पेट की चर्बी यानी फैट शरीर में बढ़ते वजन और अनहेल्दी लाइफस्टाइल का संकेत हो सकती है। लंबे समय तक बैठे रहना, फिजिकली एक्टिव न रहना, अनियमित खान-पान, ज्यादा कैलोरी वाला भोजन और खराब नींद कमर के आसपास फैट बढ़ने की वजह बन सकते हैं। मेवाड़ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर एवं प्राकृतिक चिकित्सालय बापू नगर, जयपुर की वरिष्ठ चिकित्सक योग, प्राकृतिक चिकित्सा पोषण और आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि कुछ आयुर्वेदिक नेचुरल ड्रिंक्स पाचन, पेट फूलने और भूख को कंट्रोल करने में सहायक हो सकती हैं, जिनसे पेट पर जमा फैट कम हो सकता है लेकिन इसके साथ हेल्दी लाइफस्टाइल मेंटेन करना सबसे जरूरी है।
पेट की चर्बी कम करने के लिए क्या पीना चाहिए?
आयुर्वेदिक डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि कोई भी पेय यानी ड्रिंक अकेले पेट की चर्बी को सीधे नहीं जला सकती है लेकिन सहायक तौर पर मदद कर सकती हैं। वजन और कमर की चर्बी घटाने के लिए संतुलित खान-पान, नियमित फिजिकल एक्टिविटी, पर्याप्त नींद और सही डेली रूटीन बहुत जरूरी है।
1. जीरा पानी
आयुर्वेदिक डॉ. किरण गुप्ता के अनुसार, जीरा का इस्तेमाल पाचन से जुड़ी समस्याओं के लिए किया जाता है। जीरा पानी भोजन पचाने और पेट फूलने जैसी परेशानी को कम करने में मदद कर सकता है। रात में एक चम्मच जीरा पानी में भिगोकर सुबह उस पानी को हल्का गुनगुना करके छानकर पीने से पेट की चर्बी कम करने में मदद मिल सकती है।
साल 2014 में Complementary Therapies in Clinical Practice में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार-
- वजन कम करने वाली डाइट में जीरा पाउडर शामिल करने से ओवरवेट और मोटापे से पीड़ित महिलाओं को बहुत फायदा होता है। तीन महीने तक रोजाना 3 ग्राम जीरा पाउडर दही के साथ खाने से महिलाओं के शरीर पर बहुत पॉजिटिव असर देखा गया। इससे उनके शरीर का वजन, बीएमआई (BMI), कमर का घेरा और फैट काफी कम हो गए।
- इसके साथ ही, उनके खून में खराब कोलेस्ट्रॉल, ट्राइग्लिसराइड और एलडीएल का लेवल घटा, जबकि अच्छा कोलेस्ट्रॉल (HDL) बढ़ा।
- हालांकि, इसका फास्टिंग ब्लड शुगर और मसल्स पर कोई असर नहीं पड़ा।
- नतीजा यह है कि अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो खाने में जीरे का इस्तेमाल करना एक बेहद असरदार और फायदेमंद तरीका साबित हो सकता है।
2. अजवाइन का पानी
अजवाइन का पानी भी पाचन को बेहतर रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। अजवाइन में मौजूद नेचुरल यौगिक पाचन संबंधी समस्याओं और गैस जैसी समस्या में मदद कर सकते हैं। अगर पेट फूलने की वजह से पेट ज्यादा निकला हुआ दिखाई देता है, तो पाचन बेहतर होने पर कुछ लोगों को फर्क महसूस हो सकता है लेकिन इसे शरीर की जमा चर्बी घटाने का अकेला उपाय नहीं माना जा सकता।
साल 2022 में Pak-Euro Journal of Medical and Life Sciences में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-
- अजवाइन की चाय पीने से मोटापा और हाई कोलेस्ट्रॉल (हाइपरलिपिडमिया) को कम करने में बहुत मदद मिलती है। 60 दिनों तक चले ट्रायल में 16 लोगों को चार समूहों में बांटा गया था।
- रिजल्ट बताते हैं कि जिन लोगों ने रोजाना 1 ग्राम और 1.5 ग्राम अजवाइन की चाय का सेवन किया, उनके शरीर के वजन र ब्लड लिपिड प्रोफाइल (जैसे कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स) में काफी सुधार और कमी देखी गई।
- इससे यह साबित होता है कि अजवाइन का नियमित इस्तेमाल दिल की सेहत के लिए फायदेमंद है और यह मोटापे से लड़ने का एक बेहतरीन नेचुरल उपाय हो सकता है।
3. मेथी का पानी
आयुर्वेदिक डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि मेथी के बीजों में फाइबर पाया जाता है और इन्हें भूख कंट्रोल करने के लिए डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। रात में 1 चम्मच मेथी को पानी में भिगोकर रखें और अगली सुबह इसे उबालकर हल्का गुनगुना पिएं।
इसे भी पढ़ें: क्या वेटलिफ्टिंग करके घटा सकते हैं पेट की चर्बी? एक्सपर्ट से समझें
4. दालचीनी वाला गुनगुना पानी
आयुर्वेदिक डॉ. किरण गुप्ता बताती हैं कि दालचीनी को गुनगुने पानी में थोड़ी मात्रा में मिलाकर लिया जा सकता है। ध्यान रखें कि दालचीनी का पानी पेट की चर्बी को सीधे नहीं पिघलाता है। यदि इसे लेने के साथ भोजन में एक्स्ट्रा चीनी, शुगर ड्रिंक्स और ज्यादा कैलोरी वाले फूड्स कम किए जाएं, तभी वेट मैनेजमेंट में इसका कोई असर दिख सकता है।
5. अदरक और नींबू का पानी
अदरक और नींबू से बना गुनगुना पानी भी फैट कम करने में सहायक हो सकता है। अदरक का इस्तेमाल पाचन संबंधी परेशानी में पारंपरिक रूप से किया जाता रहा है। वहीं, नींबू स्वाद बढ़ाता है जिससे यह पीने में स्वादिष्ट भी लगता है।

साल 2020 में Foods जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार-
- अदरक का पानी पीने से शरीर का वजन बढ़ने से रोकने में मदद मिलती है। अदरक शरीर में फैट को तोड़ने वाली प्रक्रियाओं (lipolytic pathways) को तेज करता है और फैट बनाने वाली प्रक्रियाओं (lipogenic pathways) को धीमा करता है, जिससे लिपिड मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है।
- इसके अलावा, यह इंसुलिन की कार्यक्षमता को सुधारता है, लिवर की कोशिकाओं तक ग्लूकोज पहुंचाने में मदद करता है और ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म को भी बेहतर बनाता है।
- वजन कम करने या डाइट पर रहने वाले लोगों के लिए अदरक का पानी बहुत फायदेमंद हो सकता है।
सिर्फ ड्रिंक से नहीं घटेगी पेट की चर्बी
आयुर्वेदिक डॉ. किरण गुप्ता का कहना है कि पेट का फैट कम करने के लिए केवल किसी एक ड्रिंक पर निर्भर रहना सही नहीं है। इसलिए रोजाना पर्याप्त पानी पीने, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर संतुलित भोजन लेने, शुगर ड्रिंक और प्रोसेस्ड फूड कम करने तथा नियमित एक्सरसाइज करने पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: हफ्ते में सिर्फ एक दिन भी 75 मिनट तेज चलें, तो घट सकती है पेट की चर्बी, नई स्टडी में चौंकाने वाला दावा
डॉक्टर की सलाह
आयुर्वेदिक डॉ. किरण गुप्ता सलाह देती हैं कि अगर कोई व्यक्ति किसी खास बीमारी से जूझ रहा है तो बिना एक्सपर्ट की सलाह के वजन घटाने वाली नेचुरल ड्रिंक्स लेना उचित नहीं है। खासकर, प्रेग्नेंट और स्तनपान कराने वाली महिलाओं, डायबिटीज या ब्लड प्रेशर की दवा लेने वाले लोगों तथा किसी अन्य बीमारी से पीड़ित लोगों को किसी भी ड्रिंक को नियमित रूप से शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
निष्कर्ष
जीरा, अजवाइन, मेथी, दालचीनी और अदरक-नींबू जैसी ड्रिंक्स पाचन बेहतर रखने में मदद कर सकती हैं लेकिन सिर्फ इन्हें पीने से पेट का फैट कम नहीं होगा। कमर का फैट घटाने के लिए बैलेंस डाइट, नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद और कैलोरी बैलेंस सबसे जरूरी है। आयुर्वेदिक औषधियों या किसी खास हर्बल मिश्रण का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या दालचीनी का पानी रोज पी सकते हैं?
दालचीनी का पानी सेहत के लिए फायदेमंद होता है लेकिन इसे लगातार 15 दिन से ज्यादा नहीं लेना चाहिए। 15 दिन के बाद 1 हफ्ते का गैप करें और दोबारा एक्सपर्ट की सलाह पर शुरू करें।सुबह उठते ही सबसे पहले क्या पीना चाहिए?
सुबह उठते ही सबसे पहले कम से कम 1 गिलास सादा या गुनगुना पानी पीना चाहिए, जो कि शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है।क्या जीरा पानी रोज पी सकते हैं?
रोजाना बहुत ज्यादा मात्रा में किसी हर्बल मिश्रण का सेवन करने के बजाय अपनी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रख कर सेवन करना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 25, 2026 15:57 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Kiran Gupta