आज के समय में बदलती लाइफस्टाइल, खानपान की गलत आदतें, मानसिक तनाव और फिजिकल एक्टिविटी की कमी का सीधा असर पुरुषों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। काम का तनाव, देर रात तक जागना, जंक फूड का बढ़ता सेवन, शराब और धूम्रपान की लत, ये सभी कारण पुरुषों की शारीरिक और यौन क्षमता दोनों को प्रभावित कर रहे हैं। नतीजा यह है कि कम उम्र में ही थकावट, कमजोरी, तनाव, अनिद्रा और फर्टिलिटी से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में आयुर्वेद को अपनाना न केवल सुरक्षित बल्कि प्रभावशाली भी है।
आयुर्वेद में पुरुषों की सेहत को बेहतर बनाने के लिए कई ऐसे नेचुरल फूड्स और औषधीय जड़ी-बूटियों का उल्लेख मिलता है जो शरीर को अंदर से पोषण देकर उसकी कमजोरी को दूर करते हैं और टेस्टोस्टेरोन जैसे हार्मोन को संतुलित करते हैं। ये तत्व केवल यौन स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि मांसपेशियों की मजबूती, मानसिक शांति और इम्यूनिटी बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इस लेख में नोएडा के सेक्टर-12 में स्थित, अर्चित आयुर्वेदिक क्लिनिक के डॉ. अनंत त्रिपाठी से जानिए, पुरुषों की सेहत के लिए फायदेमंद आयुर्वेदिक फूड्स और हर्ब्स कौन सी हैं।
पुरुषों की सेहत के लिए फायदेमंद आयुर्वेदिक फूड्स और हर्ब्स - Best Ayurvedic Foods And Herbs For Men's Health
1. उड़द दाल
उड़द दाल आयुर्वेद में 'बल्य' यानी शरीर को बल देने वाली दाल मानी जाती है। यह प्रोटीन, आयरन, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और फाइबर से भरपूर होती है। विशेषकर पुरुषों के लिए यह बेहद फायदेमंद मानी जाती है। यह वीर्य की क्वालिटी और मात्रा बढ़ाने में मदद करती है, मांसपेशियों की मजबूती और स्टेमिना बढ़ाती है, यौन कमजोरी, शीघ्रपतन जैसी समस्याओं में लाभदायक है। इसके अलावा यह जोड़ों के दर्द और कमजोरी में राहत दे सकती है। दिन में 1 कटोरी उड़द दाल को सादा या घी के साथ खाना बहुत फायदेमंद होता है। सर्दियों में उड़द की दाल का हलवा या लड्डू बनाकर खाने से पुरुषों की ताकत बढ़ती है।
हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि जिन्हें एसिडिटी, पाचन की समस्या या गठिया की शिकायत हो, वे सीमित मात्रा में ही खाएं।
इसे भी पढ़ें: क्या हर किसी के लिए सुरक्षित है शिलाजीत? आयुर्वेदाचार्य से जानें
2. खजूर
खजूर यानी डेट्स एक ऐसा सुपरफूड है जो एनर्जी से भरपूर होता है और आयुर्वेद में इसे 'वीर्यवर्धक' और 'बल्य' बताया गया है। खजूर आयरन, पोटेशियम, फाइबर, मैग्नीशियम और विटामिन्स से भरपूर होता है। यह यौन दुर्बलता, कमजोरी और थकान को दूर करता है, शुक्राणुओं की संख्या और गतिशीलता बढ़ाता है, शरीर में इंस्टेंट एनर्जी देता है, थकावट और कमजोरी से लड़ता है। साथ ही एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होने के कारण इम्यूनिटी मजबूत करता है।
रोज सुबह खाली पेट 2-4 भीगे हुए खजूर खाएं। सर्दियों में गर्म दूध में खजूर उबालकर पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि डायबिटीज के मरीज सीमित मात्रा में लें, क्योंकि इसमें नेचुरल शुगर अधिक होती है।
इसे भी पढ़ें: तम्बाकू छोड़ना फर्टिलिटी को कैसे प्रभावित करता है? जानें डॉक्टर से
3. अश्वगंधा
अश्वगंधा आयुर्वेद की सबसे शक्तिशाली जड़ी-बूटियों में से एक है। यह पुरुषों की मानसिक, शारीरिक और यौन शक्ति बढ़ाने में कारगर है। यह टेस्टोस्टेरोन लेवल बढ़ाता है और फर्टिलिटी सुधारता है। यह तनाव, डिप्रेशन और एंग्जायटी को कम करता है, स्टेमिना और मसल्स स्ट्रेंथ बढ़ाता है, अनिद्रा और थकान की समस्या में राहत देता है। रिसर्च में भी यह साबित हुआ है कि अश्वगंधा पुरुषों के लिए लाभकारी होता है।
रात को सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में 1 चम्मच अश्वगंधा चूर्ण मिलाकर पिएं। कुछ दिनों में ही फर्क दिखने लगता है। बाजार में अश्वगंधा टैबलेट, कैप्सूल और पाउडर के रूप में भी उपलब्ध है। लेकिन ध्यान रखें कि हाई बीपी या थायराइड के मरीज डॉक्टर की सलाह से ही सेवन करें।
4. शिलाजीत
शिलाजीत हिमालय की चट्टानों से निकलने वाला एक मिनरल रिच पदार्थ है जिसे आयुर्वेद में 'रसायन' माना गया है। यह शरीर की ताकत और यौन क्षमता बढ़ाने के लिए बेहद उपयोगी है। यह टेस्टोस्टेरोन को नेचुरली बूस्ट करता है, यौन कमजोरी, इरेक्टाइल डिसफंक्शन और कम लिबिडो में असरदार है, थकावट, सुस्ती और तनाव को दूर करता है। इसके साथ ही इम्यूनिटी बढ़ाता है और शरीर को डिटॉक्स करता है। शिलाजीत पर हुई रिसर्च में भी यह साबित हुआ है कि यह पुरुषों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है।
1-2 चावल के दाने जितना शुद्ध शिलाजीत दूध या गुनगुने पानी के साथ लें। बाजार में शिलाजीत कैप्सूल और रेजिन दोनों फॉर्म में उपलब्ध है। 30-45 दिनों के नियमित उपयोग से प्रभाव दिखता है। जिन लोगों को हाई यूरिक एसिड, किडनी स्टोन या हार्ट की समस्या हो, वे डॉक्टर की सलाह से ही इसका सेवन करें।
निष्कर्ष
पुरुषों की सेहत और पॉवर को बनाए रखने के लिए सप्लीमेंट्स से ज्यादा भरोसेमंद और सुरक्षित विकल्प आयुर्वेद में मौजूद हैं। उड़द दाल, खजूर, अश्वगंधा और शिलाजीत जैसी प्राकृतिक चीजें न केवल शरीर को अंदर से मजबूत बनाती हैं, बल्कि मानसिक शांति और यौन स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाती हैं।
All Images Credit- Freepik
FAQ
मर्दाना कमजोरी के लिए क्या खाएं?
मर्दाना कमजोरी को दूर करने के लिए बैलेंस डाइट और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों का सेवन फायदेमंद होता है। अश्वगंधा, शिलाजीत, सफेद मूसली और कौंच बीज जैसी चीजें पुरुषों की ताकत बढ़ाने में सहायक होते हैं। इनके नियमित सेवन से शारीरिक और मानसिक एनर्जी में सुधार होता है। साथ ही, प्रोटीन युक्त दूध, अंडा, बादाम, अखरोट और हरी सब्जियां भी उपयोगी हैं। शराब, धूम्रपान और जंक फूड से बचना चाहिए। नियमित योग और एक्सरसाइज करने से भी मर्दाना कमजोरी में फायदा मिलता है। किसी भी सप्लीमेंट का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।पुरुषों में कमजोरी के क्या लक्षण हैं?
पुरुषों में कमजोरी के लक्षण शारीरिक, मानसिक और यौन स्वास्थ्य से जुड़े हो सकते हैं। लगातार थकान महसूस होना, शरीर में एनर्जी की कमी, मांसपेशियों में कमजोरी, फोकम में कमी और चिड़चिड़ापन आम संकेत हैं। यौन कमजोरी के लक्षणों में उत्तेजना की कमी, शीघ्रपतन, इरेक्टाइल डिसफंक्शन या यौन इच्छा में गिरावट शामिल हो सकते हैं। नींद की कमी, तनाव और डिप्रेशन भी इसके संकेत हो सकते हैं। बाल झड़ना, भूख न लगना और वजन घटना भी कमजोरी के संकेत हो सकते हैं।शिलाजीत के क्या फायदे हैं?
शिलाजीत एक शक्तिशाली आयुर्वेदिक औषधि है जो हिमालय की चट्टानों से प्राप्त होती है। यह पुरुषों की कमजोरी, थकान और यौन दुर्बलता को दूर करने में सहायक मानी जाती है। शिलाजीत में मिनरल्स प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो एनर्जी लेवल बढ़ाते हैं, इम्यूनिटी मजबूत करते हैं और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार करते हैं। यह टेस्टोस्टेरोन हार्मोन को संतुलित करने में भी मदद करता है, जिससे यौन शक्ति बढ़ती है। साथ ही, शिलाजीत जोड़ों के दर्द, बढ़ती उम्र की समस्याओं और पाचन संबंधी परेशानियों में भी लाभकारी होता है।