Why Ear Pain Feels Worse at Night in Hindi : कान में दर्द की समस्या कई कारणों से हो सकती है। हालांकि, सुनने में यह समस्या जितनी आम लगती है, उतनी ही कष्टदायक होती है। कई लोग महसूस करते हैं कि रात के समय कान में दर्द की समस्या बढ़ जाती है। यहां सवाल उठता है कि रात के समय कान में दर्द की समस्या बढ़ने के पीछे क्या कारण होते हैं? इस सवाल का जवाब हमें डॉ. रजत पाराशर, सलाहकार - ईएनटी, मेट्रो अस्पताल, नोएडा (Dr. Rajat Parashar, Consultant – ENT, Metro Hospital, Noida) ने दिया है। आइए डॉक्टर से विस्तार में जानते हैं कि रात के समय कान में दर्द की समस्या क्यों बढ़ जाती है?
कान में दर्द क्यों होता है?- Why Does Ear Pain Occur
कान में दर्द कई कारणों से हो सकता है, जिनमें से कुछ आम कारण हैं:
- कान में इंफेक्शन: कान में इंफेक्शन की वजह से दर्द की समस्या हो सकती है। कई बार यह इंफेक्शन कान के अंदरूनी हिस्से में होता है और कई बार यह स्थिति कान के बाहरी हिस्से में भी हो सकती है।
- कान में मैल जमना: बता दें कि कान को सही तरह से साफ नहीं करने की वजह से मैल जमने लगता है। इससे भी कान में दर्द की समस्या हो सकती है।
- कान में दबाव: अगर आप कान में दबाव महसूस कर रहे हैं (जैसे कि फ्लाइट में यात्रा या पानी में डाइविंग के दौरान प्रेशर बढ़ता है) तो कान में दर्द हो सकता है।
- साइनस की समस्या: साइनस की समस्या की वजह से भी व्यक्ति को कान में दर्द की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
- दांतों की समस्याएं: बता दें कि दांतों का दर्द या मसूड़ों की समस्याएं होने पर भी कान में दर्द की समस्या हो सकती है।
- कान में चोट या एलर्जी: अगर आप कान में चोट या एलर्जी की समस्या का सामना कर रहे होते हैं, तो दर्द होना आम बात होती है।
इसे भी पढ़ें- बच्चों को बार-बार हो जाता है कान का इंफेक्शन, तो बचाव के लिए अपनाएं ये टिप्स
रात के समय कान का दर्द क्यों बढ़ता है?- Why Does Ear Pain Increase At Night
बता दें कि कान में दर्द की समस्या कई कारणों से रात में बिगड़ सकती है। आइए इन कारणों के बारे में जानते हैं:
फिजिकल पोजीशन में बदलाव
दरअसल, रात के समय जब व्यक्ति लेटता है, तो कान में मौजूद लिक्विड यूस्टेशियन ट्यूब में फ्लो हो सकता है, जिससे कान में जमाव और दबाव बढ़ सकता है। इस स्थिति में कान का संक्रमण बढ़ सकता है, जिससे दर्द और भी ज्यादा महसूस हो सकता है।
ध्यान भटकना कम होना
दिन के समय व्यक्ति अपने कामों में बिजी रहता है, जो दर्द से ध्यान हटाने में मदद करते हैं। वहीं, रात में लोगों का ध्यान भटकने के चांस कम होते हैं। इस स्थिति में आपका दिमाग दर्द पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करता है, जिससे दर्द बहुत तेजी से बढ़ सकता है।
- वातावरण होता है शांत
बात दें कि रात के समय शांत वातावरण होने की वजह से कान का दर्द ज्यादा बढ़ सकता है। इसके अलावा, पेन किलर्स का असर नींद के दौरान कम हो सकता है, जिससे बेचैनी और दर्द की समस्या ज्यादा महसूस हो सकती है।
- अंदरूनी समस्याएं
टेम्पोरोमैंडिबुलर जोड़ विकार (टीएमजे डिजीज), साइनस इंफेक्शन या कान में मैल जमने जैसी कुछ स्थितियों के कारण दर्द की समस्या कई गुना बढ़ सकती है। ये सभी समस्याएं रात में ज्यादा परेशान करती हैं, ऐसे में कान का दर्द बढ़ सकता है। इसके अलावा, दांतों की समस्याएं भी कान के दर्द को बढ़ाने का काम कर सकती हैं।
रात में बढ़े हुए कान के दर्द से राहत कैसे पाएं?- How to Get Relief from Increased Ear Pain At Night
आप रात में कान में होने वाले दर्द को कम करने के लिए कुछ आसान और असरदार उपाय आजमा सकते हैं। आइए इन उपायों के बारे में जानते हैं:
- आप कान पर गर्म या ठंडा सेंक कर सकते हैं
- ओवर-द-काउंटर पेन किलर्स का इस्तेमाल
- आप सोते समय एक्स्ट्रा तकियों की मदद से अपने सिर को ऊपर उठा सकते हैं
- आप अनुभवी व्यक्ति से कान को अच्छी तरह से साफ करवा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- कान में इंफेक्शन होने पर अपनाएं ये 5 घरेलू उपाय
ध्यान रखें कि अगर आपके कान में दर्द बना रहता है या बिगड़ जाता है, तो आपको इसे नजरअंदाज करने की भूल नहीं करनी चाहिए। इस स्थिति में आपको उचित निदान और उपचार के लिए ईएनटी स्वास्थ्य सेवा पेशेवर से परामर्श लेना चाहिए। कान में दर्द की स्थिति रात या दिन किसी भी समय आपको परेशान कर सकती है, लेकिन आपको कान में किसी भी रेमेडी का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।