प्रेगनेंसी के बाद जब कोई महिला बच्चे को जन्म देती है तो इसके बाद महिला के स्तनों से दूध निकलना सामान्य होता है। लेकिन कई बार ऐसा देखा गया है कि कुछ महिलाओं में निप्पल डिस्चार्ज या प्रेगनेंसी से पहले स्तनों से लिक्विड निकलने की समस्या होती है। महिलाओं के निप्पल से तरल पदार्थ या लिक्विड का रिसाव होना वह भी प्रेगनेंसी से पहले, इसे सामान्य नहीं कहा जा सकता है। महिलाओं में प्रोलैक्टिन हार्मोन की वजह से निप्पल से दूध निकलता है। कई स्थितियों या समस्याओं के कारण कई बार महिलाओं में इस हॉर्मोन का निर्माण तेजी से होता है जिसकी वजह से सामान्य से पहले स्तनों से रिसाव हो सकता है। लेकिन प्रेगनेंसी से पहले स्तनों से लिक्विड डिस्चार्ज या रिसाव होने के कई अन्य कारण भी होते हैं। कुछ महिलाओं में यह समस्या गंभीर रूप भी धारण कर सकती है। बिना प्रेगनेंसी के महिलाओं में निप्पल डिस्चार्ज होना या स्तनों से दूध निकलने की समस्या क्यों होती है? आइये विस्तार से जानते हैं इसके बारे में।
प्रेगनेंसी के पहले निप्पल डिस्चार्ज होने के कारण (Nipple Discharge Without Pregnancy Causes)
बिना प्रेगनेंसी महिलाओं के निप्पल से लिक्विड डिस्चार्ज होने की समस्या को गेलेक्टोरिया भी कहा जाता है। इस समस्या में स्तन से निकलने वाला लिक्विड भी दूध से अलग होता है। स्टार हॉस्पिटल की स्त्री और प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ विजय लक्ष्मी के मुताबिक जब महिलाओं में पिट्यूटरी ग्रंथि में किसी भी प्रकार की समस्या या दिक्कत होती है तो उनके शरीर में कुछ हॉर्मोन का उत्पादन असंतुलित हो जाता है जिसके कारण भी यह समस्या महिलाओं में होती है। इसके अलावा बिना प्रेगनेंसी निप्पल डिस्चार्ज होना लंबे समय से तनाव, शारीरिक संबंध बनांते समय अधिक उत्तेजना, कपड़ों से एलर्जी की समस्या से जुड़ा भी हो सकता है। आमतौर पर यह समस्या गैलेक्टोरिया कहलाती है लेकिन कई बार किसी चोट या अन्य कारणों से निप्पल डिस्चार्ज होना गैलेक्टोरिया नहीं होती है। बिना प्रेगनेंसी निप्पल से डिस्चार्ज होने के ये प्रमुख कारण हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का लेवल बढ़ने पर दिखते हैं ये 9 लक्षण, जानें इसे कैसे करें कम
- शारीरिक संबंध बनाते समय निप्पल को अधिक उत्तेजित करना।
- ब्रेस्ट की साइज में अचानक बदलाव के कारण।
- किडनी की पुरानी बीमारी की वजह से।
- एंटीसाइकोटिक्स, एंटीडिपेंटेंट्स या हाई ब्लड प्रेशर की दवाओं का अधिक सेवन।
- सर्जरी या चोट की वजह से।
- नशे जैसे मारिजुआना या कोकीन आदि के सेवन से।
- विशेष कपड़ों से एलर्जी के कारण।
- खानपान और लाइफस्टाइल से जुड़े कारण।

बिना प्रेगनेंसी निप्पल डिस्चार्ज होने के लक्षण (Nipple Discharge Without Pregnancy Symptoms)
बिना प्रेगनेंसी महिलाओं में निप्पल से डिस्चार्ज की समस्या में उनके स्तनों से एक लिक्विड का स्राव होता है। यह लिक्विड प्रेगनेंसी के बाद स्तनपान के दौरान निकलने वाले लिक्विड से अलग होता है। कई बार यह अपने आप ही निकलता रहता है और कुछ मामलों में यह स्तन को हल्का दबाने से निकलता है। निप्पल डिस्चार्ज की वजह से कुछ महिलाओं में कई अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं। इस समस्या में ये लक्षण प्रमुखता से दिखाई देते हैं।
इसे भी पढ़ें : प्रेग्नेंसी में मशरूम खाना कितना सुरक्षित है? जानें क्या है एक्सपर्ट की राय
- निप्पल से लिक्विड डिस्चार्ज होना।
- लगातार और तेज सिरदर्द।
- आंखों की रोशनी से जुड़ी दिक्कतें।
- ब्रेस्ट टिश्यू का बढ़ना।
- चेहरे पर पिंपल्स का होना।
- पीरियड्स में असमानता।
बिना प्रेगनेंसी निप्पल डिस्चार्ज की समस्या से बचाव और इलाज (Nipple Discharge Without Pregnancy Prevention)
महिलाओं में बिना प्रेगनेंसी निप्पल से लिक्विड डिस्चार्ज होने की समस्या कई कारणों से होती है। हॉर्मोनल डिसबैलेंस की वजह से भी यह समस्या महिलाओं में अक्सर देखी जाती है। इसके अलावा नशीले पदार्थों का सेवन करने वाली महिलाएं ही इसकी चपेट में आ सकती हैं। शुरुआत में इसके लक्षण दिखने पर आपको सबसे पहले डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। चिकित्सक सबसे पहले कुछ जांच का सुझाव देते हैं जिसके माध्यम से इसके असल कारणों का पता लगाया जाता है। कई बार यह समस्या ब्रेस्ट से जुड़े इन्फेक्शन के कारण भी हो जाती है इसलिए सबसे पहले इसकी जांच जरूर करनी चाहिए। कुछ मामलों में बिना प्रेगनेंसी स्तनों से डिस्चार्ज होना कैंसर जैसी गंभीर समस्या का संकेत होता है। इसलिए इसे नजरअंदाज करना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। बिना प्रेगनेंसी निप्पल डिस्चार्ज से बचाव के लिए आपको समय-समय पर अपना हेल्थ चेकअप जरूर कराना चाहिए। नशे की आदत से दूर रहने से भी इस समस्या से बचाव किया जा सकता है।
(All Image Source - Freepik.com)