Doctor Verified

करवट लेकर सोने पर क्यों होता है हिप पेन? जानें कारण और उपाय

What Causes Hip Pain: नींद हमारी सेहत के लिए उतनी ही जरूरी है जितनी सही डाइट और एक्सरसाइज। यहां जानिए, करवट लेकर सोते समय कूल्हे में दर्द क्यों होता है?
  • SHARE
  • FOLLOW
करवट लेकर सोने पर क्यों होता है हिप पेन? जानें कारण और उपाय


नींद हमारी दिनचर्या का सबसे जरूरी हिस्सा है, क्योंकि यह शरीर और दिमाग दोनों को आराम देती है। लेकिन क्या हो जब नींद लेने की बजाय आपको सोते समय ही दर्द की शिकायत होने लगे? बहुत से लोग बताते हैं कि जब वे करवट लेकर यानी साइड में सोते हैं तो कूल्हे (हिप) में दर्द महसूस होता है। यह समस्या हल्की चुभन से लेकर तेज दर्द तक हो सकती है और अक्सर नींद को बाधित कर देती है। लगातार यह दर्द न केवल नींद की क्वालिटी खराब करता है बल्कि दिनभर की थकान और चिड़चिड़ापन भी बढ़ा सकता है। हिप पेन (Hip Pain) साइड में सोने के दौरान कई कारणों से हो सकता है। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने, इस लेख में एनआईटी फरीदाबाद में स्थित संत भगत सिंह महाराज चैरिटेबल हॉस्पिटल के जनरल फिजिशियन डॉ. सुधीर कुमार भारद्वाज से बात की-

करवट लेकर सोते समय कूल्हे में दर्द क्यों होता है? - What Causes Hip Pain When Sleeping On Side

डॉ. सुधीर कुमार भारद्वाज बताते हैं कि जब हम साइड में सोते हैं तो पूरे शरीर का वजन कूल्हों और कंधों पर पड़ता है। लगातार एक ही साइड पर सोने से कूल्हे की हड्डियों और आसपास की मांसपेशियों पर दबाव बढ़ जाता है। यही दबाव दर्द का कारण बन सकता है, खासकर तब जब गद्दा सख्त हो या सही सपोर्ट न दे।

इसे भी पढ़ें: ब्रेस्टफीडिंग के दौरान पीठ और कूल्हों के दर्द से रही परेशान, फीडिंग तकिये ने कीर्ति दुबे की जर्नी को किया आसान

1. मांसपेशियों और लिगामेंट पर असर

जब हम साइड में सोते हैं तो कूल्हे की मांसपेशियां और लिगामेंट शरीर को संतुलन और लचीलापन देते हैं। जब इन पर बार-बार दबाव पड़ता है तो उनमें खिंचाव या सूजन हो सकती है। इससे रात में करवट बदलते समय दर्द और ज्यादा महसूस होता है।

2. आर्थराइटिस और जोड़ों की समस्या

कई बार साइड में सोने पर हिप पेन की वजह आर्थराइटिस हो सकती है। इसमें जोड़ों में सूजन और जकड़न आ जाती है। यदि किसी व्यक्ति को पहले से ही आर्थराइटिस है तो करवट लेकर सोने से दर्द बढ़ सकता है। उम्रदराज लोगों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।

इसे भी पढ़ें: पीठ, कमर और कूल्हों के फैट को कम करेगी ये सिंपल सी एक्सरसाइज, जानें करने का तरीका

3. साइटिका

साइटिका एक ऐसी स्थिति है जिसमें पीठ के निचले हिस्से से निकलने वाली नस दब जाती है। इससे दर्द कूल्हे और जांघ तक फैल सकता है। कई बार करवट लेकर सोने पर नस पर दबाव बढ़ता है और दर्द ज्यादा महसूस होता है।

what causes hip pain

4. गद्दे और तकिए के कारण

गलत गद्दे या तकिए भी हिप पेन की बड़ी वजह बन सकते हैं। बहुत सख्त गद्दा कूल्हों पर ज्यादा दबाव डालता है, वहीं बहुत मुलायम गद्दा शरीर को सही सपोर्ट नहीं देता। इसी तरह ऊंचा या नीचा तकिया भी शरीर के एलाइनमेंट को बिगाड़ सकता है और दर्द को बढ़ा सकता है।

5. मोटापा और गलत सोने की आदतें

शरीर का ज्यादा वजन होने पर कूल्हों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे दर्द की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा, लंबे समय तक एक ही करवट सोने या पैर मोड़कर सोने की आदत भी दर्द को ट्रिगर कर सकती है।

राहत और बचाव के उपाय

  • गद्दा न ज्यादा सख्त हो, न ज्यादा मुलायम
  • सोते समय घुटनों के बीच तकिया रखें ताकि दबाव कम हो
  • रोजाना हल्की स्ट्रेचिंग और योगासन करें
  • वजन कंट्रोल रखें
  • एक ही साइड पर लंबे समय तक न सोएं, बीच-बीच में करवट बदलें

निष्कर्ष

साइड में सोते समय कूल्हे का दर्द आम समस्या है, लेकिन इसके पीछे के कारण अलग-अलग हो सकते हैं, जैसे मांसपेशियों का खिंचाव, आर्थराइटिस, साइटिका या फिर गलत गद्दा और सोने की आदतें। सही सोने का तरीका अपनाकर और हेल्दी लाइफस्टाइल के साथ इस दर्द से बचा जा सकता है। लेकिन अगर दर्द लंबे समय तक बना रहे तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

All Images Credit- Freepik

Read Next

क्या वाकई अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद बुखार आना सामान्य है? जानें बचाव के टिप्स

Disclaimer

TAGS