
बचपन में संतुलित पोषण बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी होता है। खासकर विटामिन्स की भूमिका इतनी जरूरी होती है कि किसी एक की भी कमी बच्चे के पूरे स्वास्थ्य पर गहरा असर डाल सकती है। विटामिन-बी1, जिसे थायमिन (Thiamine) भी कहा जाता है, तंत्रिका तंत्र, हृदय और मांसपेशियों के लिए जरूरी है। यह विटामिन शरीर में कार्बोहाइड्रेट को एनर्जी में बदलने में मदद करता है। विटामिन-बी1 की कमी अक्सर उन बच्चों में देखी जाती है जिनका खानपान संतुलित नहीं होता या जो सिर्फ एक जैसे खाद्य पदार्थ खाते हैं, जैसे सफेद चावल या मैदे से बनी चीजें। कई बार लंबे समय तक डायरिया, इंफेक्शन या दवाओं का सेवन भी इस कमी को बढ़ा सकता है। शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर दिया जाए, तो यह स्थिति गंभीर बीमारियों में बदल सकती है। इस लेख में हम विस्तार से जानेंगे कि बच्चों में विटामिन-बी1 की कमी के लक्षण क्या होते हैं, इसके कारण क्या हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है, ताकि समय रहते हम अपने बच्चों को इस खतरे से सुरक्षित रख सकें। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के डफरिन हॉस्पिटल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ सलमान खान से बात की।
बच्चों में विटामिन-बी1 की कमी के लक्षण- Vitamin B1 Deficiency Symptoms in Kids
विटामिन-बी1 की कमी के लक्षण धीरे-धीरे उभरते हैं, लेकिन समय पर पहचाना न जाए, तो स्थिति गंभीर हो सकती है-
- बच्चा जल्दी थक जाए, हर समय रोता या चिड़चिड़ा रहे, तो यह विटामिन-बी1 की कमी का लक्षण हो सकता है।
- खाना खाने में रुचि कम होना या बिल्कुल भूख न लगना।
- हाथ-पैरों में सुन्नता या कमजोरी महसूस होना।
- हृदय गति अनियमित या तेज होना।
- बच्चा अचानक घबरा जाए, या बातें समझ न पाए।
- गंभीर स्थिति में बच्चा ठीक से चल नहीं पाता, सांस फूलती है और हृदय संबंधी समस्याएं हो जाती हैं।
इसे भी पढ़ें- शरीर में विटामिन बी1 की कमी होने पर होती हैं पेट से जुड़ी ये समस्याएं, डॉक्टर से जानें
बच्चों में विटामिन-बी1 की कमी के कारण- Causes of Vitamin B1 Deficiency in Kids
- विटामिन-बी1 की कमी के मुख्य कारणों में पोषण की कमी सबसे मुख्य है। अगर बच्चा लगातार फास्ट फूड, जंक फूड या ज्यादा पॉलिश्ड चावल खा रहा है, तो थायमिन की कमी पूरी नहीं हो पाती है।
- कुछ बच्चों में पाचन संबंधी रोग जैसे क्रॉनिक डायरिया, सीलिएक डिजीज या पाचन एंजाइम की कमी भी इसका कारण बन सकती है।
- इसके अलावा, अगर बच्चा लंबे समय तक एंटीबायोटिक दवाएं ले रहा हो या बार-बार उल्टी और दस्त की समस्या से पीड़ित हो, तो शरीर में थायमिन का लेवल घट सकता है।
बच्चों को विटामिन-बी1 की कमी से बचाने के उपाय- How to Prevent Vitamin B1 Deficiency in Kids
- साबुत अनाज (Whole grains) जैसे ब्राउन राइस, गेहूं, बाजरा, जौ वगैरह ये थायमिन के अच्छा स्रोत हैं। इन्हें बच्चों की डाइट में शामिल करें।
- जंक फूड और डिब्बाबंद चीजों में पोषण कम और कैलोरीज ज्यादा होती हैं। ये शरीर से थायमिन जैसे विटामिन की कमी को और बढ़ा सकते हैं इसलिए बच्चों को इन्हें देने से बचें।
- अगर बच्चा बार-बार बीमार हो रहा है, खासकर उल्टी, दस्त या वजन कम होने की समस्या है, तो यह पोषण की कमी का संकेत हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर से सलाह लें।
- कुछ बच्चों को अतिरिक्त थायमिन की जरूरत पड़ सकती है जैसे प्रीमेच्योर बेबी, क्रॉनिक डायरिया या इंफेक्शन से जूझ रहे बच्चों को डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट्स दें।
- दालें और बीन्स जैसे मूंग, मसूर, राजमा, छोले आदि को बच्चों की डाइट में शामिल करें। इनमें न केवल थायमिन होता है बल्कि ये प्रोटीन से भी भरपूर होते हैं।
विटामिन-बी1 की कमी को शुरुआत में पहचान कर रोका जा सकता है। माता-पिता को अपने बच्चों के आहार पर ध्यान देना चाहिए और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
FAQ
विटामिन B1 की कमी में क्या खाना चाहिए?
विटामिन B1 की कमी होने पर साबुत अनाज, दालें, मूंगफली, सूरजमुखी के बीज, हरी पत्तेदार सब्जियां, अंडे वगैरह का सेवन फायदेमंद होता है।विटामिन B1 की कमी से कौन सी बीमारी हो सकती है?
इसकी कमी से बेरी-बेरी बीमारी होती है, जो नसों, हृदय और मांसपेशियों को प्रभावित करती है। इस बीमारी में तंत्रिका और हृदय संबंधी लक्षण देखने को मिलते हैं।विटामिन B1 का सबसे बड़ा स्रोत कौन सा है?
साबुत अनाज जैसे ब्राउन राइस, बाजरा और गेहूं विटामिन B1 के सबसे बड़े प्राकृतिक स्रोत हैं। इसके अलावा सूरजमुखी के बीज और सूखे मेवे भी अच्छे स्रोत माने जाते हैं।क्या दूध विटामिन बी1 के लिए अच्छा है?
हां, दूध में थोड़ी मात्रा में विटामिन B1 मौजूद होता है। यह बच्चों और बड़ों के लिए सपोर्टिव स्रोत माना जा सकता है, लेकिन इसकी कमी पूरी करने के लिए अन्य स्रोत भी जरूरी हैं।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version
Oct 20, 2025 19:30 IST
Published By : Yashaswi Mathur