
क्या आपने कभी गौर किया है कि जब आप किसी मजेदार बात पर खुलकर हंसते हैं, तभी अचानक पेट में अजीब-सा दर्द या खिंचाव महसूस होने लगता है? पल भर पहले तक जो हंसी सुकून दे रही होती है, वही अगले ही पल असहजता में बदल जाती है। कई लोग इसे सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, तो कुछ इसे गैस या हल्की ऐंठन समझकर टाल देते हैं लेकिन सवाल यह है कि क्या हर बार हंसने पर पेट में दर्द होना सच में सामान्य है? हंसी को सेहत की दवा कहा जाता है। डॉक्टर और योग एक्सपर्ट भी रोज हंसने की सलाह देते हैं, क्योंकि इससे तनाव कम होता है, दिल की सेहत सुधरती है और इम्यून सिस्टम मजबूत होता है लेकिन जब यही हंसी बार-बार पेट दर्द की वजह बनने लगे, तो यह शरीर के अंदर चल रही किसी गड़बड़ी का संकेत भी हो सकता है। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने, पारस हेल्थ, गुरुग्राम के इंटरनल मेडिसिन विभाग के एचओडी, डॉ आरआर दत्ता (Dr. RR Dutta, HOD, Internal Medicine, Paras Health, Gurugram) से बात की-
इस पेज पर:-
हंसने पर पेट की मांसपेशियों में दर्द क्यों होता है? - Why does my stomach hurt every time I laugh
डॉ आरआर दत्ता बताते हैं कि जब हम जोर से हंसते हैं, तो पेट की मांसपेशियां तेजी से सिकुड़ती और फैलती हैं। इससे पेट के अंदर दबाव बढ़ता है, सामान्य स्थिति में यह नुकसानदायक नहीं होता, लेकिन अगर पेट या आंतों में पहले से कोई समस्या है, तो यही दबाव दर्द का कारण बन सकता है। खासतौर पर कमजोर एब्डॉमिनल मसल्स या सूजन वाली आंतें हंसने पर दर्द महसूस करा सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: सुबह जोर-जोर से हंसने से सेहत को मिल सकते हैं गजब के फायदे, डॉक्टर से जानें
1. गैस और अपच का असर
हंसते समय पेट दर्द होने का सबसे आम कारण गैस और अपच है। अगर पेट में ज्यादा गैस भरी हुई है, तो हंसने पर मांसपेशियों के दबाव से गैस इधर-उधर मूव करती है, जिससे तेज चुभन या ऐंठन जैसा दर्द हो सकता है। यह समस्या ज्यादा तला-भुना खाने, अनियमित भोजन या कमजोर पाचन शक्ति वालों में अधिक देखी जाती है।
2. इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS)
IBS यानी इरिटेबल बाउल सिंड्रोम से पीड़ित लोगों को हंसने, खांसने या झुकने पर पेट दर्द हो सकता है। इस स्थिति में आंतें सामान्य से ज्यादा संवेदनशील होती हैं। हल्का सा प्रेशर भी दर्द, सूजन या असहजता पैदा कर सकता है। अगर हंसने के साथ पेट फूलना, दस्त या कब्ज भी रहता है, तो IBS की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में मां की हंसी का भ्रूण पर क्या असर पड़ता है? डॉक्टर से जानें

3. कमजोर एब्डॉमिनल मसल्स या मांसपेशियों में खिंचाव
जो लोग हाल ही में ज्यादा एक्सरसाइज करने लगे हैं, वजन उठाया है या लंबे समय से शारीरिक रूप से इनएक्टिव रहे हैं, उनमें पेट की मांसपेशियों में खिंचाव हो सकता है। ऐसी स्थिति में हंसने पर मसल्स अचानक सिकुड़ती हैं, जिससे दर्द महसूस होता है। यह दर्द आमतौर पर कुछ सेकंड या मिनटों में ठीक हो जाता है।
डॉक्टर की सलाह
अगर हंसते समय पेट दर्द कभी-कभार होता है और अपने आप ठीक हो जाता है, तो आमतौर पर चिंता की बात नहीं है लेकिन अगर दर्द बार-बार हो, तेज हो, साथ में उल्टी, वजन कम होना, खून आना या लगातार सूजन बनी रहे, तो यह किसी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में गैस समझकर नजरअंदाज करना सही नहीं है।
निष्कर्ष
हंसते समय पेट में दर्द होना हमेशा गंभीर नहीं होता, लेकिन यह शरीर का एक संकेत जरूर है कि कहीं न कहीं पाचन, मांसपेशियों या आंतों से जुड़ी कोई गड़बड़ी हो सकती है। अगर यह समस्या लगातार बनी हुई है, तो इसे हल्के में न लें। सही खानपान, हेल्दी लाइफस्टाइल और समय पर डॉक्टर की सलाह लेकर इस परेशानी से राहत पाई जा सकती है।
All Images Credit- Freepik
यह विडियो भी देखें
FAQ
ज्यादा हंसने से क्या फायदा होता है?
रोज हंसना मानसिक और शारीरिक सेहत दोनों के लिए लाभकारी होता है। इससे तनाव हार्मोन कम होते हैं, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और मूड पॉजिटिव रहता है।क्या गैस बनने से सीने में दर्द हो सकता है?
पेट या आंतों में जमा गैस सीने में दर्द का कारण बन सकती है, जो कभी-कभी दिल के दर्द जैसा महसूस हो सकता है।मसल स्ट्रेन से हंसने पर दर्द होता है?
कमजोर एब्डॉमिनल मसल्स या मांसपेशियों में खिंचाव होने पर हंसते समय दर्द हो सकता है, खासकर तब जब शरीर पर अचानक दबाव पड़ता है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version
Jan 04, 2026 14:58 IST
Published By : Akanksha Tiwari
