नाश्ता दिन भर की डाइट को बैलेंस करने में मदद करता है और शरीर को कई फायदे पहुंचाता है। लेकिन नाश्ते में भी एक बात ध्यान देने वाली ये है कि आपका नाश्ता बैलेंस डाइट होना चाहिए। यानी कि इसमें कार्ब्स, फाइबर और प्रोटीन होना चाहिए। इसके लिए आप अपने नाश्ते में फल, सब्जियां और तरह-तरह की चीजों को शामिल कर सकते हैं। लेकिन आज हम आपको नाश्ते में मोटे अनाज खाने के फायदे के बारे में बताएंगे। जी हां, आप नाश्ते में मोटे अनाज के रूप में ज्वार, बाजरा, रागी, जौ और सामा को शामिल कर सकते हैं। साथ ही हम आपको ये भी बताएंगे कि आप मोटे अनाज को अपने नाश्ते में कैसे शामिल कर सकते हैं। तो, आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।
नाश्ते में मोटे अनाज कैसे शामिल करें-How to include whole grains in your breakfast?
1. ज्वार की रोटी
ज्वार की रोटी खाने में भले ही टेस्टी ना हो पर ये सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। दरअसल, ज्वार की रोटी में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है जो कि पेट को स्वस्थ रखता है। इसके अलावा इसमें प्रोटीन और विटामिन बी होता है जो कि शरीर को एनर्जी देने के साथ कई बीमारियों से बचाता है। इसके अलावा इसका पोटेशियम, फॉस्फोरस और कैल्शियम हड्डियों की सेहत के साथ दिल को भी स्वस्थ रखता है। इसके अलावा जिन लोगों को ग्लूटेन एलर्जी होती है उनके लिए भी ज्वार की रोटी फायदेमंद होती है।
इसे भी पढ़ें : अमरूद खाने से दूर होती हैं पेट से जुड़ी ये 4 समस्याएं, जानें कैसे करें सेवन?
2. बाजरे की खिचड़ी
बाजरे की खिचड़ी ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मददगार है। साथ ही ये डायबिटीज के मरीजों के लिए भी फायदेमंद है और उनमें ये शुगर बैलेंस करता है। साथ ही बाजरे की खिचड़ी में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है जो पेट को ठीक रखता है और कब्ज की समस्या को दूर करती है। साथ ही इसका कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाता है। इसके अलावा इसका प्रोटीन पेट को लंबे समय भरा रखता है और क्रेविंग को कम करता है।
3. रागी का हलवा
रागी का हलवा, सूजी के हलवे की तुलना में नाश्ते के लिए बहुत फायदेमंद है। रागी में आयरन की मात्रा ज्यादा होती है जो कि एनीमिया की बीमारी से बचाता है। इसके अलावा ये शरीर में हीमोग्लोबिन लेवल को भी बैलेंस करने में मदद करता है। साथ ही इससे मिलने वाला एमिनो एसिड हार्मोनल हेल्थ का सही रखता है और शरीर में क्रेविंग को रोकता है। साथ ही रागी का हलवा गैस नहीं बनाता और पेट को स्वस्थ रखता है। इसके अलावा ये शरीर में कोलेस्ट्रॉल कम करता है और दिल को स्वस्थ रखता है।
4. जौ का दलिया
जौ का दलिया पेट के लिए बहुत फायदेमंद होता है। ये पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और वजन कम करने में मददगार है। इसका हाई फाइबर कोलेस्ट्रोल कंट्रोल करने में भी मददगार है और ब्लड शुगर लेवल को भी नियंत्रित करता है। इसके अलावा जौ का विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट एनर्जी बूस्ट करता है और इम्यूनिटी बढ़ाता है। साथ ही जौ में कॉपर की भी अच्छी मात्रा होती हो जो कि गठिया को कम करने में भी मददगार है।
इसे भी पढ़ें : फूड स्टोर करते समय अक्सर ये 5 गलतियां करते हैं लोग, लंबे समय में सेहत पर पड़ता है बुरा असर
5. सामा का खीर
सामा का खीर फाइबर से भरपूर है जो कि पेट के लिए फायदेमंद है। ये कब्ज की समस्या को दूर करता है और पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है। सामा का खीर आपको दिन भर एनर्जेटिक रख सकता है और आपकी बाकी डाइट को बैलेंस करता है।
इस तरह आप इन पांच मोटे अनाजों को अपने नाश्ते में शामिल कर सकते हैं। आप इनसे कई प्रकार की चीजों को बना सकते हैं और खा सकते हैं। तो, फल और सब्जियों के अलावा आप इन फूड्स का भी सेवन कर सकते हैं।
all images credit: freepik