जिंक की कमी के लक्षण: हेल्दी रहने के लिए एक बैलेंस डाइट बेहद जरूरी है जिसमें कि सारे न्यूट्रिएंट्स, विटामिन और तमाम जरूरी खनिज या कहें कि माइक्रोन्यूट्रिएंट्स हों। दरअसल, हर खनिज शरीर के लिए अलग तरीके से काम करता है और इसके कई अंगों के काम काज अपनी भूमिका निभाता है। जैसे कि जिंक। जिंक की कमी (zinc deficiency in hindi) से इम्यून सिस्टम कमजोर हो सकता है और यहां तक कि आपको स्किन की भी कई समस्याएं परेशान कर सकती हैं। लेकिन, क्या इस कमी को आपके नाखूनों द्वारा पहचाना जा सकता है। इसी बारे में जानने के लिए हमने विस्तार से बात की Suparna Mukherjee, Clinical Nutrition & Dietetics, Narayana Health City, Bengaluru से जिन्होंने पहले बताया कि क्या जिंक की कमी गंभीर है? फिर जानेंगे नाखून देखकर हम इसकी कमी की पहचान कैसे कर सकते हैं।
क्या जिंक की कमी गंभीर है-Is Zinc deficiency is serious?
Suparna Mukherjee बताती हैं कि हां, जिंक की कमी गंभीर हो सकती है, खासकर अगर यह लंबे समय तक बनी रहे और गंभीर हो। जिंक एक आवश्यक खनिज है जो कई शारीरिक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है, जिसमें प्रतिरक्षा प्रणाली का कार्य, घाव भरना, विकास और वृद्धि, स्वाद और गंध की अनुभूति और प्रोटीन संश्लेषण शामिल हैं। जबकि कुछ लोगों जन्मजात जिंक की कमी हो सकती है जो दुर्लभ बीमारी है। हालांकि अक्सर हल्के, जिंक की कमी के लक्षण कई अंग प्रणालियों को प्रभावित कर सकते हैं और इसलिए इन्हें पहचाना जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: 30 की उम्र के बाद महिलाओं को जिंक क्यों लेना चाहिए? जानें इसके फायदे
जिंक की कमी वाले नाखून कैसे दिखते हैं-Nakhun me zinc ki kami ke lakshan in Hindi
जिंक की कमी से नाखूनों में कई विशिष्ट परिवर्तन हो सकते हैं, जिन्हें अक्सर नेल डिस्ट्रोफी (nail dystrophy) कहा जाता है। इसमें आपको अपने नाखून पर कई लक्षण देखने को मिल सकते हैं। जैसे कि
-सफेद धब्बे (Leukonychia): ये नाखूनों पर छोटे, बिखरे हुए सफेद धब्बे होते हैं। ध्यान से अपने नाखूनों को देखकर चेक करें अगर नजर आ रहा है तो यह जिंक की कमी हो सकती है।
-ब्यू की रेखाएं (Beau's lines): ये क्षैतिज खांचे या गड्ढे होते हैं जो नाखूनों के आर-पार होते हैं। ये नाखून के विकास में व्यवधान का संकेत देते हैं जो कि जिंक की कमी की वजह से हो सकती है।
-भंगुर नाखून (Brittle nails): नाखून पतले, सूखे और आसानी से टूटने वाले हो सकते हैं, अक्सर चौड़ाई (onychoschizia) या लंबाई में (onychorrhexis or longitudinal ridging) फटे हुए नजर आ सकते हैं।
-सूजन वाले क्यूटिकल (Paronychia): इसमें आपको अपने नाखूनों के क्यूटिकल में सूजन महसूस हो सकता है। ये कई बार नाखून में होने वाले इंफेक्शन जैसा महसूस हो सकता है।
शरीर में जिंक की कमी से क्या होता है-Zinc ki kami se kya hota hai
जब शरीर में जिंक कमी होती है तो इसका पहला असर सीधेतौर पर आपकी इम्यूनिटी पर होता है। जिंक एक स्वस्थ प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए महत्वपूर्ण है। इसकी कमी से संक्रमण खासकर कि फेफड़ों और पेट से जुड़े इंफेक्शन के प्रति व्यक्ति की संवेदनशीलता बढ़ सकती है, और ये संक्रमण, बदले में, जिंक की कमी को और खराब कर सकते हैं। इससे होता यह है जब आप इस तरह के संक्रमण से गुजर रहे होते हैं तो शरीर जिंक की कमी से रिकवरी को स्लो कर देती है और आपकी बीमारी लंबी खींच सकती है। इसके अलावा भी जिंक की कमी से कई और समस्याएं हो सकती हैं जैसे कि
- - घाव भरने में देरी: जिंक घाव की मरम्मत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए इसकी कमी से उपचार में काफी देरी हो सकती है।
- -बच्चों की ग्रोथ रूक सकती है: बच्चों में, जिंक की कमी से विकास रुक सकता है और यौन परिपक्वता में देरी हो सकती है।
- -त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं: जिंक की कमी से त्वचा में एक्जिमा जैसे परिवर्तन हो सकते हैं। इसके अलावा चकत्ते, डर्मेटाइटिस और एक्रोडर्माटाइटिस एंटरोपैथिका जैसी एक गंभीर त्वचा की स्थिति का भी सामना करना पड़ सकता है।
- -भूख न लगना और वजन कम होना: जिंक की कमी से आपको कम भूख लग सकती है और अपने आप आपका वजन घट सकता है।
- -बालों का झड़ना: जिंक की कमी से बाल पतले हो सकते हैं या झड़ सकते हैं और कई बार तो एलोपेसिया की स्थिति आ सकती है।
- -स्वाद और गंध की कमी: जिंक इन इंद्रियों के लिए आवश्यक है, इसलिए इसकी कमी से आपको किसी भी चीज का स्वाद या खुशबू महसूस होना बंद हो सकता है।
- -गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं हो सकती हैं जिसमें दस्त एक आम लक्षण है, खासकर शिशुओं में जिंक की कमी इसकी वजह बन सकती है।
- -प्रजनन संबंधी समस्याएं: पुरुषों में, यह हाइपोगोनेडिज्म और शुक्राणु उत्पादन में कमी का कारण बन सकता है। इसलिए पुरुषों को जिंक की कमी से बचना चाहिए।
- -न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं: गंभीर मामलों में जिंक की कमी से ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई और मानसिक सुस्ती जैसी संज्ञानात्मक समस्याएं हो सकती हैं।
हालांकि हल्के जिंक की कमी का हमेशा ब्लड टेस्ट द्वारा पता नहीं लगाया जा सकता है, अगर लक्षण मौजूद हैं तो गहराई से जांच जरूरी है। ज्यादातर मामलों में, ओरल जिंक सप्लीमेंट्स प्रभावी रूप से जिंक के स्तर को बढ़ाती है और लक्षणों को कम करती है।
इसे भी पढ़ें: क्या इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन-सी और जिंक सप्लीमेंट्स लेना जरूरी है? जानें एक्सपर्ट से
अत्यधिक जिंक का सेवन भी नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए नाखून पर लक्षण नजर आने पर पहले डॉक्टर को दिखाएं फिर कोई दवा या सप्लीमेंट लेने के बारे में सोचें। बिना डॉक्टर की सलाह के कुछ न करें।
साथ ही यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि ये नाखून परिवर्तन अन्य स्वास्थ्य समस्याओं या पोषक तत्वों की कमी के कारण भी हो सकते हैं, इसलिए अगर आपको जिंक की कमी या किसी अन्य स्वास्थ्य संबंधी चिंता का संदेह है, तो उचित निदान के लिए हमेशा किसी डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।
FAQ
जिंक हमारे शरीर में क्या काम करता है?
जिंक शरीर के हड्डियों और टिशूज में जमा हो जाता है और फिर इन्हें मजबूत प्रदान करने के साथ कई बीमारियों से बचाता है। इसके अलावा यह इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी है।पुरुषों के लिए जिंक के क्या फायदे हैं?
जिंक पुरुषों में फर्टिलिटी बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी है। ये प्रजनन स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ रिप्रोडक्टिव अंगों के काम काज को सही रखने में मदद करता है।पुरुषों में जिंक की कमी के क्या लक्षण हैं?
पुरुषों में जिंक की कमी से बालों का झड़ना बढ़ सकता है और त्वचा की समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा घाव भरने में देरी और यौन स्वास्थ्य खराब हो सकता है।