आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत का ख्याल रखना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है। बढ़ती व्यस्तता, अनियमित डेली रूटीन और देर रात तक जागने की आदत ने लोगों की सेहत पर गहरा असर डाला है। खासतौर पर शहरी वर्किंग कल्चर में यह आम हो गया है कि लोग देर से सोते हैं, देर से उठते हैं और सुबह की ताजगी और एक्सरसाइज को नजरअंदाज कर देते हैं। इसका सीधा असर शरीर की इम्यूनिटी, मानसिक स्वास्थ्य और एनर्जी लेवल पर पड़ता है। सेहतमंद रहने के लिए यह बेहद जरूरी है कि दिन की शुरुआत समय पर हो और उसमें कुछ समय फिजिकल एक्टिविटी के लिए भी निकाला जाए। इस लेख में उत्तम नगर में स्थित योग जंक्शन के योग थेरेपिस्ट प्रवीण गौतम से जानिए, सुबह-सुबह कौन सी फिजिकल एक्टिविटी करनी चाहिए?
सुबह की सबसे अच्छी फिजिकल एक्टिविटी कौन सी है? - What Is The Best Physical Activity To Do Early In The Morning
1. सूर्य नमस्कार
सूर्य नमस्कार का अभ्यास शरीर के लगभग हर हिस्से को एक्टिव कर देता है। सूर्य नमस्कार को सही से किया जाए तो यह न केवल शारीरिक लचीलापन बढ़ाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और एकाग्रता को भी बेहतर बनाता है। सुबह सूरज की पहली किरणों के साथ सूर्य नमस्कार करना शरीर को विटामिन D दिलाने में मदद करता है, जो हड्डियों की मजबूती और इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाता है। सूर्य नमस्कार करने से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, पाचन तंत्र एक्टिव होता है और वजन कंट्रोल रहता है। यह कार्डियोवस्कुलर सिस्टम को मजबूत करता है और स्ट्रेस को कम करता है। नियमित रूप से इसका अभ्यास करने वाले लोग ज्यादा एनर्जेटिक महसूस करते हैं।
इसे भी पढ़ें: पीरियड्स के दौरान न करें ये 5 तरह की फिजिकल एक्टिविटी, बढ़ सकती है समस्या
2. हल्के योगासन
अगर आप सुबह हैवी एक्सरसाइज नहीं करना चाहते, तो हल्के योगासन आपके लिए सबसे बेहतर विकल्प हैं। ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन और शशांकासन जैसे आसन शरीर को जगा देते हैं और धीरे-धीरे ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाते हैं। ये योगासन मांसपेशियों को स्ट्रेच करते हैं और पूरे शरीर को संतुलित रूप से एक्टिव करते हैं। हल्के योगासन मानसिक शांति और भावनात्मक स्थिरता को भी बढ़ावा देते हैं। नियमित रूप से सुबह इन आसनों का अभ्यास करने से नींद की क्वालिटी में सुधार होता है और दिनभर तरोताजा महसूस होता है।
इसे भी पढ़ें: सी-सेक्शन के बाद 40 दिनों तक न करें ये 5 फिजिकल एक्टिविटी, बढ़ सकती है परेशानी
3. मॉर्निंग वॉक
सुबह की सैर हर उम्र के व्यक्ति के लिए लाभकारी है। सुबह के समय वातावरण शुद्ध होता है, जिससे ताजगी और स्फूर्ति मिलती है। मॉर्निंग वॉक से ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहता है और शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह बढ़ता है। यह वजन घटाने में भी सहायक है और मेटाबॉलिज्म को तेज करता है। प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट की तेज चाल से की गई वॉक से मानसिक स्वास्थ्य भी सुधरता है।
4. ध्यान और प्राणायाम
शारीरिक स्वास्थ्य जितना जरूरी है, मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही आवश्यक है। सुबह का समय ध्यान और प्राणायाम के लिए सबसे अच्छा होता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि तब मन शांत और एकाग्र होता है। ध्यान (मेडिटेशन) से तनाव कम होता है, फोकस बढ़ता है और भावनात्मक स्थिरता मिलती है। वहीं प्राणायाम से फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है। अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति जैसे प्राणायाम मन को शांत रखने और शरीर में ऊर्जा के संचार के लिए बेहद लाभकारी हैं।
निष्कर्ष
हर व्यक्ति की शारीरिक क्षमता और दिनचर्या अलग होती है, लेकिन यहां बताई गई फिजिकल एक्टिविटी सूर्य नमस्कार, हल्के योगासन, मॉर्निंग वॉक और ध्यान-प्राणायाम को अपनी सुविधा और समय के अनुसार शामिल किया जा सकता है। इनका संयोजन आपको न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखेगा बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी सशक्त बनाएगा।
All Images Credit- Freepik