पैर की उंगलियों में झनझनाहट या सुई चुभने जैसी सनसनी एक आम परेशानी है। कई बार लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन जब यह समस्या बार-बार होने लगे या लंबे समय तक बनी रहे, तो यह किसी गहरी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकती है। झनझनाहट (Tingling) महसूस होने पर ऐसा लगता है जैसे उंगलियों में हल्की बिजली दौड़ रही हो या कई सारी सुई चुभ रही हों। यह स्थिति चलने, खड़े होने या आराम करते समय भी हो सकती है। कई बार यह सोते समय भी महसूस होती है जिससे नींद में रुकावट आ सकती है। इसे नजरअंदाज करना कई बार गंभीर बीमारियों को न्योता देना हो सकता है, जैसे कि डायबिटिक न्यूरोपैथी, नसों पर दबाव, विटामिन की कमी या सर्कुलेशन प्रॉब्लम। इस लेख में हम जानेंगे कि इसके कारण क्या हैं, कौन से लक्षण गंभीर हैं और कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी हो जाता है। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
पैर की उंगलियों में झनझनाहट होने के कारण- Tingling in Toes Causes
- लगातार एक ही पोजीशन में बैठने या सोने से नस पर दबाव पड़ता है, जिससे झनझनाहट हो सकती है।
- लंबे समय से असंतुलित डायबिटीज होने पर पैर की नसें प्रभावित होती हैं।
- विटामिन-बी12 की कमी से नसों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता, जिससे झनझनाहट शुरू हो जाती है।
- पैरों में सही ब्लड फ्लो न हो पाने से भी झनझनाहट हो सकती है।
- हड्डियों या जोड़ों की समस्या होने से नसें दब सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- एक्सरसाइज करने के बाद पैरों में झुनझुनी क्यों होती है? डॉक्टर से जानें
पैर की उंगलियों में झनझनाहट कब गंभीर समस्या बन जाती है?- When Tingling in Toes Becomes Serious Concern
अगर झनझनाहट के साथ ये लक्षण भी दिखें, तो डॉक्टर से तुरंत चेकअप कराएं-
- उंगलियों में सुन्नता या कमजोरी
- चलने या संतुलन में दिक्कत
- दर्द या जलन
- झनझनाहट बार-बार या लगातार बनी रहे
- रात में नींद टूटे या पैर भारी महसूस हो
पैर की उंगलियों में झनझनाहट को दूर करने के घरेलू उपाय- Home Remedies For Tingling in Toes
- तिल या नारियल तेल से हल्के हाथों से मालिश करने से ब्लड फ्लो बेहतर होता है।
- 10 मिनट तक गुनगुने पानी में पैर रखने से राहत मिलती है।
- हल्की एक्सरसाइज करें। टखनों को गोल घुमाना, पंजों को ऊपर-नीचे करना फायदेमंद होता है।
- पर्याप्त पानी पिएं। शरीर में पानी की कमी से भी नसें प्रभावित हो सकती हैं।
- टाइट या गलत साइज के जूते पहनने से भी नसें दबती हैं। अपने जूते बदलें।
पैर की उंगलियों में झनझनाहट का इलाज- Treatment For Tingling in Toes
- विटामिन्स की कमी या डायबिटीज की जांच कराएं।
- विटामिन-बी12 सप्लीमेंट लें।
- ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए डॉक्टर की सलाह से दवाएं लें।
- फिजियोथेरेपी की मदद लें।
- नसों की सूजन या दबाव कम करने की दवा को डॉक्टर की सलाह पर लें।
पैर की उंगलियों में झनझनाहट से कैसे बचें?- Prevention Tips For Tingling in Toes
- रोजाना 30 मिनट की हल्की फिजिकल एक्टिविटी करें।
- डायबिटीज, थायराइड जैसी बीमारियों की नियमित जांच कराएं।
- संतुलित आहार लें जिसमें हरी सब्जियां, दालें, नट्स और दूध शामिल हों।
- लंबे समय तक एक पोजीशन में बैठने से बचें।
- आरामदायक जूते पहनें और पैरों की नियमित देखभाल करें।
पैर की उंगलियों में झनझनाहट को नजरअंदाज करना नसों को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है। अगर समस्या बार-बार हो रही हो, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
FAQ
पैरों की उंगली में झुनझुनी क्यों होती है?
यह नसों पर दबाव, ब्लड सर्कुलेशन की कमी, डायबिटीज या विटामिन-बी12 की कमी के कारण हो सकती हैं। लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठना भी कारण बन सकता है।उंगली सुन्न होने के क्या कारण हैं?
नसों की सूजन, चोट, डायबिटिक न्यूरोपैथी, थायराइड की गड़बड़ी या रीढ़ की हड्डी की समस्या से उंगलियां सुन्न हो सकती हैं। यह स्थिति गंभीर भी हो सकती है।कैसे पता चलेगा कि आपकी उंगलियों में गठिया है?
अगर उंगलियों में सूजन, जकड़न, हल्का दर्द या गर्माहट हो और सुबह के समय कठोरता बनी रहे, तो यह गठिया के लक्षण हो सकते हैं। इसके लिए डॉक्टर की जांच जरूरी है।