How to Avoid Dengue at Home: देश के लगभग सभी राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। बारिश के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों का भी खतरा बढ़ने लगता है। इसमें डेंगू सबसे आम है। वैसे तो डेंगू एक सामान्य बुखार है। लेकिन जब शरीर में प्लेटलेट्स गिरते हैं, तो डेंगू की स्थिति गंभीर हो जाती है। ऐसे में खुद को सेफ रखने के लिए डेंगू के मच्छर से बचना बहुत जरूरी होता है।
दरअसल, डेंगू एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलता है। मच्छर के काटने के कुछ दिनों बार बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द जैसे लक्षण नजर आने लगते हैं। साथ ही उल्टी, मतली और आंखों के पीछे दर्द भी महसूस हो सकता है। लेकिन डेंगू मच्छर से हमेशा खुद को बचाकर ही रखना चाहिए। आप डेंगू मच्छर से बचने के लिए कई उपाय आजमा सकते हैं। चलिए मसीना हॉस्पिटल, मुंबई के ट्रापिकल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सानिया वसीन शेख से जानते हैं डेंगू मच्छर से कैसे बच सकते हैं।
डेंगू से बचाव के उपाय- dengue machar se bachne ke upay (How to Prevent from Dengue in Hindi)
मच्छर पैदा न होने दें
डेंगू मच्छर हमेशा रुके हुए पानी, प्लास्टिक कवर और फ्लावर पॉट्स में रहते हैं। ऐसे में आपको इन जगहों की समय-समय पर सफाई करते रहना चाहिए। इससे डेंगू को रोकने में मदद मिल सकती है।
खिड़कियां और दरवाजें बंद रखें
मानसून में अपने घर की खिड़कियां और दरवाजें अच्छे से बंद रखने चाहिए। इससे घर में मच्छरों के आने की संभावना काफी कम हो जाती है। मच्छर सुबह और शाम के समय अधिक एक्टिव हो जाते हैं, ऐसे में इस दौरान अपनी खिड़कियों और दरवाजों को पूरी तरह से बंद रखें।
इसे भी पढ़ें- क्या डेंगू दोबारा हो सकता है?
मच्छर भगाने वाली दवाइयां
खिड़कियां और दरवाजें बंद रखने के बावजूद भी मच्छर घर में आ ही जाते हैं। ऐसे में आप मच्छरों को भगाने वाली दवाइयों का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा आप अपने शरीर पर मच्छर भगाने वाली क्रीम भी लगा सकते हैं। मच्छर पैच, मच्छर बैंड और मच्छर वाइप्स के इस्तेमाल करने से डेंगू से बचा जा सकता है।
फुल स्लीव्स के कपड़े पहनें
मच्छर ओपन स्किन पर काटते हैं। ऐसे में डेंगू से बचने के लिए आपको फुल स्लीव्स के कपड़े पहनने चाहिए। इसके साथ ही आपको शॉर्ट्स ड्रेसेज आदि पहनने से भी बचना चाहिए। ताकि मच्छर त्वचा के संपर्क में आने से बचें।
मच्छरदानी के अंदर सोएं
मच्छरों से बचने के लिए आप मच्छरदानी का उपयोग कर सकते हैं। मच्छरदानी के अंदर सोने से आप डेंगू मच्छरों से अपना बचाव कर सकते हैं। मच्छरदानी में सोने से मच्छरों से सुरक्षा मिल सकती है। खासकर मानसून में बच्चों को मच्छरदानी में ही सुलाना चाहिए।
वेंटिलेशन रखें
स्वस्थ रहने के लिए घर में सही वेंटिलेशन का होना बहुत जरूरी होता है। इसके लिए आप घर में हवादार और रोशनी में आने दें। इस दौरान आप खिड़कियों को बंद रखें, लेकिन पर्दे हटाकर रखें। इससे मच्छर अंदर नहीं आएंगे, लेकिन रोशनी पूरी मिलेगी। वेंटिलेशन रखने से आप दूसरी समस्याओं से भी बच सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- डेंगू बुखार होने पर नजरअंदाज न करें ये 6 लक्षण, बढ़ सकती है परेशानी
इम्यूनिटी बढ़ाएं
डेंगू से बचने के लिए आपकी इम्यूनिटी का मजबूत होना भी बहुत जरूरी है। क्योंकि डेंगू सिर्फ घर से नहीं फैलता है। डेंगू मच्छर आपको कहीं भी काट सकता है। ऐसे में मजबूत इम्यूनिटी ही डेंगू मच्छर से बचा सकता है। इसके लिए आप खुद को हाइड्रेट रखें। पर्याप्त पानी, नारियल पानी और नींबू पानी आदि पिएं। साथ ही फलों और सब्जियों को भी अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं।
आप भी इन तरीकों से डेंगू से अपना बचाव कर सकते हैं। डेंगू से बचने के लिए घर को साफ रखें, पूरे कपड़े पहनें और हेल्दी डाइट लें। अगर आपको डेंगू का कोई भी लक्षण नजर आता है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी होता है।
डेंगू से बचाव की अधिक जानकारी के लिया यह क्लिक करे:
डेंगू बुखार के लक्षण | डेंगू बुखार के टिप्स | डेंगू बुखार में आहार | डेंगू बुखार के घरेलू उपचार | डेंगू बुखार से बचाव | डेंगू बुखार की जटिलता