समय के साथ लोगों के काम करने के तरीकों में कई तरह के बदलाव आएं हैं। आज ज्यादातर काम कंप्यूटर और मशीनों की मदद से किए जाते हैं। घंटों कंप्यूटर के आगे बैठने से शारीरिक गतिविधियों में कमी आने लगती है। शारीरिक गतिविधियों में कमी आने के कारण लोगों को कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। वहीं, डॉक्टरों का कहना है कि कंप्यूटर पर घंटों काम करते समय लोगों को थोड़े-थोड़े समय के बाद ब्रेक लेना चाहिए। लंबे समय तक डेस्क जॉब करने के कारण लोगों को पीठ, आंखों और तनाव आदि समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। यदि, समय रहते इन समस्याओं से बचने का प्रयास न किया जाए तो यह गंभीर समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इस लेख में यशोदा अस्पताल के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉक्टर एस पी सिंह से जानते हैं कि डेस्क जॉब्स से किस तरह की समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है।
कंप्यूटर पर घंटों काम करने से हो सकती हैं ये 5 समस्याएं - Prolonged Desk Jobs Can Lead To These Health Problems In Hindi
आंखों पर दबाव पड़ना
लंबे समय तक कंप्यूटर पर बैठकर काम करने से लोगों की आंखों पर दबाव उत्पन्न होता है। इससे लोगों को धुंधला दिखाई देना और कंप्यूटर विजन सिंड्रोम की समस्या हो सकती है। इसमें आंखों पर तनाव, आंखों में सूखापन, आंखों में रोशनी की चमक दिखाई देना आदि लक्षण दिखाई देते हैं।
मोटपा
लंबे समय तक बैठे रहने से शारीरिक गतिविधियों में कमी आ जाती है। ऐसे में कैलोरी बर्न नहीं हो पाती है। इससे वजन बढ़ने के साथ-साथ लोगों को डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है।
रेपिटेटिव स्ट्रेस इंजरी
रेपिटेटिव स्ट्रेस इंजरी के अंगों द्वारा एक ही काम को बार-बार करने से हो सकती है। यह समस्या खासतौर पर कलाइयों और हाथों पर होने की संभावना हो सकती है। यह कार्पल टनल सिंड्रोम जैसी स्थितियों का कारण बन सकती है। इससे बचने के लिए आप हल्का कीबोर्ड इस्तेमाल करें। साथ ही, टाइप करते समय कलाइयोंं पर जोर न दें।
मेंटल हेल्थ पर प्रभाव पड़ना
लगातार स्क्रीन पर काम करना और सोशल इंटरैक्शन की कमी डिप्रेशन और चिंता का कारण बन सकती है। इसके अलावा, काम का तनाव भी मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है।
मांसपेशियों में खिंचाव और दर्द
लगातार एक ही पोजीशन में बैठने से व्यक्ति के गर्दन, कंधों और पीठ में दर्द हो सकता है। साथ ही, गलत पॉश्चर और एक्सरसाइज न करने की वजह से रीढ़ की हड्डी से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
कंप्यूटर पर लंबे समय तक काम करने से होने वाली समस्याओं से कैसे बचें? - Prevention Tips Of Health Issues Prolonged Sitting Jobs In Hindi
- हर घंटे के बाद करीब 5 से 10 मिनट का ब्रेक लें।
- साथ ही दो से तीन घंटों के बाद सीट से उठकर कुछ समय के लिए टहलें।
- गर्दन, पीठ और पैरों के लिए नियमित रूप से स्ट्रेचिंग करें।
- लंबे समय तक बैठकर काम करते समय पॉश्चर को सही रखें।
इसे भी पढ़ें: लंबे समय तक एक जगह बैठने वाला है आपका काम तो रोज करें ये 5 एक्सरसाइज, बीमारियों से होगा बचाव
डेस्क जॉब्स में व्यक्ति को कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। कंप्यूटर के आगे घंटों बैठने से रीढ़ की हड्डी और हाथों के जोड़ों में दर्द की समस्या हो सकती है। इस दौरान लाइफस्टाइल और डाइट में बदलाव करने से कई तरह की समस्याओं से बचा जा सकता है।