Vitamin B12 Deficiency Symptoms in Hindi: स्वस्थ रहने के लिए हमें पर्याप्त मात्रा में विटामिन्स और मिनरल्स की जरूरत होती है। ऐसे में जब हमारे शरीर में किसी भी विटामिन या मिनरल की कमी होती है, तो कई तरह के लक्षण नजर आने लगते हैं। विटामिन सी, विटामिन ए और विटामिन डी की जरूरत के बारे में तो आप सभी ने सुना ही होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं विटामिन बी12 भी हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी होता है। जब शरीर में विटामिन बी12 कम होता है, तो इससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। व्यक्ति को तरह-तरह के लक्षणों का सामना करना पड़ सकता है।
तो चलिए विस्तार से जानते हैं शरीर में विटामिन बी12 की कमी होने पर कौन-कौन से लक्षण (Vitamin B12 Deficiency Symptoms) नजर आ सकते हैं-
1. थकान-Vitamin B12 Deficiency Fatigue
जब शरीर में विटामिन बी12 की कमी होती है, आपको थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। दरअसल, शरीर की कोशिकाओं को ठीक से काम करने के लिए विटामिन बी12 की जरूरत होती है। शरीर में विटामिन बी12 कम होने से सामान्य रेड ब्लड सेल्स का उत्पादन कम हो सकता है। ऐसे में जब शरीर में ऊतकों तक ऑक्सीजन ले जाने के लिए पर्याप्त रेड ब्लड सेल्स नहीं होती हैं, जो व्यक्ति को कमजोरी और थका हुआ महसूस हो सकता है।
2. त्वचा का रंग पीला होना-Vitamin B12 Deficiency Yellow Skin
त्वचा का रंग पीला दिखना भी शरीर में विटामिन बी12 की कमी का एक संकेत हो सकता है। जब शरीर में विटामिन बी12 की कमी होती है, तो इससे लाल रक्त कोशिकाओं (Red Blood Cells) में कमी आती है, जो त्वचा को पीला कर सकता है। इतना ही नहीं इस विटामिन की कमी से पीलिया के भी लक्षण नजर आ सकते हैं। इस स्थिति में आपकी त्वचा और आंखों का सफेद हिस्सा पीला हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- शरीर में विटामिन ई की कमी से हाेने लगती हैं कई समस्याएं, डॉक्टर से जानें इनके बारे में
3. सिरदर्द-Vitamin B12 Deficiency Headache
अगर आपको अकसर ही सिरदर्द रहता है, तो यह विटामिन बी12 की कमी का एक लक्षण भी हो सकता है। बच्चों और वयस्कों में विटामिन बी12 कम होने से सिरदर्द महसूस हो सकता है। खासकर माइग्रेन का दर्द परेशान कर सकता है। लेकिन अगर शरीर में विटामिन बी12 की पूर्ति की जाए, तो सिरदर्द से काफी हद तक राहत भी मिल सकती है।
4. डिप्रेशन-Vitamin B12 Deficiency Depression
डिप्रेशन भी विटामिन बी12 की कमी का एक लक्षण हो सकता है। विटामिन बी12 सेंट्रल नर्वस सिस्टम को सही तरीके से काम करवाने के लिए जरूरी होता है। जब इस विटामिन की कमी होती है, तो इससे मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। दरअसल, शरीर में विटामिन बी12 में कमी आने से ऑक्सीडेटिव तनाव बढ़ सकता है। इससे लोग तनाव, चिंता और डिप्रेशन महसूस कर सकते हैं।
5. पाचन से जुड़ी समस्याएं-Vitamin B12 Deficiency Symptoms Digestive
शरीर में विटामिन बी12 की कमी होने से आपको पाचन से जुड़ी समस्याओं का भी सामना करना पड़ सकता है। जब विटामिन बी12 का स्तर कम होता है, तो आपको दस्त, मितली, कब्ज, उल्टी और गैस आदि समस्याओं से परेशान होना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- ब्लड प्रेशर कम होने के कारण ही नहीं होती कमजोरी, बल्कि इन कारणों से भी होता है ऐसा
6. मुंह या जीभ में दर्द-Vitamin B12 Deficiency Tongue Pain
शरीर में विटामिन बी12 की कमी के कारण ग्लोसिटिस जैसी समस्या भी जन्म ले सकती है। इस स्थिति में जीभ में सूजन, रेडनेस और दर्द महसूस हो सकता है। इसके अलावा इसकी कमी स्टामाटाइटिस भी हो सकता है, इसमें मुंह में घाव और सूजन हो सकती है। इसलिए अगर आपको मुंह या जीभ में दर्द और सूजन महसूस हो, तो इस स्थिति को नजरअंदाज बिल्कुल न करें।
7. हाथों-पैरों में जलन
हाथों और पैरों में जलन होना भी विटामिन बी12 की कमी का संकेत हो सकता है। इसकी कमी होने पर तंत्रिका को क्षति पहुंच सकती है, जो हाथों और पैरों में दर्द-सुन्नता पैदा कर सकती है। अगर आपको हाथों और पैरों में जलन और सुन्नता महसूस हो, तो इस स्थिति में विटामिन बी12 की जांच करवाई जा सकती है।
विटामिन बी12 के सोर्स-Vitamin B12 Sources in Hindi
- सार्डिन
- टूना मछली
- सैल्मन
- दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स
- अंडे
- फोर्टीफाइड अनाज
- चीज
Vitamin B12 Deficiency Symptoms in Hindi: अगर आपको भी थकान, पीली त्वचा, जलन, दर्द और चिंता महसूस हो, तो इन स्थितियों को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। इस स्थिति में आप विटामिन बी12 की जांच करवा सकते हैं। अगर विटामिन बी12 के स्तर में कमी देखने को मिले, तो इसके लिए हेल्दी डाइट और सप्लीमेंट लिए जा सकते हैं।