मॉडर्न लाइफस्टाइल और बदलते मौसम में शरीर की इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता का मजबूत होना जरूरी है। ऐसा इसलिए, क्योंकि बदलते मौसम खासकर मानसून के दौरान अगर शरीर की इम्यूनिटी कमजोर होती है तो कई तरह के संक्रमणों और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। मानसून के दौरान इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए तुलसी का इस्तेमाल कारगर साबित हो सकता है। आयुर्वेद में तुलसी को एक बेहतरीन औषधि माना गया है, जो न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत करती है। तुलसी के पत्तों में पाए जाने वाले एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए तुलसी का उपयोग कैसे करें इसके बारे में बता रहे हैं।
तुलसी
आयुर्वेद में, तुलसी, अदरक और हल्दी जैसे प्राकृतिक तत्वों का उपयोग इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए बताया गया है। मानसून में इन प्राकृतिक चीजों का सही तरीके से उपयोग कर आप अपने शरीर को बीमारियों से बचा सकते हैं और स्वास्थ्य को बनाए रख सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: बादाम दूध या नारियल दूध: एक्सपर्ट से जानें क्या है सेहत के लिए फायदेमंद?
डॉक्टर ने बताया कि तुलसी के पत्तों से बना तेल सेहत के लिए लाभकारी होता है लेकिन इसकी तासीर गर्म होती है, ऐसे में ऊष्ण प्रकृति वाले लोगों को डॉक्टर की सलाह से ही इसका सेवन करना चाहिए। तुलसी का तेल शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाने और दिमाग को रिलैक्स करने में बेहद कारगर साबित होता है। तुलसी के तेल को उड़नशील तेल यानी एरोमेटिक कहा गया है। ऐसा इसलिए, क्योंकि ये बहुत जल्दी उड़ जाता है, इसका सबसे अच्छा इफेक्ट इम्यूनिटी और डिप्रेशन पर होता है। यही वजह है कि पंचामृत जैसी चीजों में सदियों से तुलसी का प्रयोग किया जाता है।
इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए तुलसी का उपयोग
1. डॉक्टर ने बताया कि इम्यूनिटी बढ़ाने का सबसे आसान तरीका है कि आप सुबह खाली पेट आधा गिलास पानी में 2-5 ड्रॉप तुलसी के तेल की डालें। ध्यान रखें कि आप अपने शरीर की तासीर के अनुसार इसकी मात्रा कम या ज्यादा करें, अगर किसी व्यक्ति को बहुत एसिडिटी की समस्या रहती है तो वह 1-2 ड्रॉप से ही शुरुआत करें।
इसे भी पढ़ें: पेट दर्द और पाचन की समस्या में करें अभ्रक भस्म का सेवन, जानें इसके फायदे और नुकसान
2. शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए तुलसी की चाय भी सरल और प्रभावी तरीका है। तुलसी की चाय बनाने के लिए 5-6 ताजे तुलसी के पत्तों को 1 कप पानी में उबालें। आप इसमें अदरक और शहद भी मिला सकते हैं। तुलसी की चाय न केवल इम्यून सिस्टम को मजबूत करती है, बल्कि तनाव और थकान को भी कम करती है। इसका नियमित सेवन मौसमी बीमारियों से बचाव में मदद करता है।
3. आयुर्वेद में काढ़ा इम्यूनिटी बढ़ाने का एक पारंपरिक तरीका है, तुलसी का काढ़ा बनाने के लिए तुलसी के पत्तों के साथ दालचीनी, अदरक और थोड़ी हल्दी को पानी में उबालें। इस काढ़े का सेवन शरीर को गर्मी प्रदान करता है और इम्यून सिस्टम को बेहतर करता है। यह काढ़ा सर्दी, खांसी और अन्य संक्रमणों से बचाव में प्रभावी होता है। लेकिन ध्यान रखें कि जिन लोगों के शरीर में गर्मी ज्यादा होती है उन्हें इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
तुलसी एक ऐसी औषधि है जिसे आयुर्वेद में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए जरूरी माना गया है। इसके नियमित सेवन से न केवल बीमारियों से बचाव होता है, बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य में भी सुधार होता है।
All Images Credit- Freepik