Is curd good in summer: खाने के साथ दही मिल जाता है तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाता है। शरीर को ठंडा रखने के लिए यह सुपरफूड होता है। अगर किसी का पेट खराब है या लू लग गई है, तो ऐसे में दही या छाछ लेने की सलाह दी जाती है। ऐसा इसलिए, क्योंकि दही में प्रोबायोटिक्स मौजूद होते हैं, जो गट हेल्थ इंप्रूव करने में मदद करते हैं। इसके सेवन से गट हेल्थ से जुड़ी समस्याएं कम होती हैं। दही खाने से पाचन क्रिया भी स्वस्थ रहती है और कब्ज और एसिडिटी कम होती है। इसके सेवन से शरीर को ठंडक मिलती है और पेट की गर्मी भी शांत होती है। गर्मियों में इसका सेवन करना और भी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं गर्मियों में दही का सेवन किस तरह करना चाहिए? दही में क्या-क्या मिलाकर खाना चाहिए? इस बारे में विस्तार से जानने के लिए हमने हरियाणा के सिरसा जिले के आयुर्वेदिक डॉ श्रेय शर्मा से बात की। आइए लेख में एक्सपर्ट से जानें इस बारे में।
गर्मियों में दही में क्या-क्या मिलाकर खाएं? What Should We Mix With Curd In Summer
दही और इसबगोल- Curd and Isabgol
गर्मियों में कई लोगों को पाचन से जुड़ी समस्याएं ज्यादा होती हैं। दरअसल, तापमान ज्यादा होने के कारण पाचन क्रिया धीमी हो जाती है जिससे खाना धीमे पचता है। ऐसे में पेट को ठंडक देने के लिए आप दही में इसबगोल की भूसी मिलाकर खा सकते हैं। अगर किसी को दस्त, कब्ज या एसिडिटी जैसी समस्याएं हो रही हैं, तो ऐसे में दही में इसबगोल मिलाकर खाना फायदेमंद होता है। क्योंकि यह पेट को साफ करने और फ्लूड लेवल बैलेंस रखने में मदद करता है।
दही और गोंद कतीरा- Curd and Gond Katira
गर्मियों में लू लगने पर दही में गोंद कतीरा मिलाकर खाया जा सकता है। गोंद कतीरे की तासीर बहुत ठंडी होती है। इसके सेवन से शरीर को ठंडक मिलती है और पाचन तंत्र स्वस्थ रहता है। दही में गुड बैक्टीरिया होते हैं जो गट हेल्थ इंप्रूव करते हैं। गोंद कतीरा पेट को ठंडा रखने में मदद करता है। इससे शरीर में ठंडक बनी रहती है। जिन लोगों को गर्मी ज्यादा लगती है, पसीना ज्यादा आता है या पित्त प्रकृति है, उन्हें दही में गोंद कतीरा डालकर जरूर खाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- दही में अखरोट डालकर खाने से सेहत को मिलते हैं ये 6 फायदे, जानें इनके बारे में
दही में सोंठ- Curd and Saunth
गर्मियों में पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए दही में सोंठ मिलाकर भी खाया जा सकता है। दही और सोंठ दोनों ही पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद होते हैं। आयुर्वेद के मुताबिक, अगर किसी को एसिडिटी या ब्लोटिंग हो गई है, तो दही में सोंठ खाने से काफी आराम मिलेगा। इसके अलावा, दही में पिप्ली भी मिला सकते हैं। क्योंकि, इसके सेवन से भी पाचन तंत्र स्वस्थ रहता है।
दही और खस- Curd and Khus
शरीर को ठंडा रखने के लिए दही में खस मिलाकर भी खा सकते हैं। खस की तासीर ठंडी होती है और यह शरीर को ठंडक देने में मदद करता है। दही और खस पेट को ठंडा रखने के लिए भी अच्छा कॉम्बिनेशन है।
इसे भी पढ़ें- दूध या दही, इसबगोल किसके साथ लेना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें सही तरीका
अन्य तरीके
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट के मुताबिक, दही में कई चीजें मिलाकर खाई जा सकती हैं। अगर आपको भूख कम लगती है तो दही में जीरा, अजवाइन और काला नमक डालकर खा सकते हैं। पाचन तंत्र स्वस्थ रखने और शरीर को ठंडा रखने के लिए दही में सौंफ डालकर भी खा सकते हैं।
निष्कर्ष
एक्सपर्ट के मुताबिक गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए दही खाना फायदेमंद है। पाचन संबंधित समस्याओं में दही में सोंठ, इसबगोल या हींग मिलाकर खा सकते हैं। शरीर को ठंडा रखने के लिए दही में गोंद कतीरा या खस मिलाकर खाना फायदेमंद होगा। लेख में आपको सामान्य जानकारी दी गई है। इस बारे में ज्यादा जानने के लिए एक्सपर्ट से बात करें।
FAQ
गर्मियों में दही का सेवन कैसे करें?
गर्मियों में दही में कई चीजें डालकर खा सकते हैं। पाचन संबंधित समस्याओं में दही में सोंठ, इसबगोल या हींग मिलाकर खा सकते हैं। शरीर को ठंडा रखने के लिए दही में गोंद कतीरा या खस मिलाकर खाना फायदेमंद होगा।दही में क्या-क्या डालकर खाना चाहिए?
समस्या के मुताबिक दही में अलग-अलग चीजें मिलाकर खाई जा सकती है। पाचन से जुड़ी समस्याओं में आप दही में सोंठ, इसबगोल, हींग, जीरा या सौंफ मिलाकर खा सकते हैं। शरीर को ठंडा रखने के लिए दही में गोंद कतीरा या खस मिलाकर सेवन किया जा सकता है।दही में नमक डालकर खाने के क्या फायदे हैं?
दही में काला नमक डालकर खाने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। इससे कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याएं कंट्रोल रहती है। दही में काला नमक डालकर खाने से ब्लोटिंग और अपच जैसी समस्याएं भी कम होती है।