What Causes Abdominal Pain After Exercise In Hindi: एक्सरसाइज करना हमारी सेहत के लिए बहुत जरूरी है। वैसे भी मौजूदा समय में ज्यादातर लोग कंप्यूटर स्क्रीन पर अपना समय बिताते हैं। ऐसे में उनकी फिजिकल एक्टिविटी अपने आप कम हो जाती है। कंप्यूटर स्क्रीन पर घंटों बैठे रहने के कारण पीठ दर्द, कमर दर्द, कंधे दर्द जैसी कई समस्याएं होने लगती हैं। इसलिए, विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि नियमित रूप से एक्सरसाइज करें। इससे पीठ दर्द, कमर दर्द जैसी परेशानियां नहीं होती हैं। यहां तक कि नियमित रूप से एक्सरसाइज करने से ब्लड फ्लो में सुधार होता है, पोस्चर बेहतर होता है और इम्यूनिटी भी बूस्ट होती है। इस तरह देखा जाए, तो एक्सरसाइज करने से हमारे ओवर ऑल हेल्थ को कई तरह के लाभ होते हैं। लेकिन, आपने कई बार नोटिस किया होगा कि एक्सरसाइज करने के बाद अक्सर पेट में दर्द होने लगता है। सवाल है, ऐसा क्यों होता है? क्या एक्सरसाइज करने के बाद पेट दर्द होना किसी तरह की बीमारी की ओर संकेत करता है? इस बारे में हमने शारदा अस्पताल में वरिष्ठ सलाहकार-इंटरनल मेडिसिन डॉ. श्रेय श्रीवास्तव से बात की
एक्सरसाइज करने के बाद पेट दर्द क्यों होता है?- Causes Of Abdominal Pain After Exercise In Hindi
आमतौर पर एक्सरसाइज करने के बाद पेट दर्द होने की समस्या नहीं होती है। अगर ऐसा होता है, तो इसके पीछे कई तरह के कारण जिम्मेदार हो सकते हैं, जैसे-
1. मसल्स में खिंचाव
एक्सरसाइज के बाद पेट दर्द होने का सबसे कॉमन कारण होता है, मसल्स में खिंचाव। कई बार हम गलत पोजिशन में एक्सरसाइज करने लगते हैं। ऐसे में पेट की मांसपेशियों में खिंचाव पड़ सकता है। इसके अलावा, अगर आप ओवर एक्सरसाइज करते हैं, तो भी पेट में दर्द होने का जोखिम बना रहता है। ऐसा आमतौर पर क्रंचेस या सिट-अप जैसी एक्सरसाइज करने की वजह से होता है।
इसे भी पढ़ें: दौड़ते समय पेट में दर्द के क्या कारण हो सकते हैं? जानें इसे ठीक करने के उपाय
2. गलत समय पर खाना
एक्सरसाइज से ठीक पहले कुछ भी नहीं खाना चाहिए। ऐसा करने से एक्सरसाइज करते हुए आपको असुविधा और असहजता हो सकती है। कई बार एक्सरसाइज के ठीक पहले ओवर ईटिंग करने से एक्सरसाइज के दौरान पेट में दर्द होने लगता है। इसलिए, जब भी एक्सरसाइज करें, इसके ठीक पहले कुछ न खाएं। हां, एक्सरसाइज और खाने के टाइमिंग के बीच गैप रखें। इससे आपके पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा, जिससे एक्सरसाइज के बाद पेट दर्द की समस्या भी नहीं होगी।
3. पाचन से जुड़ी समस्या
अगर किसी को पाचन से जुड़ी समस्या जैसे, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल की दिक्कत है या एसिड रिफ्लक्स जैसी परेशानी है। इस स्थिति में भी एक्सरसाइज के बाद पेट में दर्द की समस्या हो सकती है। अगर पेट खराब है या एसिड रिफ्लक्स और इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम की दिक्कत है, तो बेहतर होगा कि जब तक पूरी तरह ठीक न हो जाएं, तब तक एक्सरसाइज न करें। ऐसे में एक्सरसाइज करने से अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : रोज दौड़ने से सेहत को मिलते हैं कई फायदे, जानें लंबी दौड़ के लिए खुद को कैसे करें मानसिक रूप से तैयार
4. डिहाइड्रेशन
एक्सरसाइज के बाद तुरंत उन लोगों को भी पेट दर्द की समस्या हो सकती है, जिनकी बॉडी हाइड्रेट नहीं होती है। ध्यान रखें कि हाइड्रेट न होने पर इसका बुरा प्रभाव डाइजेस्टिव सिस्टम पर पड़ता है। इसलिए, एक्सरसाइज से पहले, दौरान और एक्सरसाइज के बाद यह सुनिश्चित करें कि बॉडी डिहाइड्रेट न हो। एक्सरसाइज करने से पहले भी खुद को हाइड्रेट रखें और एक्सरसाइज के दौरान भी थोड़ी-थोड़ी देर में कम-कम मात्रा में पानी पिएं।
एक्सरसाइज के बाद पेट हो तो क्या करें
- एक्सरसाइज के दौरान वॉटर इनटेक का ध्यान रखें। एक्सरसाइज के दौरान पसीने के जरिए काफी पानी बह जाता है। इससे हीट स्ट्रेस का रिस्क भी रहता है। इसलिए, एक्सरसाइज के दौरान पानी पीते रहें।
- एक्सरसाइज के बाद अगर पेट दर्द होता है, तो कुछ समय के बाद एक्सरसाइज करना छोड़ दें। जब सहज महूसस करें, तब इसे फिर भी जारी कर सकते हैं।
- एक्सरसाइज के दौरान ऐसे वर्कआउट न करें, जिससे मसल्स पुल होती हैं या बहुत ज्यादा थकान महसूस होती है। इसके बजाय हल्की एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग बेहतर विकल्प होते हैं।
- एक्सरसाइज के दौरान अपने पोस्चर का पूरा ध्यान रखें। गलत तरीके से एक्सरसाइज करने पर गंभीर रूप से चोट लग सकती है। यह सही नहीं है।
- एक्सरसाइज के ठीक पहले हैवी मील बिल्कुल न लें। हल्का-फुल्का खाने के बाद कुछ समय का गैप लें। इसके बाद एक्सरसाइज करें। यह स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है।
All Image Credit: Freepik