Fri Sep 11, 2026 | 06:56 PM IST

Medically Reviewed by Dr M V Jyothsna , Consultant Obstetrician & Gynaecologist

PCOS में चेहरे पर बाल क्यों आते हैं? एक्सपर्ट से जानें

पीसीओएस में महिलाओं के शरीर में हार्मोनल असंतुलन के कारण स्किन से जुड़ी समस्याएं होती हैं, जिसमें चेहरे परअनचाहे बाल आना भी शामिल है। चेहरे पर नजर आने वाले ये बाल मेल पैटर्न के होते हैं।

PCOS महिलाओं में हार्मोन से जुड़ी एक गंभीर समस्या है, जिसमें पीरियड्स के अनियमित होने, थकान होने, चिड़चिड़ापन होने, वजन बढ़ने, बालों के झड़ने, बालों के पतला होने, ओवरी में छोटी सिस्ट बनने, मुंहासे होने और चेहरे और शरीर पर अनचाहे बालों के आने की समस्या होती है। कई बार महिलाओं के मन में सवाल उठता है कि आखिर पीसीओएस में चेहरे पर बाल क्यों आने लगते हैं? इस सवाल के जवाब में Dr. M. V. Jyothsna, Consultant Obstetrician & Gynaecologist, Yashoda Hospitals, Hyderabad का कहना है कि PCOS में हार्मोनल असंतुलन के कारण चेहरे पर बाल आने का लक्षण दिख सकता है।

PCOS कैसे प्रभावित करता है चेहरे पर बालों की ग्रोथ

डॉ. एम.वी. ज्योत्सना के अनुसार, "पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) हार्मोन से जुड़ी एक आम बीमारी है,  जो ज्यादातर फर्टिलिटी उम्र की महिलाओं को प्रभावित करती है। इस स्थिति में महिलाओं को हार्मोन का असंतुलन और शरीर के मेटाबॉलिज्म में परेशानी होती है। इसका एक लक्षण है चेहरे और शरीर पर ज्यादा और अनचाहे बाल आना, जिसे मेडिकल भाषा में हिर्सुटिज्म (hirsutism) भी कहते हैं।"

डॉ. एम.वी. ज्योत्सना आगे बताती हैं कि, "एंड्रोजन हार्मोन, जो पुरुषों का हार्मोन है, आमतौर पर महिलाओं के शरीर में कम मात्रा में होता है, लेकिन पीसीओएस की स्थिति में यह हार्मोन बढ़ जाता है।"

इसे भी पढ़ें: PCOS के लिए हार्मोन थेरेपी क्या है? जानें ये क्यों जरूरी होती है?

Cleveland Clinic के अनुसार, महिला और पुरुष दोनों में एंड्रोजन हार्मोन होते हैं, लेकिन पुरुषों में यह ज्यादा होता है। PCOS की स्थिति में महिलाओं में अक्सर एंड्रोजन का लेवल ज्यादा हो जाता है, जिससे बालों के रोम एंड्रोजन को लेकर ज्यादा सेंसिटिव हो जाते हैं। इस स्थिति में महिलाओं के शरीर और चेहरे पर अनचाहे बालों के उगने की समस्या होने लगती है। 

एंड्रोजन हार्मोन के बढ़ने से क्या होता है?

डॉ. ज्योत्सना कहती हैं, "पीसीओएस की स्थिति में ओवरी में एंड्रोजन का उत्पादन बढ़ जाता है। यह समस्या शरीर में इंसुलिन रेजिस्टेंस (insulin resistance) के कारण बढ़ जाती है और इसकी स्थिति को और अधिक बिगाड़ सकती है। बता दें, हाई इंसुलिन ओवरी के सेल्स को एंड्रोजन के उत्पादन को बढ़ाने के लिए उत्तेजित करता है, साथ ही सेक्स हार्मोन-बाइंडिंग ग्लोबुलिन (sex hormone-binding globulin - SHBG) को कम करता है। यह एक तरह का प्रोटीन है, जो नॉर्मली टेस्टोस्टेरोन से जुड़ा है और इसके एक्टिव रूप को सीमित करता है। बता दें, शरीर में एसएचबीजी (SHBG) का स्तर कम होने पर फ्री टेस्टोस्टेरोन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे एंड्रोजन का असर ज्यादा दिखने लगता है।"

2022 के Diagnostics Journals में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, "हिर्सुटिज्म की समस्या में PCOS से परेशान महिलाओं के शरीर पर पुरुषों जैसे पैटर्न वाले घने बाल उगने लगते हैं। पुरुषों जैसा बालों का यह पैटर्न महिलाओं के शरीर के उन हिस्सों में देखा जाता है, जो एंड्रोजन के प्रति संवेदनशील होते हैं, जिसमें चेहरा, छाती, ब्रेस्ट के निप्पल के आस-पास का हिस्सा, पेट के बीच की रेखा, पीठ का निचला हिस्सा, हिप्स, जांघों का अंदरूनी हिस्सा और बाहरी जननांग शामिल हैं।"

why does facial hair appear in pcos in hindi 01 (5)

पीसीओएस में बाल कैसे बढ़ते हैं?

डॉ. ज्योत्सना बताती हैं कि, "हाई एंड्रोजन हार्मोन सीधे बालों की जड़ों यानी हेयर फॉलिकल्स (hair follicles) पर असर करते हैं। ऐसे में हाई एंड्रोजन के कारण होंठ के ऊपरी हिस्से, सीने, पेट, पीठ, ठोड़ी और जबड़े जैसे एंड्रोजन सेंसिटिव हिस्सों में उगने वाले पतले और सॉफ्ट बाल यानी वेल्लस बाल (vellus hair), मोटे और कड़े जैसे खुरदुरे टर्मिनल बालों (terminal hair) में बदल जाते हैं।"

इसे भी पढ़ें: क्या PCOS स्तनपान को प्रभावित करता है? जानिए सच्चाई

हर महिला में असर दिखता है अलग

डॉ. ज्योत्सना बताती हैं कि, "कुछ महिलाओं में जेनेटिक्स के कारण उनके बालों के रोम (बालों की जड़ें) एंड्रोजन के प्रति सेंसिटिव होते हैं। ऐसे में शरीर में एंड्रोजन हार्मोन का स्तर थोड़ा सा भी बढ़ने पर ज्यादा बाल आ जाते हैं। इसी कारण से पीसीओएस की स्थिति में महिलाओं को अनचाहे बालों के उगने की समस्या का सामना करना पड़ता है। हिर्सुटिज्म की गंभीर स्थिति इलास्टिसिटी, जेनेटिक्स और हार्मोन्स के असंतुलन के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।"

PCOS को कम करने के लिए क्या करें?

डॉ. ज्योत्सना के अनुसार, "पीसीओएस के कारण महिलाओं को होने वाली चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर ज्यादा बाल आने की समस्या से राहत के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल को फॉलो करने और वजन कम करने जैसी अच्छी आदतों को अपनाना फायदेमंद माना जाता है।"

इसे भी पढ़ें: PCOS में क्या खाएं और क्या नहीं? एक्सपर्ट से जानें

डॉ. ज्योत्सना बताती हैं कि, कॉस्मेटिक प्रक्रियाएं या तरीके (जैसे लेजर या वैक्सिंग) अस्थायी/टेंपरेरी राहत दे सकती हैं, लेकिन स्थायी यानी परमानेंट सुधार के लिए मेटाबॉलिक और हार्मोन से जुड़ी समस्याओं का इलाज करना जरूरी होता है। ऐसे में इन आदतों को अपनाने से हार्मोनल गड़बड़ी को ठीक करने में मदद मिलती है।

डॉक्टर से सलाह कब लें?

पीसीओएस में महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है, लेकिन ध्यान रहे, इसके कारण अनचाहे बालों का अधिक उगना, चिड़चिड़ापन होने, थकान बनी रहने, मोटापा आने, फर्टिलिटी में परेशानी होने, मुंहासे होने, मेटाबॉलिक सिंड्रोम होने, स्किन के अधिक ऑयली होने, पीरियड्स के अनियमित होने और बालों के झड़ने जैसी समस्याएं अधिक होने पर डॉक्टर से तुरंत सलाह लें, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

निष्कर्ष

पीसीओएस होने पर महिलाओं के शरीर में हार्मोन्स असंतुलित हो जाते हैं। साथ ही, इस स्थिति में महिलाओं के शरीर में एंड्रोजन हार्मोन (इसे पुरुषों का हार्मोन कहा जाता है।) बढ़ जाता है, जिसके कारण शरीर के पेट, पीठ, सीने और ठोड़ी जैसे एंड्रोजन सेंसिटिव हिस्सों में मोटे और कड़े बाल उगने लगते हैं। ऐसे में पीसीओएस को संतुलितरखने के लिए हेल्दी डाइट लेने, नियमित एक्सरसाइज करने और वजन कम करने जैसे हेल्दी लाइफस्टाइल को फॉलो करना फायदेमंद होता है। ध्यान रहे, स्वास्थ्य संबंधी कोई भी परेशानी महसूस होने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • पीसीओएस के कारण होने वाले चेहरे के बाल कैसे हटाएं?

    पीसीओएस में महिलाएं चेहरे से बालों को हटाने के लिए लेजर, वैक्सिंग और थ्रेडिंग का सहारा ले सकती हैं। इसके अलावा, लाइफस्टाइल में सुधार करने और खानपान की सही आदतों को अपनाने से चेहरे पर अनचाहे बालों को कम किया जा सकता है।
  • पीसीओएस में चेहरे के बाल इतनी तेजी से क्यों बढ़ते हैं?

    पीसीओएस की स्थिति में महिलाओं के शरीर में हार्मोन्स असंतुलित हो जाते हैं, जिसके कारण उनके शरीर में एंड्रोजन यानी पुरुष हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जिसके कारण शरीर के ठोड़ी, सीने और चेहरे जैसे एंड्रोजन सेंसिटिव हिस्सों में बालों के अधिक उगने और इनके हार्ड होने की समस्या हो सकती है।
  • PCOS में चेहरे पर बाल ना आए इसके लिए क्या करें?

    पीसीओएस होने पर चेहरे पर अनचाहे बालों को आने से रोकने के लिए हेल्दी लाइफस्टाइल और बैलेंस डाइट लेना फायदेमंद हो सकता है, जिससे शरीर में हार्मोन्स को बैलेंस करने, अनचाहे बालों को उगने से रोकने और स्वास्थ्य में सुधार करने में मदद मिल सकती है।
  • पीसीओएस फेस हेयर कैसा दिखता है?

    पीसीओएस के फेस हेयर को मेडिकल भाषा में हिर्सुटिज्म कहा जाता है। ये बाल पुरुषों की तरह होंठों के ऊपर, ठुड्डी, जबड़े और गालों पर आते हैं, साथ ही ये बाल मोटे, घने, काले और हार्ड होते हैं, जो हार्मोन्स के असंतुलन के कारण होता है।

Read Next

फैटी लिवर से बचने के तरीके, डॉक्टर से जानें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Priyanka Sharma

Sub Editor

प्रियंका शर्मा हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की है। फिलहाल प्रियंका जागरण न्यू मीडिया (Onlymyhealth) में बतौर सब एडिटर काम कर रही हैं। प्रियंका को स्वास्थ्य, पोषण, स्किन केयर और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नलिज्म की है। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Apr 08, 2026 22:06 IST

    Modified By : Priyanka Sharma
  • Apr 08, 2026 22:06 IST

    Modified By : Priyanka Sharma
  • Apr 08, 2026 22:06 IST

    Modified By : Priyanka Sharma
  • Apr 08, 2026 22:06 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Dr M V Jyothsna

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content