What is the Reason for Darkness Before Eyes: कभी-कभी कई लोगों को अचानक चक्कर आ जाता है या आंखों के सामने अंधेरा सा छा जाता है। हालांकि, कभी-कभार होने वाली यह स्थिति आम हो सकती है। लेकिन इसे नजरअंदाज करने पर यह गंभीर रूप ले सकती है। बता दें कि कई बार यह समस्या शरीर में कमजोरी या थकान की वजह से हो सकती है। लेकिन कई मामलों में यह काफी गंभीर स्थिति हो सकती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है कि आप बैठे हैं और अचानक से खड़े हुए या चल दिए, तो आंखों के सामने अंधेरा सा छा गया है या फिर धुंधला नजर आ रहा है। ऐसे में इन संकेतों को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हालांकि, यह जानना जरूरी है कि आखिर ऐसा क्यों होता है। इस बारे में विस्तार से जानने के लिए हमने डॉ. पुरेंद्र भसीन, एमबीबीएस, एमएस (नेत्र विज्ञान), फाउंडर और मेडिकल डायरेक्टर, रतन ज्योति नेत्रालय (Dr. Purendra Bhasin, MBBS, MS (Ophthalmology), Founder & Director, Ratan Jyoti Netralaya, Gwalior) से विस्तार में बात की। उन्होंने बताया कि अचानक चक्कर आना या आंखों से धुंधला नजर आने की वजह क्या है।
अचानक चक्कर आने की क्या वजह हैं-What are the reasons for sudden dizziness?
डॉक्टर बताते हैं कि जब आप बैठे या लेटे हुए हैं और खड़े होने पर अचानक चक्कर आ गए, तो कई मामलों में यह आम बात हो सकती है जिसे आप आसानी से दूर कर सकते हैं, लेकिन यह गंभीर स्थिति भी हो सकती है। दरअसल, बैठने या लेटने के बाद उठने पर चक्कर आने की स्थिति को ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन कहा जाता है। इसके कई कारण होते हैं, जिनके बारे में डॉ. पुरेंद्र भसीन ने विस्तार में बताया।
इसे भी पढ़ें- सिर दर्द और चक्कर क्यों आते हैं? जानिए 7 संभावित कारण और बचाव
आंखों के सामने अंधेरा छा जाने के कारण-Causes of darkness before eyes
डॉक्टर ने बताया है कि अगर कभी-कभी अचानक आंखों के सामने अंधेरा छा जाता है और यह स्थिति कुछ सेकेंड्स या मिनटों तक रहती है तो यह काफी गंभीर स्थिति हो सकती है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि आपके शरीर में कुछ बड़ी गड़बड़ी हो। इसलिए ऐसी स्थिति आने पर इसे नजरअंदाज न करें।
बीपी लो होना
दरअसल, इस स्थिति का सबसे आम कारण बीपी लो हो सकता है। जब आपके शरीर का बीपी गिरता है तो दिमाग तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती है, जिससे किसी भी इंसान को चक्कर आने लगता है और आंखों के सामने अंधेरा छा जाता है।
डिहाइड्रेशन
डॉक्टर ने बताया है कि जब आपको अचानक चक्कर आते हैं तो उस स्थिति में आपके शरीर में पानी की कमी हो सकती है। दरअसल, डिहाइड्रेशन की वजह से शरीर वॉल्यूम लूज करती है और अचानक खड़े होने से चक्कर आते हैं या अंधेरा छाने लगता है।
दिमाग से जुड़ी बीमारियां
डॉ. ने बताया कि कुछ मामलों में यह भी हो सकता है कि आपके दिमाग से संबंधित कोई परेशानी हो। दरअसल, जब रेटिनल माइग्रेन, ग्लूकोमा या न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर होता है तो भी यह स्थिति हो सकती है। हालांकि, जब कोई व्यक्ति डायबिटीज या थायराइड जैसी बीमारी से जूझता है तो भी अचानक चक्कर जैसे लक्षण हो सकते हैं।
एनीमिया
एनीमिया की समस्या बहुत आम हो गई है। इस स्थिति में व्यक्ति के अंदर खून की कमी हो जाती है, जिस कारण दिमाग तक ऑक्सीजन कम पहुंचता है और चक्कर आ सकता है।
इसे भी पढ़ें- आगे की ओर झुकने पर चक्कर-सा आने लगता है? डॉक्टर से जानें इसके क्या कारण हो सकते हैं
कैसे करें बचाव-how to protect?
- भरपूर पानी पिएं
- सही डाइट अपनाएं
- आराम से खड़े होने की कोशिश करें
- रोज एक्सरसाइज करें
- अगर चक्कर आने की समस्या ज्यादा लंबे समय तक रहती है, तो डॉक्टर की सलाह लें
- भरपूर नींद लें
डॉक्टर से कब मिलें-When to see a doctor?
अगर आपको बार-बार यह समस्या हो रही है, तो जरूरी है कि डॉक्टर से मिलें और कुछ टेस्ट कराएं। डॉक्टर बीपी टेस्ट, ब्लड टेस्ट, आंखों का चेकअप या अन्य टेस्ट करके यह पता लगा सकते हैं कि आपको क्या समस्या है और उसका इलाज किया जाएगा। हालांकि, इस बात का भी ध्यान रखें कि आंखों के सामने अंधेरा छा जाना केवल सेकंड्स की समस्या नहीं है। यह गंभीर समस्या भी हो सकती है। इसलिए सही इलाज जरूरी है।
निष्कर्ष
कभी-कभी आपको चक्कर आते हैं या आंखों के सामने अंधेरा छा जाता है, तो यह आम समस्या हो सकती है। अगर आपको यह समस्या बार-बार हो रही है, तो यह मामला गंभीर हो सकता है। बता दें कि ऐसी स्थिति होने की कई वजहें हो सकती हैं, जैसे कि शरीर में पानी की कमी, खून की कमी, बीपी लो होना, या दिमाग से जुड़ी कोई परेशानी। ऐसे में डॉक्टर की सलाह लें, जो आपके लिए बेहतर होगा।
FAQ
आंखों के सामने अंधेरा आने का क्या कारण है?
आंखों के सामने अंधेरा आने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे शरीर में पानी की कमी, खून की कमी, बीपी लो होना, या दिमाग से जुड़ी कोई परेशानी आदि।मेरी दृष्टि अचानक अंधेरी क्यों हो रही है?
हो सकता है कि आपके आंखों की रोशनी कम हो रही है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।अचानक से खड़े होने पर क्या आंखों के सामने अंधेरा होना आम बात है?
कभी-कभी यह आम बात हो सकती है, लेकिन अगर आपको यह समस्या बार-बार हो रही है, तो इस स्थिति में यह किसी गंभीर स्वास्थ्य संबंधी बीमारी की ओर संकेत कर सकता है।