Does Sitting Too Long Affect Fertility: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी सेहत से ज्यादा काम को प्राथमिकता देने लगे हैं। खराब लाइफस्टाइल, अनियमित खानपान और घंटों तक एक ही जगह बैठकर ऑफिस में काम करने की आदत न केवल मोटापा, डायबिटीज और हार्ट डिजीज जैसी समस्याओं को जन्म दे रही है, बल्कि फर्टिलिटी (प्रजनन क्षमता) पर भी बुरा असर डाल रही है। खासकर, जो लोग रोजाना लंबे समय तक बैठकर काम करते हैं, उनमें हार्मोनल असंतुलन, ब्लड सर्कुलेशन की कमी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें देखने को मिल सकती हैं, जिससे गर्भधारण करने में मुश्किल हो सकती है। इस लेख में लखनऊ के मा-सी केयर क्लीनिक की आयुर्वेदिक डॉक्टर और स्तनपान सलाहकार डॉ. तनिमा सिंघल से जानिए, क्या लंबे समय तक बैठने से हो सकता है इनफर्टिलिटी का खतरा?
फर्टिलिटी पर घंटों एक जगह बैठकर काम करने का असर - Does Sitting Too Long Affect Fertility
रिसर्च के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति घंटों तक लगातार बैठकर काम करता है और फिजिकल एक्टिविटी को नजरअंदाज करता है, तो यह हार्मोनल असंतुलन, ब्लड सर्कुलेशन की कमी और शरीर के तापमान में बदलाव का कारण बन सकता है, जिससे फर्टिलिटी प्रभावित होती है। डॉक्टर तनिमा आपको विस्तार से बताएंगी कि ज्यादा देर तक बैठने से कैसे फर्टिलिटी पर असर पड़ता है और इससे बचाव के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या फैटी लिवर इंफर्टिलिटी का कारण बन सकता है? डॉक्टर से जानें इसके बारे में
1. पुरुषों की फर्टिलिटी पर असर
लंबे समय तक बैठे रहने से पुरुषों में स्पर्म क्वालिटी और प्रजनन क्षमता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। दरअसल जब कोई व्यक्ति ज्यादा देर तक बैठता है, तो उसके पेल्विक एरिया में ब्लड सर्कुलेशन कम हो सकता है। इससे टेस्टिकल्स का तापमान बढ़ जाता है, जो स्पर्म प्रोडक्शन को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा, लंबे समय तक बैठने से शरीर में टेस्टोस्टेरोन का लेवल घट सकता है, जिससे सेक्स ड्राइव और स्पर्म की क्वालिटी में गिरावट आ सकती है।
इसे भी पढ़ें: इस वजह से मां नहीं बन पाईं एक्ट्रेस अश्विनी कालसेकर, खुद शेयर की अपनी इंफर्टिलिटी की कहानी
2. महिलाओं की फर्टिलिटी पर असर
महिलाओं में भी लंबे समय तक बैठे रहने से कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं, खासकर उन महिलाओं के लिए जो आने वाले समय में फैमली प्लान कर रही हैं। ज्यादा देर तक बैठने से शरीर में हार्मोन का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं और ओवुलेशन की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। लंबे समय तक बैठे रहने और फिजिकल एक्टिविटी की कमी से महिलाओं में पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) होने की संभावना बढ़ जाती है, जो फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा जब महिलाएं ज्यादा देर तक बैठी रहती हैं, तो उनके प्रजनन अंगों में ब्लड फ्लो कम हो सकता है, जिससे अंडाणु बनने की प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है।
फर्टिलिटी बढ़ाने के लिए क्या करें? - How To Boost Fertility
अगर आपकी नौकरी या लाइफस्टाइल ऐसी है कि आपको ज्यादा देर तक बैठना पड़ता है, तो आपको अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव करने की जरूरत है।
- लंबे समय तक एक जगह बैठने से बचने के लिए हर 30-40 मिनट में खड़े होकर थोड़ा चलें या स्ट्रेचिंग करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होगा और शरीर को एक्टिव बनाए रखने में मदद मिलेगी।
- रोजाना कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज करें, जैसे कि वॉकिंग, योगा, साइक्लिंग या रनिंग। इससे शरीर का मेटाबॉलिज्म ठीक रहेगा और फर्टिलिटी पर पॉजिटिव असर पड़ेगा।
- फर्टिलिटी को बनाए रखने के लिए हेल्दी डाइट लेना जरूरी है। फाइबर युक्त भोजन, हरी सब्जियां, फल, नट्स और हेल्दी फैट्स का सेवन करें। प्रोसेस्ड फूड, जंक फूड और शुगर से बचें।
- शरीर में पानी की कमी से ब्लड फ्लो कम हो सकता है, जिससे फर्टिलिटी पर असर पड़ सकता है, ऐसे में हाइड्रेटेड रहें।
- तनाव भी फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकता है। ज्यादा तनाव लेने से शरीर में कोर्टिसोल हॉर्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जो प्रजनन हॉर्मोन्स के संतुलन को बिगाड़ सकता है। ध्यान, संगीत सुनना और अच्छी नींद लेना तनाव को कम करने में मदद कर सकता है।
निष्कर्ष
अगर आप ज्यादा देर तक लगातार बैठकर काम करते हैं, तो यह न केवल आपकी सेहत बल्कि आपकी फर्टिलिटी पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। पुरुषों में स्पर्म क्वालिटी घट सकती है, जबकि महिलाओं में पीसीओएस, हॉर्मोनल असंतुलन और अनियमित पीरियड्स जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
All Images Credit- Freepik