Doctor Verified

खाली पेट दाल का पानी पीने से क्या होता है? आयुर्वेदाचार्य से जानें

हमारे घरों की रसोई में मौजूद दालें केवल प्रोटीन का सोर्स ही नहीं बल्कि कई बीमारियों की दवा भी मानी जाती हैं। यहां जानिए, खाली पेट दाल का पानी पीने से क्या होता है?
  • SHARE
  • FOLLOW
खाली पेट दाल का पानी पीने से क्या होता है? आयुर्वेदाचार्य से जानें


आज के समय में ज्यादातर बीमारियां हमारी खराब लाइफस्टाइल और गलत खानपान से ही जुड़ी होती हैं। ऐसे में लोग ऐसी चीजें तलाशते हैं जो शरीर को न सिर्फ पोषण दें बल्कि डिटॉक्स और इम्यूनिटी बूस्ट करने में भी मदद करें। इसी कड़ी में दाल का पानी (Dal Ka Paani) एक बेहद सरल, सस्ता और असरदार उपाय है, जिसे आयुर्वेद में विशेष महत्व दिया गया है। दाल का पानी हमारे घर की रसोई में बनने वाली ऐसी हेल्दी ड्रिंक है, जो हल्की, सुपाच्य और पोषण से भरपूर होता है। आमतौर पर दाल का पानी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को रिकवरी के दौरान दिया जाता है, लेकिन आयुर्वेदिक एक्सपर्ट मानते हैं कि अगर इसे सुबह खाली पेट पिया जाए तो इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते हैं। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से जानिए, खाली पेट दाल का पानी पीने से क्या होता है?

खाली पेट दाल का पानी पीने से क्या होता है? - Ayurvedic benefits dal ka paani empty stomach

आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं, ''खाली पेट दाल का पानी पीने से शरीर की अग्नि यानी पाचन शक्ति मजबूत होती है, इम्यून सिस्टम एक्टिव होता है और शरीर को दिनभर एनर्जी मिलती है।'' यह न सिर्फ रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को बढ़ाता है बल्कि वजन घटाने, शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालने और इंफ्लेमेशन कम करने में भी सहायक है। अगर आप सुबह की शुरुआत एक हेल्दी और एनर्जेटिक ड्रिंक से करना चाहते हैं तो दाल का पानी एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि खाली पेट दाल का पानी पीने से शरीर को कौन-कौन से फायदे (dal ka pani peene ke fayde) मिलते हैं।

1. इम्यूनिटी बूस्टर करे

दाल का पानी प्रोटीन, फाइबर, मिनरल्स और विटामिन्स से भरपूर होता है। इसे अगर सुबह खाली पेट लिया जाए तो शरीर की डिफेंस मैकेनिज्म यानी इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। आयुर्वेद के मुताबिक, दाल का पानी शरीर की धातुओं को पोषण देता है और ओज को बढ़ाता है, जो इम्यूनिटी का आधार है। इससे न केवल मौसमी बीमारियों से बचाव होता है बल्कि वायरल और बैक्टीरियल इंफेक्शन का रिस्क भी कम हो जाता है।

इसे भी पढ़ें: खाली पेट पी सकते हैं इन 3 दालों का पानी, तुरंत मिलेगी एनर्जी

2. वेट लॉस में मददगार

अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो दाल का पानी आपके डाइट में शामिल होना चाहिए। इसमें कैलोरी कम और न्यूट्रिशन ज्यादा होता है। खाली पेट दाल का पानी पीने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे बार-बार खाने की आदत कम होती है। इसके अलावा यह मेटाबॉलिज्म को एक्टिव करता है और फैट बर्निंग प्रोसेस को सपोर्ट करता है। आयुर्वेद में भी इसे अग्नि वृद्धि और शरीर से विषाक्त (टॉक्सिन) बाहर निकालने वाला माना गया है, जो वजन घटाने में सहायक है।

3. शरीर को एनर्जी मिले

बहुत से लोग सुबह उठने के बाद कमजोरी या सुस्ती महसूस करते हैं। ऐसे लोगों के लिए दाल का पानी एनर्जी ड्रिंक की तरह काम करता है। इसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट्स और मिनरल्स शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं और दिनभर एक्टिव रहने में मदद करते हैं। डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, ''अगर आप दिन की शुरुआत खाली पेट दाल का पानी पीकर करते हैं तो आपका शरीर हल्का और दिमाग ज्यादा फोकस्ड रहता है।''

khali pet dal ka pani peene ke fayde

4. पाचन शक्ति को बढ़ाए

आयुर्वेद के अनुसार, पाचन शक्ति का आधार "अग्नि" यानी डाइजेस्टिव फायर है। जब अग्नि कमजोर हो जाती है तो व्यक्ति को अग्निमंद, गैस, अपच और कब्ज जैसी समस्याएं होने लगती हैं। खाली पेट दाल का पानी पीने से अग्नि की वृद्धि होती है और पाचनतंत्र मजबूत होता है। यह हल्का और सुपाच्य होता है, इसलिए उन लोगों के लिए भी उत्तम है जिन्हें हैवी फूड पचाने में परेशानी होती है।

इसे भी पढ़ें: पाचन से जुड़ी समस्या होने पर पिएं इन 5 दालों का पानी, एक्सपर्ट से जानें फायदे

5. शरीर से विषाक्त पदार्थ निकाले

आजकल जंक फूड, प्रदूषण और स्ट्रेस की वजह से शरीर में टॉक्सिन यानी विषाक्त पदार्थ जमा होने लगते हैं। आयुर्वेद में इसे "आम" कहा गया है। दाल का पानी इन टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है और शरीर को डिटॉक्स करता है। नियमित सेवन करने पर यह लिवर और किडनी के फंक्शन को सपोर्ट करता है और ब्लड को शुद्ध करता है।

निष्कर्ष

दाल का पानी एक साधारण लेकिन बेहद उपयोगी आयुर्वेदिक उपाय है। इसे अगर सुबह खाली पेट पिया जाए तो यह इम्यूनिटी को मजबूत करता है, पाचन को दुरुस्त करता है, वजन घटाने में मदद करता है और शरीर को डिटॉक्स करता है। यह न सिर्फ सेहत के लिए बल्कि एनर्जी और हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए भी वरदान है। आज जब हम महंगे हेल्थ सप्लीमेंट्स और प्रोटीन शेक्स पर निर्भर होते जा रहे हैं, ऐसे में दाल का पानी एक सस्ता और असरदार विकल्प है जो हर घर की रसोई में आसानी से उपलब्ध है।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • अरहर की दाल का पानी पीने के क्या फायदे हैं?

    अरहर की दाल का पानी शरीर को ऊर्जा और प्रोटीन देता है, इसके साथ ही यह बुखार के बाद रिकवरी में मददगार भी है। जिन लोगों को कब्ज की शिकायत रहती है उनके लिए भी लाभकारी है।
  • दाल का पानी कितना पीना चाहिए?

    एक दिन में 150 से 200ml पानी पीना चाहिए। लेकिन अगर आपको किडनी से जुड़ी या अन्य लिवर से जुड़ी समस्याएं हैं तो डॉक्टर की सलाह अनुसार इसका सेवन करें।
  • मसूर की दाल किसे नहीं खानी चाहिए?

    मसूर की दाल गुरु यानी भारी होती है, ऐसे में जिन लोगों का डाइजेशन सही नहीं रहता है या पेट की समस्याएं हैं उन्हें मसूर की दाल का सेवन करने से परहेज करना चाहिए।

 

 

 

Read Next

आंखों की रोशनी के लिए अमरूद के पत्तों का उपयोग कैसे करें? एक्सपर्ट से जानें

Disclaimer

TAGS