Warning Signs of Dengue Fever in Hindi: बरसात आने के साथ ही डेंगू के मामलों में भी इजाफा होने लगता है। डेंगू का वायरस संक्रमित एडीज इजिप्टी मच्छर के काटने से लोगों में फैलता है। मच्छर के काटने के बाद व्यक्ति में 4 से 10 दिनों के अंदर लक्षण दिखने शुरू हो जाते हैं। बुखार डेंगू का सबसे आम लक्षण होता है। इसके अलावा सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना और आंखों के पीछे दर्द होना भी डेंगू के लक्षण होते हैं। ये लक्षण सही इलाज और डाइट से कुछ दिनों में घर पर ही आसानी से ठीक हो सकते हैं। लेकिन कुछ लोगों में डेंगू के गंभीर लक्षण भी नजर आते हैं, जिसमें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ सकती है।
डेंगू के गंभीर लक्षण (Warning Signs of Dengue Fever)
डेंगू के बाद अधिकांश लोग एक या दो सप्ताह के भीतर ठीक हो जाते हैं। कुछ मामलों में लक्षण खराब हो जाते हैं, जो जीवन के लिए खतरा बन सकते हैं। डेंगू गंभीर तब होता है, जब आपकी रक्त वाहिकाएं क्षतिग्रस्त और लीक हो जाती हैं। आपके रक्तप्रवाह में थक्का बनाने वाली कोशिकाओं (प्लेटलेट्स) की संख्या कम हो जाती है। इससे व्यक्ति को आंतरिक रक्तस्त्राव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। अगर आपको डेंगू होने पर ये 6 लक्षण नजर आएं, तो इन्हें बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें।
टॉप स्टोरीज़
1. तेज पेट दर्द
डेंगू के संपर्क में आने के बाद व्यक्ति को सिरदर्द, शरीर में दर्द का एहसास हो सकता है। लेकिन अगर आपको पेट में तेज दर्द होने लगे, तो इस लक्षण को नजरअंदाज न करें। यह डेंगू के गंभीर रूप का संकेत हो सकता है। पेट में दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें- डेंगू में फायदेमंद हो सकता है गिलोय, जानें सेवन के तरीके
2. लगातार उल्टी होना
अगर पेट दर्द के साथ ही आपको लगातार उल्टी भी हो रही है, तो भी यह डेंगू के गंभीर होना का संकेत हो सकता है। अगर आपको कुछ घंटो या दिन तक बार-बार उल्टी हो रही है, तो इस स्थिति में पूरी देखभाल और इलाज की जरूरत पड़ती है।
3. नाक से खून बहना
मसूड़ों और नाक से खून बहना डेंगू मरीज के लिए गंभीर संकेत हो सकता है। अगर आपके लगातार नाक से खून बह रहा है, तो इस स्थिति में आपको अस्पताल जाना जरूरी होता है। कई लोगों को पेशाब, मल या उल्टी में भी खून निकल सकता है। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है, सिर्फ समय पर इलाज शुरू करवाना जरूरी होता है।
4. सांस लेने में कठिनाई
अगर आपको बुखार के साथ ही सांस लेने में भी कठिनाई हो रही है, तो यह डेंगू का गंभीर संकेत हो सकता है। सीने में दर्द, छाती में जलन और सांस लेने में कठिनाई होने पर डॉक्टर से मिलना जरूरी है।
5. सुस्ती और बेचैनी
अगर व्यक्ति पूरे दिन सुस्ती या आलस में रहता है और उसे बेचैनी महसूस हो रही है, तो यह भी डेंगू का एक गंभीर लक्षण हो सकता है। हमेशा बेचैनी, घबराहट और हार्ट बीट तेज रहना स्थिति के गंभीर होने का संकेत होता है। इस दौरान आपको चिड़चिड़ापन भी महसूस हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- डेंगू के लक्षण महसूस होने पर अपनाएं ये 4 आयुर्वेदिक उपाय, मिलेगी राहत
6. प्लेटलेट्स में तेजी से कमी
डेंगू के मरीजों में प्लेटलेट्स में कमी देखने को मिलती ही है। लेकिन अगर प्लेटलेट्स में अचानक तेजी से कमी हो, तो इस स्थिति को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। यह स्थिति गंभीर हो सकती है और कई बार जानलेवा हो सकती है।
Dengue Warning Signs: अगर आपको भी बुखार के साथ ही ये गंभीर लक्षण नजर आए, तो इन्हें बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। ये डेंगू के गंभीर होने का संकेत देते हैं, जो जानलेवा भी हो सकते हैं। उल्टी, रक्तस्त्राव और पेट में दर्द होने पर आपको तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए।