
गर्मियां शुरु होने के साथ ही त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी शुरु हो जाती हैं। वातावरण का तापमान त्वचा पर सीधा असर डालता है, जिससे टैनिंग, डार्क स्पॉट्स, पिगमेंटेशन और सनबर्न जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। ऐसे में बरसों से अपनाए जा रहे दादी-नानी के घरेलू नुस्खे त्वचा के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। यह त्वचा को प्राकृतिक रूप से निखारने में मदद करते हैं, साथ ही त्वचा की समस्याओं से राहत भी देते हैं। इसी प्रकार दही भी त्वचा की समस्याओं के लिए सदियों के इस्तेमाल किया जा रहा है। चेहरे पर दही लगाने से स्किन सेल्स की गहराई से सफाई होती है, साथ ही त्वचा पर निखार भी आता है। त्वचा के लिए दही कई तरीको से इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे मसाज क्रीम, स्क्रब, फेस पैक और क्लींजर की तरह इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं दही को आइस क्यूब के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। जी हां, गर्मियों की समस्याओं में दही के आइस क्यूब काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। यह त्वचा की कई समस्याओं से छुटकारा देने में मदद कर सकते हैं। लेकिन इसके लिए जरूरी है दही के आइस क्यूब (How To Make Curd Ice Cube) बनाने और इस्तेमाल करने का सही तरीका पता होना।
तो चलिए इस लेख में जानते हैं दही से आइस क्यूब्स बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका -
चेहरे के लिए दही के आइस क्यूब्स कैसे बनाएं (How To Make Curd Ice Cubes For Face)
दही के आइस क्यूब्स बनाने के लिए एक बाउल में 4 से 5 चम्मच दही लीजिए। अब इसमें 2 चम्मच दही और आधा चम्मच हल्दी मिलाएं। सभी चीजों को मिक्स करके पेस्ट तैयार कर लें। अगले स्टेप में इस पेस्ट को आइस क्यूब्स ट्रे में डालकर 2 से 3 घंटे के लिए फ्रीज में रख दें।
इसे भी पढ़े- नैचुरल निखार के लिए चेहरे पर लगाएं एलोवेरा और फलों से बने ये आइस क्यूब्स, मिलेंगे कई फायदे
चेहरे पर दही के आइस क्यूब्स कैसे लगाएं (How To Use Curd Ice Cubes For Face)
सबसे पहले चेहरे को क्लींजर की मदद से साफ कर लें। अब आइस क्यूब्स भी सादे पानी से धो लीजिए, जिससे इसमें जमी धूल-मिट्टी अच्छे से साफ हो जाए। अगले स्टेप में एक-एक आइस क्यूब लेकर मसाज करना शुरू करें। आप एक बार में 2 आइस क्यूब्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। मसाज के 15 मिनट बाद सादे पानी से चेहरा धो लें।
दही के आइस क्यूब्स के फायदे (Benefits of Using Curd Ice Cubes For Face)
दही में लैक्टिक एसिड और एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा की समस्याओं में राहत देने में मदद कर सकता है। दही के आइस क्यूब्स लगाने से सनबर्न, डार्क स्पॉट्स, टैनिंग और पिगमेंटेशन की समस्या से राहत मिल सकती है। यह स्किन को रिलैक्स करने और स्किन पर रेडनेस की समस्या खत्म करने में मददगार हो सकता है।
इसे भी पढ़े- आइस क्यूब से घर पर करें कोल्ड फेशियल, यहां जानें स्टेप्स और फायदे
इस तरह से आप दही के आइस क्यूब्स तैयार करके प्राकृतिक निखार पा सकते हैं। यह टैनिंग और सनबर्न की समस्या से छुटकारा देने में मददगार हो सकता है। लेकिन अगर आप पहली बार बर्फ त्वचा पर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो एक बार पैच टेस्ट जरूर करें।