आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, नींद की कमी, देर रात खाना और स्क्रीन का ज्यादा उपयोग महिलाओं में पीसीओएस के लक्षणों को और गंभीर बना सकते हैं। दिनभर महिलाएं ऑफिस और घर के कामों में बिजी होती हैं, ऐसे में कई महिलाओं का सवाल होता है कि PCOS में रात को सोने से पहले क्या करें? इस बारे में सही जानकारी के लिए हमने यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद की कंसल्टेंट ऑब्स्टेट्रिशियन और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. एम. वी. ज्योत्सना से बात की।
PCOS में रात को सोने से पहले क्या करें?
डॉ. एम. वी. ज्योत्सना के अनुसार, पीसीओएस (Polycystic Ovary Syndrome) केवल एक हार्मोनल समस्या नहीं है, बल्कि मेटाबॉलिक और लाइफस्टाइल से जुड़ी स्थिति भी है। खराब नींद और अनियमित डेली रूटीन पीसीओएस के लक्षणों को और बिगाड़ सकती है।Diabetology & Metabolic Syndrome में 2025 में प्रकाशित रिव्यू बताता है कि खराब स्लीप क्वालिटी हार्मोनल असंतुलन को बढ़ाती है। इसलिए, रात की सही आदतें अपनाना पीसीओएस को मैनेज करने में बहुत अहम भूमिका निभाता है।
1. फिक्स स्लीप शेड्यूल रखें
पीसीओएस में शरीर का सर्कैडियन रिद्म (शरीर की जैविक घड़ी) अक्सर बिगड़ जाती है। डॉ. एम. वी. ज्योत्सना बताती हैं, ‘’रोज एक ही समय पर सोना और उठना हार्मोन संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। हर रात 7-9 घंटे की अच्छी नींद लेना जरूरी है। अगर आप रोज अलग-अलग समय पर सोते हैं, तो शरीर को यह समझ नहीं आता कि कब आराम करना है और कब एक्टिव रहना है। इससे हार्मोनल सिग्नलिंग प्रभावित होती है।’’
Cureus Journal of Medical Science में साल 2022 में प्रकाशित सिस्टमैटिक रिव्यू का निष्कर्ष यह है कि अपर्याप्त नींद सीधे तौर पर इंसुलिन रेजिस्टेंस के जोखिम को बढ़ाती है, जो आगे चलकर टाइप-2 डायबिटीज का मुख्य कारण बनता है। इस रिसर्च के अनुसार, हर रात 7 घंटे से कम नींद शरीर की ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म प्रक्रिया को बाधित करती है। इससे वजन बढ़ना और पीरियड्स का अनियमित होना जैसी समस्याएं ज्यादा हो सकती हैं। नींद की कमी से शरीर में कोर्टिसोल जैसे स्ट्रेस हार्मोन बढ़ जाते हैं और 'सी-रिएक्टिव प्रोटीन' (CRP) जैसे सूजन बढ़ाने वाले मार्कर्स एक्टिव हो जाते हैं। ये कारक सेल्स की इंसुलिन के प्रति सेंसिटिविटी को कम कर देते हैं। स्टडी यह सुझाव देती है कि मेटाबॉलिज्म संबंधी रोगों (metabolic diseases) से बचने के लिए वयस्कों को नियमित रूप से पर्याप्त और क्वालिटी नींद लेनी चाहिए।
2. रात का खाना समय पर और बैलेंस हो
डॉ. ज्योत्सना के अनुसार, रात का खाना सोने से 2-3 घंटे पहले लेना चाहिए। देर रात खाना खाने से ब्लड शुगर अचानक बढ़ जाता है, जिससे इंसुलिन का लेवल भी बढ़ता है। यह स्थिति पीसीओएस में पहले से मौजूद इंसुलिन रेजिस्टेंस को और खराब कर सकती है। साल 2011 में Cambridge University Press के British Journal of Nutrition में प्रकाशित रिसर्च का यह निष्कर्ष है कि भोजन का समय और उसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) दोनों ही शरीर में ग्लूकोज के लेवल और इंसुलिन रिलीज को प्रभावित करते हैं। स्टडी के अनुसार, रात के समय भारी और हाई-जीआई (High-GI) भोजन करने से ग्लूकोज का लेवल सबसे ज्यादा बढ़ जाता है और इंसुलिन सेंसिटिविटी कम हो जाती है। निष्कर्ष यह निकलता है कि यदि शाम के समय भारी और ज्यादा चीनी/कार्बोहाइड्रेट वाले भोजन से बचा जाए, तो ग्लूकोज प्रोफाइल में सुधार किया जा सकता है।
एक अच्छी डिनर प्लेट में क्या-क्या शामिल होना चाहिए?
- प्रोटीन के लिए दाल, पनीर, अंडा, चिकन
- फाइबर के लिए सीजन में मिलने वाली हरी सब्जियां
- हेल्दी फैट के लिए नट्स, बीज
इस तरह का भोजन रातभर ब्लड शुगर को स्थिर रखता है और भूख भी कंट्रोल करता है।
3. कैफीन और अल्कोहल से दूरी
डॉ. एम. वी. ज्योत्सना कहती हैं कि पीसीओएस में पहले से ही तनाव हार्मोन बढ़े होते हैं, ऐसे में कैफीन लेने से समस्या और बढ़ सकती है। कैफीन मेलाटोनिन हार्मोन को दबा देता है, जिससे नींद आने में देर लगती है। साल 2013 में Journal of Clinical Sleep Medicine में प्रकाशित साइंटिफिक इंवेस्टिगेशन का निष्कर्ष यह है कि सोने से ठीक 3 घंटे पहले, यहां तक कि 6 घंटे पहले भी कैफीन (जैसे कॉफी या चाय) का सेवन करने से नींद की क्वालिटी और समय पर गहरा बुरा प्रभाव पड़ता है। स्टडी में पाया गया कि सोने से 6 घंटे पहले ली गई कैफीन भी कुल नींद के समय में 1 घंटे से ज्यादा की कमी कर सकती है। सबसे जरूरी बात यह है कि लोगों को अक्सर यह महसूस नहीं होता कि उनकी नींद की क्वालिटी खराब हो रही है, जबकि मशीनी जांच (Objective monitoring) में नींद में भारी खलल सा दिखाई देता है। इसलिए, अच्छी और गहरी नींद के लिए यह सलाह दी जाती है कि सोने से कम से कम 6 घंटे पहले कैफीन का सेवन बंद कर देना चाहिए।
4. सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करें
मोबाइल, लैपटॉप और टीवी से निकलने वाली ब्लू लाइट शरीर के लिए एक बड़ा डिस्ट्रैक्शन है। यह मेलाटोनिन हार्मोन के प्रोडक्शन को कम कर देती है। Frontiers in Physiology में साल 2022 में प्रकाशित सिस्टमेटिक रिव्यू रिपोर्ट बताती है कि ब्लू लाइट एक्सपोजर से नींद का समय देरी से आता है और नींद की क्वालिटी खराब होती है। पीसीओएस में जहां पहले से हार्मोनल असंतुलन होता है, वहां यह और नुकसानदायक हो सकता है। सोने से कम से कम एक घंटे पहले स्क्रीन बंद करना चाहिए। इसके बजाय किताब पढ़ना, हल्का संगीत सुनना या ध्यान करना बेहतर विकल्प हैं।

5. स्ट्रेस कम करने वाली एक्टिविटी अपनाएं
पीसीओएस में स्ट्रेस एक बड़ा ट्रिगर होता है। जब शरीर तनाव में होता है, तो कोर्टिसोल बढ़ता है, जिससे इंसुलिन रेजिस्टेंस और पेट के आसपास फैट बढ़ने लगता है। डॉ. एम. वी. ज्योत्सना सलाह देती हैं कि सोने से पहले रिलैक्सेशन टेक्निक्स अपनानी चाहिए, जैसे-
- डीप ब्रीदिंग
- मेडिटेशन
- हल्का योग
- गर्म पानी से स्नान
Frontiers in Endocrinology में साल 2024 में प्रकाशित रिव्यू से पता चलता है कि माइंडफुलनेस और मेडिटेशन से पीसीओएस में हार्मोन संतुलन बेहतर हो सकता है।
6. हल्की एक्सरसाइज करें
रात में भारी एक्सरसाइज करने से शरीर एक्टिव हो जाता है और नींद आने में दिक्कत हो सकती है। इसके बजाय हल्की स्ट्रेचिंग या योग बेहतर होता है। हल्का योग मांसपेशियों को रिलैक्स करता है और ब्लड सर्कुलेशन को सुधारता है, इससे शरीर सोने के लिए तैयार होता है।
7. सोने की जगह को बेहतर बनाएं
अच्छी नींद के लिए आपका बेडरूम भी अहम भूमिका निभाता है। सोने के लिए कमरा हल्का ठंडा, अंधेरा और शांत होना चाहिए। अगर कमरे में रोशनी या शोर ज्यादा है, तो नींद बाधित होती है। National Sleep Foundation के अनुसार, सोने के सही वातावरण से नींद की क्वालिटी में काफी सुधार होता है, जिससे शरीर का हार्मोनल और मेटाबॉलिक रिपेयर बेहतर तरीके से होता है।
रात को क्या रूटीन फॉलो करें?
पीसीओएस में रात का सही रूटीन बहुत मदद करता है, इसके लिए रोज एक तय समय पर सोने और उठने की आदत बनाएं, ताकि शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक ठीक रहे। सोने से 2-3 घंटे पहले हल्का डिनर करें, जिसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट शामिल हों। सोने से कम से कम 1 घंटे पहले मोबाइल, टीवी और लैपटॉप बंद कर दें, क्योंकि ब्लू लाइट नींद में बाधा डालती है। रात में कैफीन से बचें और सोने से पहले हल्की स्ट्रेचिंग या डीप ब्रीदिंग करें ताकि शरीर रिलैक्स हो जाए। बेडरूम में अंधेरा और थोड़ा ठंडा रखें। रोज ऐसा रूटीन अपनाने से हार्मोन बैलेंस बेहतर होता है और नींद की क्वालिटी भी सुधरती है।
PCOS में Insomnia कितना कॉमन है और नींद न आने की समस्या क्यों होती है?
पीसीओएस में नींद न आना यानी Insomnia काफी आम समस्या है, इसका मुख्य कारण हार्मोनल असंतुलन है, जिसमें इंसुलिन रेजिस्टेंस और बढ़ा हुआ कोर्टिसोल शामिल हैं। जब शरीर में तनाव ज्यादा होता है, तो दिमाग रिलैक्स नहीं हो पाता और नींद आने में दिक्कत होती है। इसके अलावा, अनियमित पीरियड्स, वजन बढ़ना और एंग्जायटी भी नींद को प्रभावित करते हैं। अच्छी नींद न मिलने से फिर हार्मोन और बिगड़ते हैं, जिससे एक खराब चक्र बन जाता है। इसलिए नींद सुधारना PCOS मैनेजमेंट का बहुत जरूरी हिस्सा है।
क्या PCOS में नींद के लिए मेलाटोनिन सप्लीमेंट लेना सेफ है?
मेलाटोनिन एक ऐसा हार्मोन है जो नींद को कंट्रोल करता है। Cureus Journal of Medical Science के साल 2023 के कॉम्प्रिहेंसिव रिव्यू के अनुसार, मेलाटोनिन केवल नींद को कंट्रोल करने वाला हार्मोन ही नहीं है, बल्कि यह PCOS से जुड़ी जटिलताओं को कम करने में भी बहुत मददगार है। इस रिसर्च के अनुसार, मेलाटोनिन अपने एंटीऑक्सीडेंट गुणों के कारण शरीर में 'ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस' और सूजन को कम करता है, जिससे अंडों की क्वालिटी (oocyte quality) में सुधार होता है और फर्टिलिटी बढ़ती है। इसके अलावा, यह इंसुलिन संवेदनशीलता को सुधारने और टेस्टोस्टेरोन जैसे हार्मोन के बढ़े हुए लेवल को कम करने में मदद करता है, जिससे अनियमित मासिक धर्म और अनचाहे बालों (hirsutism) जैसी समस्याओं में राहत मिलती है।
डॉ. एम. वी. ज्योत्सना बताती हैं कि मेलाटोनिन सप्लीमेंट की बात करें तो इसे खुद से शुरू करना सही नहीं है। हर महिला का शरीर अलग होता है और बिना डॉक्टर की सलाह के सप्लीमेंट लेने से साइड इफेक्ट हो सकते हैं, जैसे सिरदर्द, चक्कर या हार्मोनल बदलाव। नींद की समस्या बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह लेकर ही मेलाटोनिन लें। सही डोज और समय बहुत जरूरी होता है, तभी यह सुरक्षित और असरदार होता है।
क्या रात में सोने से पहले हर्बल चाय जैसे Spearmint, कैमोमाइल पी सकते हैं?
पीसीओएस में रात को सोने से पहले कैमोमाइल और स्पीयरमिंट जैसी हर्बल चाय पीना फायदेमंद हो सकता है। कैमोमाइल चाय शरीर को शांत करती है और नींद लाने में मदद करती है। वहीं स्पीयरमिंट चाय हार्मोन बैलेंस करने और खासकर महिलाओं में एंड्रोजन कम करने में मदद कर सकती है। ये चाय कैफीन-फ्री होती हैं, इसलिए नींद पर बुरा असर नहीं डालती लेकिन ध्यान रखें कि इसे सीमित मात्रा में ही लें, दिन में 1-2 कप काफी होते हैं। अगर आपको कोई एलर्जी या मेडिकल कंडीशन है या आप दवाइयां ले रही हैं, तो पहले डॉक्टर से पूछ लें।
डॉक्टर से कब मिलें?
पीसीओएस (PCOS) को सही समय पर पहचानना और मैनेज करना बहुत जरूरी होता है। कई महिलाएं शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे आगे चलकर समस्या गंभीर हो सकती है। इसलिए यह समझना जरूरी है कि किन लक्षणों पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। अगर आपके पीरियड्स लंबे समय तक अनियमित रहते हैं, जैसे 2-3 महीने तक पीरियड्स न आना या बहुत ज्यादा होना, तो यह पीसीओएस का संकेत हो सकता है। इसी तरह चेहरे, छाती पर अचानक बालों का बढ़ना, मुंहासों का बढ़ना या बालों का झड़ना भी हार्मोनल असंतुलन की ओर इशारा करते हैं। शादी के बाद अगर लंबे समय तक कंसीव करने में दिक्कत हो रही है, तो भी डॉक्टर से मिलना जरूरी है। समय पर इलाज न लेने पर पीसीओएस आगे चलकर अन्य मेटाबॉलिक बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है। इसलिए जैसे ही आपको इन लक्षणों में से कोई भी नजर आए, बिना देर किए गायनेकोलॉजिस्ट या एंडोक्राइनोलॉजिस्ट से मिलें।

निष्कर्ष
पीसीओएस में रोज एक निश्चित समय पर सोना, 7-9 घंटे की अच्छी नींद लेना और सोने से पहले स्क्रीन टाइम कम करना, ये छोटे-छोटे बदलाव हार्मोन बैलेंस को बेहतर बना सकते हैं। इसके साथ ही, समय पर और बैलेंस्ड डिनर लेना, कैफीन से दूरी रखना और स्ट्रेस कम करने के लिए मेडिटेशन या हल्का योग करना भी बेहद फायदेमंद है। पीसीओएस में शरीर पहले से ही सेंसिटिव होता है, इसलिए गलत आदतें जैसे देर रात जागना, जंक फूड खाना और लगातार तनाव में रहना लक्षणों को और बिगाड़ सकते हैं। वहीं, अगर आप अपनी लाइफस्टाइल को धीरे-धीरे सुधारते हैं, तो इसके पॉजिटिव असर जल्दी दिखने लगते हैं। यह भी समझना जरूरी है कि हर महिला का शरीर अलग होता है, इसलिए किसी एक उपाय से सभी को समान रिजल्ट नहीं मिलते। इसलिए लाइफस्टाइल सुधार के साथ-साथ डॉक्टर की सलाह लेना भी उतना ही जरूरी है।
FAQ
पीसीओएस के मरीज को कितने घंटे सोना चाहिए?
पीसीओएस में हर रात कम से कम 7-9 घंटे की अच्छी और गहरी नींद लेना जरूरी है। इससे हार्मोन बैलेंस रहता है और इंसुलिन रेजिस्टेंस कंट्रोल में मदद मिलती है।क्या देर से सोने से पीसीओएस प्रभावित होता है?
देर रात तक जागने से शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक बिगड़ती है, जिससे हार्मोनल असंतुलन बढ़ सकता है और पीसीओएस के लक्षण खराब हो सकते हैं।क्या हम पीसीओएस में कॉफी पी सकते हैं?
पीसीओएस में कॉफी के सेवन से परहेज करना चाहिए। खासकर, शाम या रात में कैफीन लेने से नींद खराब होती है और स्ट्रेस हार्मोन बढ़ सकते हैं, जिससे पीसीओएस के लक्षण बिगड़ सकते हैं।क्या तनाव की वजह से पीसीओएस हो सकता है?
तनाव की वजह से पीसीओएस हो सकता है, तनाव से शरीर में हार्मोनल इंबैलेंस हो सकता है। इसके अलावा, ज्यादा तनाव लेने से कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ता है, जो इंसुलिन रेजिस्टेंस और वजन बढ़ने का कारण बन सकता है।पीसीओएस होने से क्या होता है?
पीसीओएस एक हार्मोनल असंतुलन है, इसके कारण अनियमित पीरियड्स, वजन बढ़ना, चेहरे पर बाल और कंसीव करने में कठिनाई जैसी समस्याएं होती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Apr 08, 2026 12:31 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Apr 08, 2026 12:31 IST
Modified By : Akanksha TiwariApr 08, 2026 12:31 IST
Modified By : Akanksha TiwariApr 08, 2026 12:31 IST
Modified By : Akanksha TiwariApr 08, 2026 12:31 IST
Modified By : Akanksha TiwariApr 08, 2026 12:31 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr M V Jyothsna