Doctor Verified

जन्म के पहले 1 हजार दिन बच्‍चे की ग्रोथ-न्‍यूट्र‍िशन के ल‍िए क्यों हैं खास? एक्‍सपर्ट से जानें न्यूट्रिशन गाइड

जन्म के पहले 1000 दिन बच्चे की ग्रोथ और ब्रेन डेवलपमेंट के लिए जरूरी होते हैं, इस समय सही पोषण से अच्‍छी सेहत की की नींव रखी जाती है।
  • SHARE
  • FOLLOW
जन्म के पहले 1 हजार दिन बच्‍चे की ग्रोथ-न्‍यूट्र‍िशन के ल‍िए क्यों हैं खास? एक्‍सपर्ट से जानें न्यूट्रिशन गाइड


बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन यानी गर्भधारण से लेकर 2 साल की उम्र तक का समय उसकी सेहत और ग्रोथ के लिए बहुत खास होते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस समय बच्चे का शारीरिक और मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य, इम्यून सिस्टम तेजी से विकसित होता है। अगर इस दौरान सही पोषण और देखभाल न मिले, तो इसका असर बच्चे की पूरी जिंदगी पर पड़ सकता है। लखनऊ में स्‍थि‍त डफर‍िन हॉस्‍प‍िटल के वर‍िष्‍ठ बाल रोग व‍िशेषज्ञ डॉ सलमान खान ने बताया क‍ि कई स्‍टडीज से पता चलता है कि इस अवधि में मिल रहा पोषण बच्चे की ग्रोथ, ब्रेन डेवलपमेंट और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है। अगर बच्चे को इस समय पर्याप्त प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम, विटामिन और जरूरी फैटी एसिड्स नहीं मिलते हैं, तो आगे चलकर उसका शारीरिक विकास धीमा हो सकता है या वह कुपोषण का शिकार हो सकता है। यही नहीं, इस अवधि में गलत डाइट या पोषण की कमी बच्चे में मोटापा, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी बीमारियों के जोखिम को बढ़ा सकती हैं। इस लेख में हम जानेंगे कि पहले 1000 दिन में बच्चे के लिए पोषण क्यों अहम है और पैरेंट्स को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

बच्चे के विकास के चरण- Child's Growth Stages

बच्‍चे की ग्रोथ के 1000 द‍िन-

  • गर्भावस्था के 9 महीने- 270 द‍िन
  • 1 से 6 महीने (स्तनपान)- 182 द‍िन
  • 6 से 12 महीने (ठोस आहार की शुरुआत)- 548 द‍िन
  • 12 महीने के बाद: पारिवारिक डाइट में बदलाव

इसे भी पढ़ें- National Nutrition Week: 5 से 10 साल की उम्र के बच्चों के लिए जरूरी हैं ये 5 पोषक तत्व, जानें इनके बेस्ट सोर्स

गर्भावस्था के 9 महीने (270 द‍िन)- Nutrition Guide For 9 Months of Pregnancy

गर्भावस्था के दौरान और उससे पहले मां का संतुलित और पौष्टिक भोजन बच्चे के विकास में मदद करता है और मां के शरीर को स्तनपान के लिए तैयार करता है। गर्भवती महिलाओं को सामान्य डाइट की तुलना में सिर्फ 10 % ज्‍यादा कैलोरी की जरूरत होती है। मां का वजन, खाने की आदतें और पोषण का लेवल, गर्भावस्था के दौरान बच्चे की सेहत और विकास पर सीधा असर डालते हैं। पोषण की कमी या अधिकता दोनों से मां और बच्चे को दिक्कतें हो सकती हैं।

  • गर्भावस्था में प्रोटीन शरीर की कोशिकाओं और मांसपेशियों की मरम्मत करता है।
  • आयरन खून में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो ऑक्सीजन को शरीर में पहुंचाता है।
  • कैल्शियम से बच्चे की हड्डियां, दांत और मांसपेशियां मजबूत होती हैं।
  • फोलिक एसिड से बच्चे के दिमाग और रीढ़ की हड्डी का विकास होता है और यह खून बनने में भी मदद करता है।

1000-days-of-nutrition

1 से 6 महीने (182 द‍िन)- Nutrition Guide For 1 to 6 Months After Delivery

  • जन्म के बाद पहले छह महीने तक श‍ि‍शु के ल‍िए ब्रेस्‍टफीड‍िंग सबसे उत्तम आहार होता है।
  • इसमें सभी जरूरी पोषक तत्व सही मात्रा में होते हैं।
  • शुरुआती दिनों में मां का दूध (कोलोस्ट्रम) बच्चे की इम्‍यून‍िटी को बढ़ाता है।
  • इस दौरान बच्चे को सिर्फ मां का दूध प‍िलाना चाहिए।
  • पानी, शहद, ग्लूकोज या किसी भी तरह की मीठी चीज नहीं देनी चाहिए।
  • मां के दूध में लगभग सभी पोषक तत्व होते हैं।

6 से 12 महीने (548 द‍िन)- Nutrition Guide For 6 to 12 Months 

  • छह महीने बाद बच्चे को ठोस आहार देना शुरू किया जाता है।
  • हालांकि, इस समय भी बच्चे को ब्रेस्‍टफीड‍िंग से ही ज्यादातर पोषण मिलता है।
  • ठोस आहार को बोनस फूड की तरह दें।
  • शुरुआत में चावल का दलिया, दाल का पानी और मसला हुआ केला या सेब अच्छा होता है।
  • गेहूं से बने उत्पाद बाद में दें क्योंकि उनमें एलर्जी होने की संभावना ज्यादा होती है।
  • खट्टे फल एक साल की उम्र तक न दें।
  • सब्जियों को उबाल कर या पका कर मसल कर दें और उसमें नमक न डालें।
  • प्रोटीन के लिए चिकन, दालें या बीन्स को पकाकर अच्छी तरह मैश करें।

12 महीने से 2 साल तक बच्‍चे के ल‍िए पोषण की जरूरत- Nutrition Guide For 12 Months to 2 Years

  • 12 महीने की उम्र के बाद बच्चे का विकास थोड़ा धीमा होता है, लेकिन पोषण की जरूरत बनी रहती है।
  • अब बच्चे को धीरे-धीरे परिवार के खाने में शामिल करना चाहिए।
  • इस उम्र में बच्चों को बोतल छोड़कर खुद खाने-पीने की आदत सिखानी चाहिए।
  • बच्चे को अलग-अलग तरह के खाने का स्वाद देना जरूरी है।
  • नए खाने को कई बार ट्राई कराने पर ही बच्चा उसे पसंद कर सकता है।
  • इस उम्र में बच्चे को रोजाना लगभग 1000 कैलोरी, 700 एमजी कैल्शियम, 15 एमसीजी विटामिन-डी और 7 एमजी आयरन की जरूरत होती है।

बच्‍चे की ग्रोथ के ल‍िए न्यूट्रिशन ट‍िप्‍स- Nutrition Tips for Child's Growth

  • गर्भावस्था में डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लें।
  • जन्म के बाद 6 महीने तक सिर्फ ब्रेस्टफीडिंग कराएं।
  • धीरे-धीरे ठोस आहार की शुरुआत करें और डाइट में विविधता लाएं।
  • घर का ताजा और पोषणयुक्त खाना दें, बाहर का पैकेज्ड फूड न दें।
  • बच्चे के वजन और विकास की नियमित जांच कराएं।

बच्चे के पहले 1000 दिन उसकी सेहत का आधार होते हैं। इस दौरान पोषण पर ध्यान देकर आप उसके शारीरिक और मानसिक विकास को बेहतर बना सकते हैं और गंभीर बीमारियों के खतरे को कम कर सकते हैं।

उम्‍मीद करते हैं क‍ि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।

FAQ

  • गर्भावस्था के पहले 1000 दिनों में पोषण का क्या महत्व है?

    गर्भावस्था के पहले 1000 दिन शिशु की शारीरिक और मानसिक ग्रोथ की नींव रखते हैं। इस दौरान संतुलित आहार से मां और बच्चे दोनों की सेहत अच्छी रहती है और बीमारियों का खतरा कम होता है।
  • 6 से 12 महीने के बच्चों को क्या खिलाना चाहिए?

    6 से 12 महीने के बच्चों को ब्रेस्‍टफीड‍िंग के साथ में मसला हुआ फल, उबली सब्जियां, दलिया, दाल और चावल जैसी सॉलिड चीजें धीरे-धीरे देना शुरू करें ताकि बच्चा नई चीजें खाना सीखे।
  • 12 महीने के बच्चे को क्या खिलाना चाहिए?

    12 महीने के बच्चे को घर का बना सादा और पौष्टिक भोजन दें जैसे दाल-चावल, सब्जी-रोटी, उबला अंडा और ताजे फल। इस उम्र में बच्चे को फैमिली डाइट की ओर शिफ्ट करने की कोशिश करें।

 

 

 

Read Next

बच्चों के लिए सनस्क्रीन चुनते वक्त किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, बता रहे हैं डॉक्टर

Disclaimer