना - PCOS से पीड़ित महिलाओं को लंबे समय तक शरीर में लो ग्रेड इंफलेमेंशन (low grade inflammation) होता है। इससे ओवरी में एंड्रोजन एक्टिव होने लगता है, जो हार्ट और ब्लड वेसेल्स से जुड़ी बीमारियों का रिस्क बढ़ा सकता है।
  3. फैमिली हिस्ट्री - अगर परिवार में मां या बहन को PCOS की समस्या है, तो इस कंडीशन में फैमिली की अन्य महिलाओं को भी PCOS की समस्या हो सकती है।
  4. मोटापा और लाइफस्टाइल - कई महिलाओं की खराब डाइट और लाइफस्टाइल के कारण मोटापा बढ़ने लगता है और इस वजह से PCOS की समस्या हो सकती है।

PCOS से होने वाली समस्याएं

WHO की रिपोर्ट के अनुसार, PCOS होने से महिलाओं को न सिर्फ शारीरिक, बल्कि मानसिक और सामाजिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है।

  1. प्रेग्नेंसी के दौरान जेस्टेशनल डायबिटीज या हाई बीपी की समस्या होना
  2. पेट के आसपास फैट बढ़ना
  3. इंसुलिन रेजिस्टेंस के कारण टाइप 2 डायबिटीज होना
  4. हाइपरटेंशन की समस्या होना
  5. ब्लड में फैट का लेवल बढ़ने से कोलेस्ट्रॉल बढ़ना
  6. हार्ट से जुड़ी बीमारियां
  7. स्लीप एप्निया की दिक्कत होना
  8. लिवर में सूजन या फैटी लिवर की समस्या होना
  9. गर्भाशय की अंदरूनी परत (एंडोमेट्रियम) की असामान्य बढ़ने से एंड्रोमेट्रियल कैंसर या हाइपरप्लासिया होना

PCOS का महिलाओं की मेंटल हेल्थ पर असर

NIH में प्रकाशित पबमेड की रिपोर्ट के अनुसार, PCOS से पीड़ित महिलाओं को डिप्रेशन होने का रिस्क आम महिलाओं की तुलना में 50% ज्यादा होता है। इस स्टडी में कहा गया है कि अगर महिला को पता भी नहीं चलता कि उसे PCOS है, तो भी डिप्रेशन का रिस्क बराबर ही रहता है। इस स्टडी से पता चलता है कि डिप्रेशन होने का कारण हार्मोनल असंतुलन हो सकता है। WHO की रिपोर्ट में बताया गया है कि PCOS से ग्रस्त महिलाओं को बांझपन, मोटापा और अनचाहे बालों के कारण समाज में शर्मिंदगी महसूस होती है। इस वजह से भी उनमें एंग्जाइटी और डिप्रेशन का रिस्क बढ़ सकता है। इसे मैनेज करने के लिए मेडिटेशन और योगा किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- PCOS में पीरियड्स कैसे होते हैं? डॉक्टर से जानें इसके अनियमित होने के कारण

PCOS का कैसे पता चल सकता है?

NHS की रिपोर्ट के मुताबिक, PCOS से ग्रस्त महिलाओं को लक्षणों की पहचान करने के बाद डॉक्टर से जरूर बात करनी चाहिए। डॉक्टर मरीज के लक्षणों को समझकर कुछ टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं।

  1. हार्मोन टेस्ट के जरिए यह पता किया जाता है कि हार्मोन के ज्यादा बनने का कारण PCOS है या फिर कोई अन्य समस्या है।
  2. अल्ट्रासाउंड स्कैन के जरिए ओवरी में फॉलिकल्स को चेक किया जाता है। फॉलिकल्स ओवरी में तरल पदार्थ से भरी थैलियां होती हैं, जिसमें अंडों की ग्रोथ होती है।
  3. ब्लड टेस्ट के जरिए हार्मोन, शुगर और कोलेस्ट्रॉल का स्तर जांचा जाता है।
  4. अगर डॉक्टर PCOS डायग्नोज करते हैं, तो मरीज को उम्र और वजन के अनुसार ब्लड प्रेशर का चेकअप और डायबिटीज की स्क्रीनिंग की सलाह दी जा सकती है। PCOS डायग्नोज होने के बाद डॉक्टर महिला की कंडीशन को देखते हुए इलाज रिकमंड करते हैं।

PCOS का देरी से पता चलने के कारण

आमतौर पर महिलाओं को PCOS की पहचान करने में देरी हो सकती है और इस बात की पुष्टि WHO की रिपोर्ट करती है। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 70 फीसदी महिलाओं को पता ही नहीं होता कि उन्हें PCOS की बीमारी है। ये आंकड़े बताते हैं कि महिलाओं में PCOS को लेकर जागरूकता की कमी है। महिलाएं आमतौर पर अनियमित पीरियड्स को इग्नोर कर देती हैं। महिलाएं लक्षणों की पहचान नहीं कर पातीं क्योंकि वे चेहरे पर आने वाले बालों और मुंहासों, बाल झड़ने और वजन बढ़ने को बीमारी की बजाय सुंदरता के पैमाने पर जोड़कर देखने लगती हैं। भारत के परिपेक्ष में बात करें, तो शहरों में रहने वाली महिलाओं के लाइफस्टाइल और खानपान में बदलाव आने के कारण हार्मोनल बदलाव आ सकते हैं।

PCOS का इलाज क्या है?

NHS की रिपोर्ट के अनुसार, PCOS का इलाज मरीज की कंडीशन को देखते हुए किया जाता है। PCOS में आमतौर पर इलाज डाइट में बदलाव, लाइफस्टाइल में सुधार, दवाओं और सर्जरी के जरिए किया जाता है। अगर कोई महिला PCOS की समस्या के चलते प्रेग्नेंट नहीं हो पा रही है, तो उन्हें IVF की सलाह दी जाती है।

Pcos complete guide

यह भी पढ़ें- PCOS में मीठा खाना चाहिए या नहीं? ज्यादा खाते हैं तो क्या होगा

PCOS में डाइट कैसी होनी चाहिए?

PCOS को काफी हद तक डाइट के जरिए मैनेज किया जाता है। महिलाओं को बैलेंस्ड डाइट जिसमें प्रोटीन, ओमेगा 3 फैटी एसिड और हेल्दी फैट खाने की सलाह दी जाती है। महिलाओं को मौसमी फल-सब्जियां लेना चाहिए और लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाली डाइट फायदेमंद हो सकती है। फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल की सीनियर डाइटिशियन ऋतिका शर्मा ने कहा, "PCOS से पीड़ित महिलाओं को डाइट में प्रोटीन, अलसी का तेल, टमाटर, हरी पत्तेदार सब्जियां, पालक और गाजर शामिल करना चाहिए। साबुत अनाज और ब्राउन राइस भी फायदेमंद होता है। सीड्स, अखरोट और बादाम भी खाए जा सकते हैं।" जिन महिलाओं को मोटापे की समस्या ज्यादा होती है, उन्हें उनकी कंडीशन को देखते हुए डाइट प्लान दिया जाता है। इसके अलावा, डाइट से फ्राइड फूड, जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड, मैदे से बनी चीजें और सोडे वाले ड्रिंक्स लेने से परहेज करना चाहिए।

PCOS में लाइफस्टाइल कैसा होना चाहिए?

PCOS में वजन कम करने और हार्मोन्स को बैलेंस करने के लिए रोजाना कम से कम आधा घंटा वॉक करनी चाहिए। साइक्लिंग, तैराकी या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के जरिए इंसुलिन रेजिस्टेंस को कम किया जा सकता है। PCOS से पीड़ित महिलाओं को अपनी नींद पूरी करने पर ध्यान देना चाहिए और स्ट्रेस को मैनेज करने के लिए प्राणायाम, योग और मेडिटेशन करना चाहिए। देर रात तक मोबाइल और स्क्रीन टाइम कम करना चाहिए।

PCOS में दवाइयां लेना

डॉक्टर PCOS के कारण होने वाले अनियमित पीरियड्स को मैनेज करने के लिए बर्थ कंट्रोल पिल्स या IUD की सलाह दी जा सकती है। ये दवाइयां उन महिलाओं को दी जाती हैं, जिन्हें प्रेग्नेंसी प्लान नहीं करनी। कई मामलों में डायबिटीज मैनेज करने के लिए मेटफॉर्मिन जैसी दवा भी दी जा सकती है। जिन महिलाओं को चेहरे पर बालों की समस्या होती है, उन्हें एंड्रोजन हार्मोन लेवल कम करने की दवाइयां दी जाती है। जिन महिलाओं को PCOS की समस्या है और वे प्रेग्नेंट होना चाहती हैं, तो उन्हें ओव्यूलेशन के इंजेक्शन या दवाइयां दी जा सकती है। PCOS में महिलाओं के हार्मोन संतुलन करने की कोशिश की जाती है।

PCOS में सर्जरी

PCOS के कुछ मामलों में ओव्यूलेशन को बेहतर बनाने के लिए लैप्रोस्कोपिक ओवेरियन ड्रिलिंग प्रोसेस किया जा सकता है। इस सर्जरी में ओवरी में मौजूद एंड्रोजन हार्मोन बनाने वाले टिश्यू को हटा दिया जाता है, ताकि ओवरी नॉर्मल काम करने लगे।

यह भी पढ़ें- क्या PCOS एंडोमेट्रियल कैंसर का खतरा बढ़ाता है? डॉक्टर से जानें

PCOS में आम पूछे जाने वाले सवाल

PCOS से जुड़े कई सवाल महिलाएं जानना चाहती है, लेकिन कई बार डॉक्टर से पूछने में हिचकती हैं। 

क्या PCOS वाली महिलाएं दोबारा मां बन सकती हैं?

हालांकि पहली प्रेग्नेंसी सफल होने के बाद दोबारा मां बन सकती हैं, लेकिन कई बार महिलाओं की पहली डिलीवरी के बाद हार्मोनल बदलाव, मोटापा, इंसुलिन रेजिस्टेंस के कारण कई महिलाओं को दिक्कत आ सकती है। इस मामले में महिलाओं को अपना वजन करीब 5 फीसदी तक कम करना चाहिए ताकि ओव्यूलेशन सही हो सके। पीरियड के साइकल का ध्यान रखें और रोजाना कम से कम 30 मिनट तक वॉक करें।

क्या मेनोपॉज के बाद PCOS का असर रह सकता है?

मेनोपॉज के बाद भी हार्मोन्स में बदलाव हो सकते हैं और आमतौर पर PCOS के लक्षण चले जाते हैं, लेकिन कुछ मामलों में PCOS का प्रभाव लंबे समय तक रह सकता है।

PCOS और PCOD में क्या फर्क है?

PCOS और PCOD में फर्क है। PCOD में ओवरी में बहुत सारे अविकसित अंडे बन जाते हैं, जो बाद में सिस्ट का रूप ले लेते हैं। यह बीमारी हार्मोनल असंतुलन से जुड़ी हुई है, जबकि PCOS ज्यादा गंभीर मेटाबॉलिक और एंडोक्राइन बीमारी है, जिसमें सिस्ट के साथ-साथ गंभीर हार्मोनल असंतुलन और मेटाबॉलिक समस्याएं जैसे इंसुलिन रेजिस्टेंस भी शामिल होती हैं।

क्या PCOS में मुझे जीवनभर दवाइयां लेनी पड़ेगी?

यह मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है। कई मामलों में महिलाएं डाइट और लाइफस्टाइल के जरिए PCOS के लक्षणों को कंट्रोल कर लेती है। ऐसे मरीजों को लंबे समय तक दवाओं की जरूरत नहीं पड़ती। डॉक्टर चेकअप करके और मरीज की मेडिकल कंडीशन देखकर ही दवाई रिकमंड करते हैं।

पीसीओएस में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन का क्या रोल है?

PCOS में एनोव्यूलेशन (अंडे का रिलीज न होना) के कारण प्रोजेस्टेरोन का स्तर कम हो जाता है और एस्ट्रोजन अनियंत्रित हो जाता है। हार्मोनल असंतुलन के कारण महिलाओं को नियमित रूप से पीरियड्स नहीं होते हैं, गर्भाशय की परत मोटी हो जाती है और उनके शरीर में एंड्रोजन (पुरुष हार्मोन) बढ़ने लगते हैं।

PCOS में सेक्स लाइफ पर क्या असर पड़ता है?

Mumma's Blessing IVF और वृंदावन स्थित Birthing Paradise की Medical Director and IVF Specialist डॉ. शोभा गुप्ता ने कहा, "हार्मोन असंतुलन के कारण लिबिडो की कमी रहती है और PCOS से पीड़ित महिलाओं में मोटापा, मुहांसे और एंड्रोजेनिक एलोपेसिया देखने को मिलता है, जो उनके आत्मविश्वास को कम कर देता है। इस वजह से सेक्स लाइफ पर असर पड़ सकता है।"

यह भी पढ़ें- क्या PCOS स्तनपान को प्रभावित करता है? जानिए सच्चाई

क्या PCOS का परमानेंट इलाज है?

PCOS का परमानेंट इलाज नहीं होता, लेकिन इसे मैनेज किया जा सकता है। दवाइयों और लाइफस्टाइल में बदलाव करके PCOS को मैनेज करना आसान है। कुछ मामलों में मरीजों को दवाइयां देकर PCOS के लक्षणों को मैनेज करने की कोशिश की जाती है।

PCOS में BMI कितना होना चाहिए?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित जर्नल के अनुसार, पीसीओएस के लिए कोई विशेष बीएमआई (BMI) रेंज सुनिश्चित नहीं की गई है। एनसीबीआई की यही रिपोर्ट कहती है कि ‘PCOS को मैनेज करने के लिए बीएमआई पर ध्यान दिया जा सकता है। इसके तहत पीसीओएस को लीन और ओबीज श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें मानक बीएमआई 18.5-22.9 kg/m2, 23-24.9 kg/m2 को सामान्य वजन के रूप में परिभाषित किया गया है। लीन और अधिक वजन वाले PCOS के बीच अंतर करने के लिए 23 kg/m2 की सीमा का उपयोग कर सकते हैं।

निष्कर्ष

PCOS से पीड़ित महिलाओं को हार्मोनल बैलेंस के लिए अपनी डाइट और लाइफस्टाइल पर नजर रखनी चाहिए। अगर किसी महिला का वजन तेजी से बढ़ रहा हो, पीरियड्स अनियमित हो और चेहरे पर मुहांसे या बैचेनी महसूस हो, तो इन लक्षणों को इग्नोर नहीं करना चाहिए, बल्कि समय पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। दवाओं की मदद से PCOS की समस्या को कंट्रोल किया जा सकता है।

FAQ

  • पीसीओएस के लक्षण कब शुरू हो सकते हैं?

    आमतौर पर PCOS के लक्षण प्यूबर्टी या पहले पीरियड्स के तुरंत बाद शुरू हो सकते हैं। कई मामलों में 20 से 30 साल की उम्र में दिखाई दे सकते हैं।
  • क्या वजन कम करने पर PCOS ठीक हो सकता है?

    अगर महिलाएं अपना वजन कम कर लेती हैं, तो PCOS के लक्षणों को काफी हद तक मैनेज किया जा सकता है।

Read Next

ओवेरियन हाइपरस्टिम्यूलेशन सिंड्रोम (OHSS) क्या है? डॉक्टर से जानें लक्षण, कारण और इलाज

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Aneesh Rawat

Chief Sub Editor

अनीश रावत को हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 16+ साल का अनुभव है। फिलहाल जागरण न्यू मीडिया के Onlymyhealth में चीफ सब एडिटर हैं। महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, मेडिटेशन और योग पर Research based, doctor verified और SEO फ्रेंडली लेख लिखने में विशेषज्ञ हैं। न्यूज 24, ऑल इंडिया रेडियो और ThinkRight मेडिटेशन ऐप जैसे भरोसेमंद platforms पर काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Apr 26, 2026 14:13 IST

    Modified By : Aneesh Rawat
  • Apr 26, 2026 14:13 IST

    Modified By : Aneesh Rawat
  • Apr 26, 2026 14:13 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Shobha Gupta

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content