28 वर्षीय नीता एक कॉर्पोरेट प्रोफेशनल हैं और सुबह जल्दी काम पर निकल जाती हैं। बीते कुछ हफ्तों से नीता ने महसूस किया कि रोज सुबह नहाने के तुरंत बाद चक्कर आने और थकान महसूस होने लगती है। जांच में पता चला कि नीता को (लो ब्लड प्रेशर और डिहाइड्रेशन की समस्या है। डॉक्टर ने उन्हें नहाने से पहले हल्का स्नैक लेने, गुनगुने पानी का इस्तेमाल करने और दिनभर पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी। उमस भरे मौसम में नहाने से सुकून मिलता है। लेकिन कुछ लोगों को नहाने के बाद कमजोरी या चक्कर आने जैसे लक्षण महसूस होते हैं। मेरी दादी को भी यह समस्या थी। उन्हें अक्सर नहाने के बाद कमजोरी, थकान या चक्कर आने जैसे लक्षण महसूस होते हैं। हमने कई बार डॉक्टर को दिखाया पर वो भी इसका सटीक कारण नहीं बता पाए क्योंकि दादी की मेडिकल रिपोर्ट बिल्कुल नॉर्मल थी।
गर्मियों में ठंडे पानी से नहाना या मानसून में देर तक शॉवर लेना आरामदायक जरूर लगता है, लेकिन कई लोग नहाने के बाद अचानक कमजोरी या चक्कर आने जैसा एहसास होता है। यह समस्या अक्सर नजरअंदाज कर दी जाती है, जबकि इसके पीछे शरीर के अंदर चल रही कुछ अहम प्रक्रियाएं छुपी होती हैं। डॉक्टर्स का मानना है कि यह स्थिति ब्लड प्रेशर में बदलाव, डिहाइड्रेशन या मेटाबॉलिज्म शिफ्ट की वजह से हो सकती है। खासकर सुबह खाली पेट या बहुत गर्म या ठंडे पानी से नहाने पर यह परेशानी बढ़ जाती है। इस लेख में जानें कि नहाने के बाद कमजोरी और चक्कर आने के पीछे क्या कारण हो सकते हैं। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. ब्लड प्रेशर का अचानक गिरना- Drop in Blood Pressure After Bath
नहाने के दौरान या बाद में शरीर को अचानक गर्म या ठंडे तापमान से एक्सपोज करने पर ब्लड वेसल्स फैलते या सिकुड़ते हैं। इससे ब्लड प्रेशर अचानक गिर सकता है, जिससे चक्कर और कमजोरी महसूस हो सकती है। यह खासतौर पर उन लोगों में होता है जिन्हें पहले से लो बीपी की समस्या रहती है।
इसे भी पढ़ें- शवयात्रा से लौटकर न नहाने से नकारात्मक ऊर्जा घर आती है? जानें ये अंधविश्वास है या इसके पीछे कोई साइंस है
2. खाली पेट नहाना- Bathing on an Empty Stomach
अगर आप सुबह उठते ही बिना कुछ खाए नहा लेते हैं, तो शरीर में ग्लूकोज की कमी के कारण कमजोरी हो सकती है। शरीर को एनर्जी न मिलने पर मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और दिमाग तक पर्याप्त ब्लड सप्लाई नहीं पहुंचती, जिससे चक्कर जैसा महसूस हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- अंधविश्वास या साइंस: क्या बुखार में नहाने से सच में शरीर का तापमान और बढ़ जाता है? जानें क्या कहता है साइंस
3. बहुत गर्म या बहुत ठंडे पानी से नहाना- Very Hot or Cold Water Shower
बहुत गर्म पानी से नहाने पर शरीर का तापमान बढ़ जाता है और ब्लड वेसल्स फैल जाते हैं। वहीं बहुत ठंडे पानी से नहाने पर शरीर को शॉक लगता है। दोनों ही स्थितियां ब्लड सर्कुलेशन को प्रभावित करती हैं और दिमाग तक ऑक्सीजन पहुंचाने में रुकावट आ सकती है, जिससे चक्कर आ सकते हैं।
4. शरीर में पानी की कमी होना- Dehydration in the Body
अगर आप दिनभर कम पानी पीते हैं और नहाने से पहले भी हाइड्रेट नहीं हैं, तो यह चक्कर की एक बड़ी वजह बन सकती है। नहाने से शरीर को और फ्लूइड की जरूरत होती है और पानी की कमी से कमजोरी महसूस हो सकती है।
5. स्नान करते समय ज्यादा देर तक खड़े रहना- Standing Too Long During Shower
लंबे समय तक शॉवर के नीचे खड़े रहने से शरीर में खून पैरों की ओर जमा हो सकता है जिससे दिमाग में ब्लड फ्लो कम हो जाता है। इसका असर सिर में भारीपन, थकान और चक्कर की शक्ल में नजर आता है।
6. अन्य मेडिकल कारण- Other Medical Conditions
अगर यह समस्या बार-बार हो रही है, तो इसके पीछे अनियमित हार्ट रेट, एनीमिया, थायरॉयड या न्यूरोलॉजिकल समस्या भी हो सकती है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से जांच जरूर करवाएं।
सावधानियां- Precautions
- नहाने से पहले थोड़ा हल्का भोजन करें या फल खाएं।
- बहुत ठंडे या गर्म पानी से न नहाएं, गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें।
- नहाने के बाद तुरंत झुकें या खड़े न हों, धीरे-धीरे शरीर को मूव करें।
- दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें।
- समस्या बनी रहे, तो डॉक्टर से जांच जरूर कराएं।
नहाने के बाद कमजोरी या चक्कर आने जैसी समस्या अगर बार-बार हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।