Doctor Verified

सुबह ब्लड शुगर हाई क्यों होता है? डॉक्टर से जानें इसके लक्षण और कारण

खराब लाइफस्टाइल और खानपान के कारण बीते कुछ सालों में डायबिटीज के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। यहां जानिए, सुबह ब्लड शुगर हाई क्यों होता है और इसके क्या लक्षण होते हैं?
  • SHARE
  • FOLLOW
सुबह ब्लड शुगर हाई क्यों होता है? डॉक्टर से जानें इसके लक्षण और कारण


डायबिटीज आज के समय में सबसे तेजी से बढ़ती बीमारियों में से एक बन चुकी है। अगर समय रहते इसके लक्षणों को पहचाना और कंट्रोल नहीं किया गया, तो यह आंखों, किडनी, हार्ट और नसों को नुकसान पहुंचा सकती है। अच्छी बात यह है कि डायबिटीज को सही लाइफस्टाइल, संतुलित खानपान और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। डायबिटीज से पीड़ित लोगों में अक्सर यह देखने को मिलता है कि सुबह के समय यानी नींद से जागने के बाद उनका ब्लड शुगर लेवल सामान्य से ज्यादा होता है। यह स्थिति कई लोगों के लिए चिंता का विषय बन जाती है। इस लेख में नोएडा के मेट्रो अस्पताल के डॉ. अक्षय चुग (Dr. Akshay Chugh, Consultant - Internal Medicine, Metro Hospitals, Sector 11, Noida) से जानिए, सुबह के समय ब्लड शुगर लेवल हाई होने पर कौन से लक्षण दिखाई देते हैं?

सुबह ब्लड शुगर हाई होने के लक्षण - High Blood Sugar Symptoms In Morning

1. एनर्जी की कमी

अगर आप सुबह उठते ही बेहद थका हुआ महसूस करते हैं, जैसे आपने पूरी रात नींद ही नहीं ली, तो यह हाई ब्लड शुगर का संकेत हो सकता है। शरीर में अधिक शुगर होने पर कोशिकाएं एनर्जी नहीं बना पातीं, जिससे थकान होती है।

इसे भी पढ़ें: क्या तेज चलने वाले लोगों में डायबिटीज का खतरा कम होता है? जानें डॉक्टर से

2. सिरदर्द या भारीपन

सुबह उठते ही सिर भारी लगना, दर्द होना या माथे पर दबाव महसूस होना भी शुगर लेवल बढ़ने का लक्षण हो सकता है। यह शरीर में जलन और ब्लड सर्कुलेशन में असंतुलन के कारण होता है।

3. मुंह सूखना और प्यास लगना

हाई ब्लड शुगर से शरीर में पानी कम होने लगता है, जिससे डिहाइड्रेशन होता है। इसके कारण सुबह-सुबह मुंह सूख जाता है और बार-बार प्यास लगती है।

इसे भी पढ़ें: ब्लड शुगर कंट्रोल होने नहीं देंगी ये 5 गलतियां, डॉक्टर ने कहा- डायबिटीज के मरीज न दोहराएं

4. बार-बार पेशाब आना

अगर आपको सुबह उठने के तुरंत बाद ही पेशाब की तेज इच्छा होती है और यह बार-बार होता है, तो यह हाई शुगर का संकेत हो सकता है। शरीर अतिरिक्त ग्लूकोज को मूत्र के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करता है।

high blood sugar symptoms in morning

5. धुंधली दृष्टि या आंखों के सामने धुंध

ब्लड में ज्यादा शुगर का लेवल आंखों की छोटी रक्त वाहिकाओं यानी ब्लड वैसेल्स को प्रभावित कर सकता है। इससे दृष्टि धुंधली हो सकती है और आंखों में जलन या थकान महसूस हो सकती है।

6. मूड में बदलाव या चिड़चिड़ापन

हाई ब्लड शुगर मानसिक स्थिति को भी प्रभावित करता है। व्यक्ति को तनाव, चिड़चिड़ापन या एकाग्रता की कमी महसूस हो सकती है।

7. भूख का अधिक लगना या बिलकुल न लगना

कभी-कभी ब्लड शुगर हाई होने पर ज्यादा भूख लगती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि शरीर की कोशिकाएं ग्लूकोज का उपयोग नहीं कर पातीं। वहीं, कुछ लोगों में उल्टा असर भी होता है उन्हें भूख नहीं लगती।

खाली पेट शुगर को कैसे कंट्रोल करें? - How To Stop High Blood Sugar In The Morning

1. सोने से पहले और सुबह उठने के बाद ब्लड शुगर की जांच करें।
2. कम कार्बोहाइड्रेट वाला संतुलित भोजन लें।
3. डॉक्टर के अनुसार दवा या इंसुलिन लें और कोई डोज न छोड़ें।
4. योग और ध्यान का अभ्यास करें इससे हार्मोन संतुलित रहते हैं।
5. रोजाना कम से कम 7-8 घंटे की अच्छी नींद लें।

निष्कर्ष

सुबह ब्लड शुगर का अधिक होना एक गंभीर संकेत हो सकता है, खासकर डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए। अगर आप बार-बार ऊपर बताए गए लक्षण महसूस कर रहे हैं, तो तुरंत ब्लड शुगर की जांच कराएं और डॉक्टर से सलाह लें। सही समय पर पहचान और कंट्रोल से न केवल आपकी दिनचर्या बेहतर होगी, बल्कि कई समस्याओं से भी बचा जा सकता है।

All Images Credit- Freepik

Read Next

कौन-सी आदतें हैं जो वजन घटाने की प्रक्रिया को मुश्किल बना देती हैं? आइए एक्सपर्ट से जानें

Disclaimer