ठंडे पानी से नहाने की परंपरा पुराने समय से चली आ रही है। आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा में भी इसके फायदे बताए गए हैं। पुरुषों के लिए ठंडे पानी से नहाना सिर्फ ताजगी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद है। ठंडे पानी से नहाने से मेटाबॉलिज्म तेज होता है, इम्यून सिस्टम मजबूत होती है और शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। इसके अलावा ठंडे पानी से नहाने का एक और बड़ा फायदा यह है कि यह मांसपेशियों की रिकवरी में मदद करता है। इस लेख में पीजीआई रोहतक में अपनी सेवाएं दे रहे डॉक्टर विनय सांगवान (Dr Vinay Sangwan, Medical officer) से जानिए, पुरुषों के लिए ठंडे पानी से नहाने के फायदे क्या हैं?
पुरुषों के लिए ठंडे पानी से नहाने के फायदे - Cold Showers Benefits For Men's
1. मेटाबॉलिज्म को बढ़ाए
ठंडे पानी से नहाने का पहला और सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह मेटाबॉलिज्म को तेज करता है। जब शरीर ठंडे पानी के संपर्क में आता है, तो बॉडी को खुद को गर्म रखने के लिए ज्यादा एनर्जी खर्च करनी पड़ती है। इससे कैलोरी बर्न होती है और वजन घटाने में मदद मिलती है।
2. बेहतर इम्यून सिस्टम
ठंडे पानी से नहाने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। यह शरीर में ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की आपूर्ति को बढ़ाता है, जिससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। ठंडे पानी से नहाने वाले लोगों में सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं कम होती हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या सर्दियों में वाकई रोज न नहाने से 34% तक बढ़ सकता है जीवन काल? जानें इस वायरल दावे की सच्चाई डॉक्टर से
3. स्ट्रेस और चिंता कम करे
मॉडर्न लाइफस्टाइल में पुरुषों को तनाव और चिंता का सामना करना पड़ता है। ठंडे पानी से नहाना मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। यह शरीर में एंडोर्फिन हार्मोन (हैप्पी हार्मोन) का स्तर बढ़ाता है, जिससे मूड अच्छा रहता है।
4. मांसपेशियों की रिकवरी में सहायक
जो पुरुष जिम या हैवी वर्कआउट करते हैं, उनके लिए ठंडे पानी से नहाना वरदान साबित हो सकता है। यह मांसपेशियों की सूजन को कम करता है और थकावट दूर करता है। यही कारण है कि एथलीट्स और बॉडी बिल्डर्स ठंडे पानी से नहाने को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं।
इसे भी पढ़ें: सर्दियोंं में नहाने के बाद सरसों के तेल से मसाज करने से क्या फायदे मिलते हैं, डॉक्टर से जानें
5. टेस्टोस्टेरोन का लेवल बेहतर करे
ठंडे पानी से नहाने का एक और बड़ा फायदा यह है कि यह पुरुषों के शरीर में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन का स्तर बढ़ाने में मदद करता है। टेस्टोस्टेरोन पुरुषों के शारीरिक और यौन स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
6. त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद
ठंडे पानी से नहाने से त्वचा और बालों का स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। यह त्वचा के रोमछिद्रों को बंद करता है, जिससे त्वचा सॉफ्ट और ग्लोइंग बनती है। साथ ही, बालों को मजबूत और घना बनाने में मदद करता है।
7. शरीर को ऊर्जा दे
सुबह ठंडे पानी से नहाने से पूरे दिन शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। यह थकावट को दूर करता है और दिनभर एक्टिव रहने में मदद करता है।
ठंडे पानी से नहाने के लिए टिप्स
- ठंडे पानी से नहाने की शुरुआत धीरे-धीरे करें।
- सर्दियों में ज्यादा ठंडे पानी का इस्तेमाल न करें।
- नहाने के बाद तुरंत शरीर को पोछें लें।
निष्कर्ष
पुरुषों की फिटनेस में ठंडे पानी से नहाने का एक अहम योगदान हो सकता है। यह न सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। ठंडे पानी से नहाना एक आसान और प्राकृतिक उपाय है, जिसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं।
All Images Credit- Freepik