मोरिंगा जिसे सहजन भी कहा जाता है को सुपरफूड का दर्जा मिला है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इसमें कैल्शियम, आयरन, प्रोटीन, फाइबर के साथ कई तरह के विटामिन्स और कई एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं। यह इम्यूनिटी बढ़ाने, डिटॉक्स करने, पाचन सुधारने और एनर्जी लेवल को बढ़ाने में मदद करता है। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर मोरिंगा से जुड़े कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें इसे वजन घटाने, डायबिटीज कंट्रोल और बालों की ग्रोथ बढ़ाने का रामबाण उपाय बताया जाता है। लेकिन अफसोस की बात यह है कि इनमें से कई जानकारियां अधूरी या भ्रामक होती हैं। कुछ लोग बिना किसी एक्सपर्ट की सलाह के मोरिंगा पाउडर का ज्यादा सेवन करने लगते हैं, जिससे फायदे के बजाय नुकसान होने लगता है।
ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि मोरिंगा पाउडर का सेवन किस मात्रा में करना सुरक्षित है? आयुर्वेद इसके डोज को व्यक्ति की उम्र, प्रकृति और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार तय करता है। इस लेख में हम रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल, सिरसा के आयुर्वेदाचार्य श्रेय शर्मा (Ayurvedacharya Shrey Sharma of Ramhans Charitable Hospital, Sirsa) से जानेंगे कि एक सामान्य व्यक्ति को प्रतिदिन कितनी मात्रा में मोरिंगा पाउडर लेना चाहिए, इसके फायदे क्या हैं और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है?
1 दिन में कितना मोरिंगा पाउडर लेना चाहिए? - How Much Moringa Powder Per Day
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि सामान्यतौर पर मोरिंगा पाउडर की खुराक 2 से 5 ग्राम प्रतिदिन होनी चाहिए। लेकिन मौसम के अनुसार इस डोज में बदलाव किया जाना जरूरी है। गर्मी या बरसात के मौसम में मोरिंगा पाउडर का सेवन कम करना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि मोरिंगा हल्का ऊष्ण (गर्म प्रकृति) होता है, इसलिए इस समय इसकी मात्रा 2 ग्राम प्रतिदिन (moringa powder dosage per day) से अधिक नहीं होनी चाहिए। ठंड के मौसम में शरीर की पाचन शक्ति सामान्यतौर पर अधिक होती है, इसलिए इस मौसम में मोरिंगा की खुराक 3-5 ग्राम प्रतिदिन ली जा सकती है।
इसे भी पढ़ें: दूध के साथ मोरिंगा पाउडर का सेवन करने से मिलते हैं ये 4 फायदे, डाइट में जरूर करें शामिल
मोरिंगा पाउडर लेने का सही तरीका - Moringa powder lene ka sahi tarika
- सुबह-सुबह गुनगुने पानी के साथ मोरिंगा पाउडर लेने से यह शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है।
- यदि इसका स्वाद कड़वा लगे तो इसे शहद या नींबू के रस के साथ लिया जा सकता है।
- इसे दाल, सब्जी, जूस या स्मूदी में मिलाकर भी सेवन किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: एक्ने कम करने में मददगार है मोरिंगा पाउडर, एक्सपर्ट से जानें इस्तेमाल का तरीका
मोरिंगा पाउडर के फायदे - What are the main benefits of moringa powder
- मोरिंगा में विटामिन C और एंटीऑक्सिडेंट्स भरपूर होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं।
- मोरिंगा पाउडर डायबिटीज के मरीजों के लिए लाभकारी हो सकता है। इसमें ऐसे तत्व होते हैं जो ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखते हैं।
- फाइबर से भरपूर होने के कारण मोरिंगा पाचन शक्ति बढ़ाता है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है।
- रोजाना मोरिंगा का सेवन शरीर को एनर्जी देने का काम करता है और थकावट दूर करता है।
- मोरिंगा में मौजूद कैल्शियम और फॉस्फोरस हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं।
सावधानियां
- गर्भवती महिलाएं बिना डॉक्टर की सलाह के मोरिंगा का सेवन न करें, क्योंकि यह गर्भाशय को उत्तेजित कर सकता है।
- जो लोग पहले से कोई दवा ले रहे हैं, उन्हें मोरिंगा शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
- डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं, सावन या गर्मियों में अधिक मात्रा लेने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है, जिससे पित्त विकार, जलन या घबराहट हो सकती है।
निष्कर्ष
मोरिंगा पाउडर एक बेहतरीन नेचुरल सप्लीमेंट है जो शरीर को पोषण देने के साथ-साथ कई रोगों से बचाव भी करता है। लेकिन इसकी सही मात्रा, मौसम और व्यक्ति की शारीरिक प्रकृति के अनुसार ही लेनी चाहिए। आयुर्वेद के अनुसार सावधानीपूर्वक और संतुलित मात्रा में लिया गया मोरिंगा पाउडर संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए वरदान साबित हो सकता है।
All Images Credit- Freepik
FAQ
क्या मोरिंगा पाउडर रोज लिया जा सकता है?
हां, मोरिंगा पाउडर को नियमित तौर पर लिया जा सकता है, बशर्ते कि उसकी मात्रा नियंत्रित हो। 2-3 महीने के अंतराल पर 1-2 हफ्ते का ब्रेक लेना अच्छा रहता है ताकि शरीर को उसकी आदत न पड़े और उसका प्रभाव स्थिर बना रहे।मोरिंगा पाउडर क्या है?
मोरिंगा पाउडर सहजन (Moringa Oleifera) के सूखे हुए पत्तों को पीसकर (moringa powder kaise banaye) बनाया जाता है। इसमें कैल्शियम, पोटैशियम, प्रोटीन, फाइबर और आयरन जैसे कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं। यह एक नेचुरल सुपरफूड है जो शरीर को भीतर से ताकत देता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है।मोरिंगा किसे नहीं लेना चाहिए?
मोरिंगा पाउडर अधिकतर लोगों के लिए सुरक्षित होता है, लेकिन कुछ स्थितियों में सावधानी जरूरी है। गर्भवती महिलाएं बिना डॉक्टर की सलाह के इसका सेवन न करें, इसके अलावा ब्लड प्रेशर या शुगर की दवा ले रहे लोग पहले अपने डॉक्टर से परामर्श लें।