Weight Loss Transformation Journey: हमारी सोसाइटी में वजन बढ़ना एक शारीरिक समस्या ही नहीं बल्कि मानसिक प्रताड़ना भी है। लोग ऐसे व्यक्ति को आसानी से स्वीकार नहीं करते, जो उनसे अलग दिखता हो। वैसे तो यह किसी भी जेंडर के व्यक्ति के साथ हो सकता है। लेकिन जब बात लड़कियों की हो, तो लोग यह ताना देने से नहीं चूकते कि कितनी मोटी है, शादी कैसे होगी! कवि और गीतकार आनंद बख्शी के बोल हैं- कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना। लेकिन जो इंसान इस मानसिक प्रताड़ना से हर दिन गुजरता हो, उसके लिए लोगों की बातों को नजरअंदाज करना मुश्किल हो जाता है। लखनऊ की रहने वाली अनुष्का सिंह की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। वजन बढ़ने के साथ लोगों का बर्ताव भी उनके प्रति बदलने लगा। रिश्तेदार और दोस्त बढ़ते वजन को लेकर चिढ़ाते थे। एक समय ऐसा भी आया जब अनुष्का ने लोगों से बात करना पूरी तरह से बंद कर दिया। लेकिन इसके बावजूद भी बॉडी शेमिंग का सिलसिला जारी रहा।
अनुष्का को अपने प्रति लोगों का बदलता नजरिया परेशान करने लगा था। रिश्तेदार घर की अन्य लड़कियों की तुलना अनुष्का से करते थे। उन्हें यह आदत बिल्कुल पसंद नहीं थी। लेकिन जवाब देने पर रिश्तेदार मुंह फुलाकर बैठ जाते। अनुष्का को यह एहसास हो चुका था कि लोगों को बदला नहीं जा सकता। इसलिए उन्होंने खुद को बदलने का फैसला किया। अनुष्का ने वेट लॉस जर्नी शुरू करने का विचार किया। 8 महीने के समय में अनुष्का ने 20 किलो वजन घटा लिया। ओनलीमायहेल्थ के पाठकों को हमेशा ही ऐसी कहानियां पसंद आती हैं जिसे पढ़कर उन्हें वजन घटाने या फिट रहने की प्रेरणा मिले। तो आज हम OMH की 'Fat To Fit' सीरीज में बात करेंगे अनुष्का की जो एक फिटनेस इंफ्लुएंसर हैं। अनुष्का भी कभी मोटापे का शिकार हुई हैं और अब वह ऐसे हजारों लोगों की प्रेरेणा बन चुकी हैं जो वजन घटाना चाहते हैं। तो चलिए फिर देर कैसी, जानते हैं अनुष्का सिंह की वेट लॉस जर्नी के बारे में।
तय डाइट न होने से वजन बढ़ गया
अनुष्का ने बताया कि कुछ सालों में उनका वजन अचानक बढ़ गया था। वह खानपान में मात्रा का ख्याल नहीं करती थीं, एक्सरसाइज भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा नहीं था। लंबे समय तक ऐसी लाइफस्टाइल फॉलो करने की वजह से अनुष्का का वजन 84 किलो हो गया था। केवल 26 साल की उम्र में जब वजन इतना बढ़ जाए, तो शरीर भी साथ नहीं निभा पाता। अनुष्का को पूरे दिन ऊर्जा की कमी महसूस होती थी, काम में मन नहीं लगता था, शरीर में आलस्य भरा रहता था। डाइट की बात करें, तो अनुष्का की कोई तय डाइट भी नहीं थी। वह कुछ भी खा लेती थीं। अनुष्का को मीठा खाना बहुत पसंद था। उन्हें जब भी भूख लगती वह अपनी फेवरिट डिश का आर्डर कर देतीं। इन्हीं आदतों के कारण अनुष्का के शरीर में कैलोरीज बढ़ने लगीं।
इसे भी पढ़ें- वजन घटाकर रानी श्रीवास्तव ने बतौर मॉडल पाया फेम, लखनऊ के टॉप 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स में शामिल हुआ नाम
टॉप स्टोरीज़
खुद को वेट लॉस के लिए कैसे तैयार किया?
बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है, लेकिन खुद वह काम करना मुश्किल है। लॉकडाउन के दौरान अनुष्का को यह एहसास हुआ कि फिट होने का इससे अच्छा मौका फिर शायद न मिले। बस फिर क्या था, उन्होंने घर पर ही वर्कआउट करना शुरू किया। अनुष्का रोज थोड़ी देर वॉक करती थीं। हालांकि वेट लॉस के लिए इतना काफी नहीं होता। अनुष्का ने कहा- 'मैं यह नहीं कहूंगी कि घर पर एक्सरसाइज (Workout At Home) शुरू करने के साथ ही मुझे फर्क देखने को मिल गया। लेकिन लगातार एक महीने एक्सरसाइज करने से मेरी कमर पर जमा फैट कम होने लगा। हल्का फर्क महसूस हो रहा था, लेकिन लुक में कोई बदलाव नहीं था। मैंने हिम्मत नहीं हारी और एक्सरसाइज करना जारी रखा।'
घर के बने खाने को खाकर घटाया वजन- Home Food For Weight Loss
एक महीना घर पर एक्सरसाइज करने के बाद अनुष्का को फिट बनने का कॉन्फिडेंस मिला। उन्होंने जिम जाना शुरू किया। जिम में अनुष्का ने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और हाई इंटेंस वर्कआउट पर फोकस किया। अनुष्का ने जंक फूड का सेवन पूरी तरह से बंद कर दिया। वह केवल घर का बना ताजा खाना ही खाती हैं। पपीता और ओटमील से अनुष्का दिन की शुरुआत करती हैं। फिर वह नाश्ते में उपमा, पोहा जैसे हल्के मील लेती हैं। दोपहर और रात के खाने में रोटी, सब्जी या दाल, चावल शामिल होता है। अनुष्का हर दिन कम से कम 4 लीटर पानी पीती हैं। अनुष्का अपनी नींद का भी ख्याल रखती हैं। वह रोज 7 घंटे की नींद पूरी करने का प्रयास करती हैं। अनुष्का ने इस रूटीन के जरिए 20 किलो वजन घटाया है। पहले उनका वजन 84 किलो था, अब उनका वजन 64 किलो है। वजन कम करने के लिए अनुष्का को 8 महीने का समय लगा।
इसे भी पढ़ें- गाने सुनते-सुनते करती थी वॉक, 3 महीने में घटा लिया 10 kg वजन, जानें अनुष्का की वेट लॉस जर्नी
फिटनेस कोचिंग के जरिए लोगों को फिट बना रही हूं
अनुष्का ने बताया कि वजन घटाने से उनके शरीर में कई अच्छे बदलाव हुए (Weight Loss Benefits)। अनुष्का का आत्मविश्वास पहले से कई गुना बढ़ गया है। इम्यूनिटी और मेटाबॉलिज्म में भी सुधार हुआ है। अब अनुष्का आराम से सो पाती हैं। मूड भी पहले से ज्यादा अच्छा रहता है। अनुष्का ने बताया कि वजन घटाने के बाद उन्होंने न्यूट्रिशन और वेट लॉस को और गहराई से समझा। अब वह एक फिटनेस कोच के तौर पर लोगों को फिट बनाने का काम करती हैं। अनुष्का के साथ हजारों लोग जुड़े हैं और खुद को फिट बना रहे हैं।
उम्मीद करते हैं अनुष्का सिंह की यह वेट लॉस जर्नी आपको पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें। हम सोमवार हम एक नई वेट लॉस जर्नी आपके साथ शेयर करते हैं। हमारी नई कहानी सोमवार को फिर आएगी। पहले शेयर की गई वेट लॉस स्टोरीज को आप ओनलीमायहेल्थ के वेट मैनेजमेंट सेक्शन पर जाकर पढ़ सकते हैं। आप भी वेट लॉस प्लान कर रहे हैं, तो हमारे साथ अपनी स्टोरी फेसबुक या इंस्टाग्राम के जरिए शेयर कर सकते हैं।