
Can We Apply Garlic Directly On Hair: किचन में रखा लहसुन सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि सदियों से इसे सेहत और सौंदर्य से भी जोड़ा जाता रहा है। इम्यूनिटी बढ़ाने से लेकर इंफेक्शन से लड़ने तक, लहसुन के फायदे अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल के दिनों में सोशल मीडिया और घरेलू नुस्खों के चलते लहसुन को बालों के झड़ने और हेयर ग्रोथ से भी जोड़ दिया गया है। कई लोग मानते हैं कि अगर स्कैल्प पर लहसुन लगाया जाए तो बाल तेजी से उगने लगते हैं और डैंड्रफ भी खत्म हो जाता है। इसी भरोसे में कुछ लोग कच्चे लहसुन की कलियां पीसकर सीधे सिर पर लगाने से भी नहीं हिचकते लेकिन क्या वाकई यह तरीका सुरक्षित है? क्या हर प्राकृतिक चीज बिना नुकसान के इस्तेमाल की जा सकती है? इस लेख में यशोदा अस्पताल, हैदराबाद की वरिष्ठ सलाहकार त्वचा विशेषज्ञ, डॉ. पद्मजा (Dr. Padmaja, Senior Consultant Dermatologist, Yashoda Hospitals, Hyderabad) से जानिए, क्या बालों में सीधे लहसुन लगाना सुरक्षित है?
इस पेज पर:-
क्या बालों में सीधे लहसुन लगाना सुरक्षित है? - Can we apply garlic directly on hair
डर्मेटोलॉजिस्ट पद्मजा बताती हैं कि सीधे तौर पर कच्चा लहसुन स्कैल्प पर लगाना सुरक्षित नहीं माना जाता। डॉ. पद्मजा के अनुसार, कच्चा लहसुन बहुत पावरफुल होता है। इसे सीधे लगाने से स्किन पर जलन, लालिमा, खुजली और जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। संवेदनशील त्वचा यानी सेंसिटिव स्किन वाले लोगों में यह केमिकल बर्न तक का कारण बन सकता है। ऐसे रिएक्शन से स्कैल्प पर सूजन आ सकती है, जो बालों के झड़ने की समस्या को और बढ़ा सकती है।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में स्कैल्प की खुजली से होते हैं शर्मिंदा, तो जान लें इसका कारण और इलाज
- जब स्कैल्प पर जलन या एलर्जी होती है, तो वहां इंफ्लेमेशन बढ़ जाता है। यह इंफ्लेमेशन हेयर फॉलिकल्स को कमजोर कर सकता है, जिससे बाल टूटने या झड़ने लगते हैं।
- कई बार लोग यह सोचकर लहसुन लगाते हैं कि इससे हेयर ग्रोथ तेज होगी, लेकिन गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर इसका उल्टा असर हो सकता है।
- इसलिए डॉक्टर कच्चे लहसुन को सीधे स्कैल्प पर लगाने से मना करते हैं।
लहसुन को बालों में कैसे लगाएं? - How to apply garlic on your hair
डर्मेटोलॉजिस्ट पद्मजा बताती हैं कि अगर कोई व्यक्ति लहसुन को बालों की देखभाल में शामिल करना चाहता है, तो उसे हमेशा डायल्यूट यानी पतला करके ही इस्तेमाल करना चाहिए। सबसे सुरक्षित तरीका है लहसुन-इन्फ्यूज्ड ऑयल का उपयोग। इसके लिए नारियल तेल या ऑलिव ऑयल में लहसुन की कलियों को हल्का गर्म करके तेल तैयार किया जा सकता है। इसके अलावा, लहसुन को एलोवेरा जेल या शहद जैसे सुकून देने वाले तत्वों के साथ मिलाकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे जलन का खतरा कम हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: ड्राई स्कैल्प से राहत के लिए करें मेथी दाना पेस्ट का इस्तेमाल, मिलेंगे कई लाभ

डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह
डर्मेटोलॉजिस्ट पद्मजा बताती हैं कि लहसुन से बना कोई भी मिश्रण स्कैल्प पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करना बेहद जरूरी है। इसके लिए मिश्रण की थोड़ी मात्रा हाथ या कान के पीछे लगाकर 24 घंटे तक इंतजार करें। अगर जलन, लालिमा या खुजली न हो, तभी इसे स्कैल्प पर लगाएं। साथ ही, इसे ज्यादा देर तक सिर पर न रखें और अच्छी तरह धो लें। लंबे समय तक छोड़ना स्किन रिएक्शन का कारण बन सकता है।
यह समझना जरूरी है कि लहसुन किसी भी तरह से हार्मोनल या मेडिकल कारणों से होने वाले हेयर लॉस का प्रमाणित इलाज नहीं है। थायराइड, हार्मोनल असंतुलन, पोषण की कमी या जेनेटिक कारणों से होने वाले बालों के झड़ने में केवल घरेलू नुस्खे असरदार नहीं होते। लगातार या गंभीर हेयर फॉल की स्थिति में डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना जरूरी है।
निष्कर्ष
लहसुन स्कैल्प हेल्थ को सपोर्ट कर सकता है, लेकिन इसे चमत्कारी इलाज मानना गलत है। कच्चा लहसुन सीधे बालों या स्कैल्प पर लगाना नुकसानदायक हो सकता है। अगर इस्तेमाल करना हो, तो हमेशा पतला करके, पैच टेस्ट के बाद और सीमित समय के लिए करें। प्राकृतिक उपाय सहायक हो सकते हैं, लेकिन सही इलाज तभी संभव है जब बालों के झड़ने की असली वजह को समझकर उसका उपचार किया जाए।
All Images Credit- Freepik
यह विडियो भी देखें
FAQ
क्या तेल लगाने से बाल बढ़ते हैं?
तेल लगाने से बाल सीधे तौर पर नहीं बढ़ते, लेकिन यह स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है और जड़ों को मजबूत करता है, जिससे बालों का टूटना कम हो सकता है।क्या डैंड्रफ से बाल झड़ते हैं?
सीधे तौर पर डैंड्रफ बालों के झड़ने का कारण नहीं है, लेकिन ज्यादा खुजली और स्कैल्प इंफ्लेमेशन हेयर फॉल को बढ़ा सकता है।क्या स्ट्रेस से बाल झड़ते हैं?
ज्यादा तनाव में बाल अस्थायी रूप से ज्यादा झड़ने लगते हैं।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version
Jan 01, 2026 11:08 IST
Published By : Akanksha Tiwari
