खाना खाने के बाद पेट फूलना या गैस बनना कुछ लोगों के लिए आम समस्या है। इसका दर्द वही जान सकते हैं, जो रोज इसे झेलते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए कई लोग हाजमे की गोलियां, चूर्ण आदि खाते हैं, तो कई खाते ही वॉक के लिए निकल जाते हैं। ये उपाय कभी-कभार होने वाली ब्लोटिंग के लिए तो ठीक हैं, लेकिन अगर समस्या लगातार बनी हुई है, तो उसका कारण जानना और उन कारणों को दूर करना बहुत जरूरी है। दरअसल खाना खाते ही पेट फूलने पर न सिर्फ शारीरिक तकलीफ होती है, बल्कि इसका असर व्यक्ति के मूड और एनर्जी दोनों पर पड़ता है। अक्सर होने वाली ब्लोटिंग आपके कमजोर पाचनतंत्र का संकेत हो सकती है। खाना खाने के बाद गैस बनने और पेट फूलने की समस्या क्यों होती है और इससे बचाव के लिए क्या किया जा सकता है, इस बारे में जानने के लिए हमने बात की बेंगलुरू के Aster RV Hospital के Lead Consultant-General and Gastrointestinal Surgery, Dr Girish SP से। आइए जानते हैं उन्होंने क्या सुझाव दिए हैं।
खाना खाने के बाद क्यों फूलता है पेट?
डॉ. गिरीश के अनुसार कब्ज पेट फूलने की एक बड़ी वजह है। जब मल लंबे समय तक आंत में रुका रहता है तो बैक्टीरिया उसे ज्यादा देर तक फर्मेंट करते हैं, जिससे पेट में भारीपन, गैस और सूजन की समस्या बढ़ जाती है। खाना खाने के बाद पेट फूलने की समस्या जल्दी-जल्दी खाना खाने के कारण भी हो सकती है। दरअसल जो लोग जल्दी-जल्दी खाना खाते हैं, उनके पेट में खाने के साथ कुछ मात्रा में हवा भी चली जाती है, जिसके कारण पेट फूल जाता है। इसके अलावा ज्यादा तला-भुना, मसालेदार या प्रोसेस्ड फूड भी गैस और ब्लोटिंग का कारण बनते हैं। कुछ लोगों को दूध, दही या बीन्स जैसी चीजें ठीक से पचती नहीं हैं, जिससे उनका पेट तुरंत फूलने लगता है।
इसे भी पढ़ें: ऑयली खाना खाने के बाद होती है ब्लोटिंग की समस्या? डॉक्टर से जानें कारण और बचाव के तरीके
खाना खाने के बाद पेट फूलने से कैसे रोकें?
खाना धीरे-धीरे चबाकर खाएं: हर निवाले को अच्छी तरह चबाएं। इससे खाना अच्छे से पचता है और हवा पेट में कम जाती है। जल्दी-जल्दी और हड़बड़ी में खाना खाने से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
एक साथ ज्यादा न खाएं: ज्यादा खाने से पेट पर दबाव बढ़ता है और गैस बनती है। ज्यादा खाना एक-साथ खाने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके कई बार में खाएं।
पानी सही समय पर पिएं: खाने के तुरंत बाद ज्यादा पानी पीने से पाचन धीमा हो सकता है। पानी या तो खाने से आधा घंटा पहले पिएं या फिर खाने के 30-40 मिनट बाद पिएं।
गैस बनाने वाली चीजें कम खाएं या न खाएं: कुछ चीजें गैस ज्यादा बनाती हैं, जैसे- चना, राजमा, पत्ता गोभी, सोडा, पैकेटबंद स्नैक्स और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स। इनका सेवन कम करें या समस्या ज्यादा परेशान करती है, तो न ही करें।
एक्टिव रहें: खाने के बाद हल्की वॉक करने से पाचन बेहतर होता है और पेट फूलने की समस्या कम होती है। लेकिन ध्यान रखें कि खाते ही वॉक करने न जाएं, बल्कि 10 मिनट रुककर जाएं।
इसे भी पढ़ें: खाना खाने के बाद पेट दर्द या फूलने जैसी समस्या होती है? राहत के लिए करें ये 3 योग
ब्लोटिंग दूर करने के कुछ घरेलू उपाय
गुनगुना पानी: खाने के बाद एक गिलास गुनगुना पानी पीना गैस को कम कर सकता है।
हींग और अजवाइन: एक चुटकी हींग और अजवाइन को गुनगुने पानी के साथ लेना पाचन में मदद करता है।
पुदीना या सौंफ: पुदीना पत्ता चबाना या सौंफ खाना भी पेट की सूजन कम करता है।
डॉक्टर से कब मिलें?
अगर पेट फूलने के साथ लगातार दर्द, उल्टी, वजन कम होना, या खून की उल्टी या मल के साथ खून आने की समस्या हो रहा है तो इसे हल्के में न लें। यह किसी गंभीर पाचन संबंधी बीमारी का संकेत हो सकता है, जिसके लिए तुरंत मेडिकल जांच जरूरी है। इसलिए ऐसा होने पर तुरंत डॉक्टर से मिलें।
कुल मिलाकर पेट फूलने की समस्या से कुछ घरेलू उपायों को अपनाकर और खानपान में थोड़े बदलाव करके निपटा जा सकता है। सही तरीके से खाना, गैस बनाने वाले खाद्य पदार्थों से बचना और थोड़ी एक्टिविटी अपनाना इस समस्या से बचने का आसान तरीका है। लेकिन अगर ब्लोटिंग के साथ अन्य लक्षण दिखें, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं।