Thyroid Mein Anda Kha Sakte Hain: थायराइड एक हार्मोनल समस्या है जो शरीर के मेटाबॉलिज्म, एनर्जी लेवल, हार्टबीट और कई जरूरी शारीरिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करती है। हाइपोथायरॉइडिज़्म (थायराइड हार्मोन की कमी) और हाइपरथायरॉइडिज़्म (थायराइड हार्मोन ज्यादा होना), दोनों ही स्थितियों में डाइट का ध्यान रखना जरूरी होता है। ऐसे में अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि क्या थायराइड के मरीज अंडा खा सकते हैं? लखनऊ के विकास नगर में स्थित न्यूट्रिवाइज क्लीनिक की न्यूट्रिशनिस्ट नेहा सिन्हा बताती हैं कि थायराइड के मरीज अंडा खा सकते हैं, बल्कि उन्हें अंडा जरूर खाना चाहिए, खासतौर पर अंडे का सफेद हिस्सा। यह प्रोटीन, सेलेनियम, आयोडीन और विटामिन-बी12 का अच्छा स्रोत होता है, जो थायरॉइड हार्मोन के निर्माण और उसके सही काम करने में मदद करता है। आइए जानते हैं कि थायराइड में अंडा खाना किस तरह से फायदेमंद हो सकता है और थायराइड में इसका सेवन करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
क्या थायराइड में अंडा खा सकते हैं?- Can We Eat Egg in Thyroid
हां, आप थायराइड में अंडा खा सकते हैं। मयो क्लीनिक के अनुसार, थायरॉइड ग्रंथि के सही तरीके से काम करने के लिए आयोडीन और सेलेनियम बहुत जरूरी होते हैं और अंडा, इन दोनों का बेहतरीन स्रोत है। अंडे की जर्दी (Egg Yolk) में दिनभर की जरूरत का लगभग 10 % आयोडीन और करीब 16 माइक्रोग्राम सेलेनियम पाया जाता है। अंडों की खास बात यह है कि इसे नाश्ते, दोपहर के खाने या रात के खाने, किसी भी समय खाया जा सकता है। इसीलिए थायरॉइड के लिए फायदेमंद चीजों की लिस्ट में अंडे सबसे ऊपर माना जाता है। आपके लिए यह जानना भी जरूरी है कि थायराइड की स्थिति, व्यक्ति की उम्र, वजन, अन्य स्वास्थ्य समस्याओं और उसकी डेली न्यूट्रिशनल जरूरतों को ध्यान में रखकर ही थायराइड की डाइट तय करनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें- अंडे की जर्दी किसे नहीं खानी चाहिए? एक्सपर्ट से जानें
क्या हाइपरथायरॉइडिज्म में भी अंडा खाना फायदेमंद है?- Can We Also Eat Egg in Hyperthyroidism
हां, हाइपरथायरॉइडिज्म यानी थायराइड हार्मोन की अधिकता की स्थिति में भी अंडा खाना फायदेमंद है, लेकिन इस स्थिति में कैल्शियम और विटामिन-डी की मात्रा पर भी ध्यान देना जरूरी हो जाता है, क्योंकि इसका असर हड्डियों पर असर पड़ सकता है। अंडे में विटामिन-डी भी पाया जाता है, जिससे इसे हाइपरथायरॉइडिज्म में खाना फायदेमंद होता है।
थायराइड में अंडा खाने के फायदे- Benefits of Eating Egg in Thyroid
1. अंडा प्रोटीन से भरपूर होता है- Egg is Rich in Protein
थायराइड के मरीजों में थकान और मसल्स की कमजोरी आम बात होती है। अंडा, खासतौर पर अंडे के सफेद हिस्से में प्रोटीन होता है, जिससे मसल्स स्ट्रेंथ और एनर्जी लेवल बेहतर रहता है।
2. सेलेनियम का अच्छा स्रोत है अंडा- Egg is Good Source of Selenium
सेलेनियम एक माइक्रोन्यूट्रिएंट है जो थायरॉइड ग्लैंड के फंक्शन के लिए जरूरी होता है। अंडे की जर्दी (Egg Yolk) में सेलेनियम पाया जाता है जो थायराइड हार्मोन बनने में मदद करता है और शरीर में सूजन को भी कम करता है।
3. आयोडीन की पूर्ति के लिए अंडा खाएं- Eat Egg For Iodine
थायराइड हार्मोन बनाने के लिए आयोडीन जरूरी है। अंडा आयोडीन का एक अच्छा स्रोत है, खासकर उन लोगों के लिए जो सी-फूड या अन्य स्रोत वाला भोजन नहीं खाते हैं।
4. अंडा खाने से विटामिन-बी12 मिलता है- Egg Gives Vitamin B12
थायराइड से प्रभावित लोग अक्सर विटामिन-बी12 की कमी से भी परेशान रहते हैं, जिससे कमजोरी, भूलने की आदत और मूड स्विंग हो सकते हैं। अंडा, विटामिन-बी12 की कमी को दूर करने में मदद करता है।
अंडा खाते वक्त किन बातों का ध्यान रखें?- Things to Keep in Mind While Eating Egg
- न्यूट्रिशनिस्ट नेहा सिन्हा सलाह देती हैं कि अंडे का सेवन संतुलित मात्रा में किया जाना चाहिए। हफ्ते में 4 से 5 अंडों का सेवन पर्याप्त होता है और अगर कोलेस्ट्रॉल की समस्या हो, तो अंडे की जर्दी का सेवन सीमित करें।
- अंडा हमेशा उबालकर या हल्के तेल में पकाकर खाना बेहतर होता है। डीप फ्राई या ज्यादा तेल-मसालों में पके अंडे को खाने से परहेज करें।
- अगर आप सुबह, थायराइड की दवा लेते हैं, तो नाश्ते में अंडे का सेवन और दवा के बीच कम से कम 40 से 45 मिनट का गैप रखें। इससे दवा का असर सही तरीके से होगा।
थायराइड की समस्या में अंडा एक बेहतरीन फूड ऑप्शन है, बशर्ते उसे सही मात्रा और तरीके से खाया जाए। यह न सिर्फ थायराइड फंक्शन को सपोर्ट करता है, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी देता है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
FAQ
थायराइड के मरीजों को नाश्ते में क्या खाना चाहिए?
थायराइड मरीजों के लिए नाश्ते में अंडे का सफेद भाग, ओट्स, नट्स, ताजे फल, ब्राउन ब्रेड, पनीर और लो-फैट दही फायदेमंद होते हैं। ये फूड्स, पोषण और एनर्जी भी देते हैं।क्या अंडा थायराइड बढ़ाता है?
नहीं, अंडा थायराइड को नहीं बढ़ाता बल्कि इसमें मौजूद आयोडीन और सेलेनियम थायराइड फंक्शन को बेहतर बनाते हैं। अंडे का सेवन संतुलित मात्रा में करें।थायराइड में क्या-क्या खाने से परहेज करना चाहिए?
थायराइड में प्रोसेस्ड फूड्स, ज्यादा सोया प्रोडक्ट्स, ब्रोकली-कैबैज जैसी क्रूसिफेरस सब्जियां और बहुत ज्यादा शुगर या जंक फूड खाने से बचना चाहिए।