Doctor Verified

क्या रोज केसर वाली चाय पी सकते हैं? आयुर्वेदाचार्य से जानें

Is It Good To Drink Saffron Tea Everyday: आजकल सोशल मीडिया और ट्रेंडिंग हेल्थ टिप्स के कारण लोग कई चीजों का सेवन बिना सही जानकारी के करने लगते हैं। क्या रोज केसर वाली चाय पी सकते हैं? 
  • SHARE
  • FOLLOW
क्या रोज केसर वाली चाय पी सकते हैं? आयुर्वेदाचार्य से जानें


आजकल सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियोज देखकर कई लोग कई चीजों का सेवन बिना सही जानकारी के करने लगते हैं। उन्हीं में से एक है केसर की चाय, जिसे कई लोग सिर्फ इस सोच से पीते हैं कि इससे उनका चेहरा निखरेगा और सेहत बेहतर होगी। हालांकि, आयुर्वेद में यह साफ बताया गया है कि किसी भी चीज का सेवन शरीर की प्रकृति (वात, पित्त, कफ) के अनुसार ही करना चाहिए, वरना इसके फायदे की जगह नुकसान भी हो सकते हैं। केसर एक कीमती और औषधीय गुणों से भरपूर जड़ी-बूटी है, जिसका इस्तेमाल प्राचीन काल से किया जाता रहा है। यह शरीर में गर्मी बढ़ाने, रक्त संचार सुधारने और तनाव को कम करने में सहायक होता है। लेकिन रोजाना केसर की चाय पीना सभी के लिए फायदेमंद नहीं हो सकता। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से जानिए, क्या रोज केसर वाली चाय पी सकते हैं?

क्या रोज केसर वाली चाय पी सकते हैं? - Is It Good To Drink Saffron Tea Everyday

केसरअपनी औषधीय गुणों के कारण प्राचीन समय से ही आयुर्वेद में अहम स्थान रखता है। इसे एक शक्तिशाली हर्ब माना जाता है, जो शरीर में गर्मी (उष्णता) बढ़ाने, रक्त संचार सुधारने और त्वचा को निखारने में मदद करता है। कई लोग इसे दूध, पानी या चाय में मिलाकर पीते हैं, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या रोजाना केसर की चाय पीना सुरक्षित है? इस पर आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा का कहना है कि इसके फायदे और नुकसान आपकी शरीर प्रकृति (पित्त, कफ, वात) और मौसम पर निर्भर करते हैं।

आयुर्वेद के अनुसार, केसर की तासीर गर्म होती है, जिसका अर्थ है कि यह शरीर में गर्मी पैदा करता है। अत्यधिक मात्रा में केसर का सेवन करने से पित्त दोष बढ़ सकता है, जिससे एसिडिटी, त्वचा पर चकत्ते, गर्मी बढ़ने की समस्या और अनिद्रा हो सकती है। इसलिए, ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखने के लिए केसर की चाय फायदेमंद हो सकती है। रोजाना 5-6 केसर के धागे डालकर चाय पी सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: क्या केसर से बढ़ता है टेस्टोस्टेरोन? आयुर्वेदाचार्य से जानें

लेकिन गर्मियों में इसका सेवन नहीं करना चाहिए। चूंकि केसर की तासीर गर्म होती है, इसलिए गर्मियों में इसे कम मात्रा में या बिलकुल नहीं पीना चाहिए। यदि पीना हो तो सिर्फ 2-3 धागे डालकर हल्की चाय बनाएं। ज्यादा मात्रा में लेने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है, जिससे डिहाइड्रेशन और पित्त से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।

Is It Good To Drink Saffron Tea

इसे भी पढ़ें: रोजाना कितना केसर लेना सुरक्षित है? आयुर्वेदाचार्य से जानें

किन लोगों को केसर की चाय नहीं पीनी चाहिए? - Who Should Not Drink Saffron Tea

1. पित्त दोष से ग्रस्त लोग

अगर आपकी शरीर प्रकृति पित्त प्रधान है, यानी आपको पहले से ही गर्मी ज्यादा महसूस होती है, तो ज्यादा केसर लेने से एसिडिटी, सीने में जलन और सिरदर्द की समस्या हो सकती है।

2. गर्भवती महिलाएं

गर्भावस्था के दौरान डॉक्टर की सलाह के बिना केसर का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए। सही मात्रा में सेवन करने से यह फायदेमंद हो सकता है, लेकिन अधिक सेवन से गर्भपात का खतरा हो सकता है।

3. हाई ब्लड प्रेशर के मरीज

केसर रक्त संचार को बढ़ाता है, इसलिए हाई ब्लड प्रेशर (High BP) वाले लोगों को इसका ज्यादा सेवन करने से बचना चाहिए।

4. छोटे बच्चों को अधिक मात्रा में न दें

बच्चों के लिए 1-2 केसर के धागे ही पर्याप्त होते हैं। इससे ज्यादा देने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है।

निष्कर्ष

आयुर्वेद के अनुसार, केसर की चाय सेहत के लिए फायदेमंद हो सकती है, लेकिन इसका सेवन मौसम और शरीर की प्रकृति के अनुसार करना चाहिए। सर्दियों में इसे रोजाना 5-7 धागे डालकर पी सकते हैं, लेकिन गर्मियों में केवल 2-3 धागे पर्याप्त हैं। अधिक मात्रा में लेने से पित्त दोष बढ़ सकता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। अगर आपको कोई स्वास्थ्य समस्या है, तो किसी आयुर्वेदिक डॉक्टर से सलाह लेकर ही केसर की चाय का सेवन करें।

All Images Credit- Freepik

Read Next

बालों के लिए काले तिल के फायदे और उपयोग, जानें आयुर्वेदाचार्य से

Disclaimer