Fri Sep 11, 2026 | 06:54 PM IST

Medically Reviewed by Dr Naveen Polavarapu , Gastroenterologist

रोज खाली पेट चाय पीते हैं? डॉक्टर से जानें सेहत पर इसका असर

रोज खाली पेट चाय पीने से कुछ लोगों को एसिडिटी, पेट में जलन, मतली या बेचैनी हो सकती है। डॉक्टर से जानें खाली पेट चाय पीने का शरीर और डाइजेशन पर क्या असर पड़ सकता है?

सुबह उठते ही एक कप गरमा-गरम दूध वाली चाय पीना लाखों लोगों के डेली रूटीन का हिस्सा है। कई लोगों को चाय के बिना दिन की शुरुआत अधूरी लगती है लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रोजाना खाली पेट चाय पीने से शरीर पर क्या असर पड़ता है? यशोदा हॉस्पिटल्स, हाईटेक सिटी, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, लिवर स्पेशलिस्ट और एडवांस्ड थेराप्यूटिक एंडोस्कोपिस्ट व एंडोसोनोलॉजिस्ट, Dr. Naveen Polavarapu बताते हैं कि चाय में मौजूद कैफीन कुछ लोगों को सुबह एक्टिव महसूस करा सकता है, लेकिन ज्यादा मात्रा में इसका सेवन बेचैनी या नींद के पैटर्न को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा चाय में मौजूद टैनिन भोजन से मिलने वाले आयरन के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं।

रोज खाली पेट चाय पीने से क्या होता है?

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर नवीन के अनुसार, खाली पेट चाय पीने से हर व्यक्ति को समस्या हो, ऐसा जरूरी नहीं है। हालांकि, कुछ लोगों में लगातार ऐसा करने से डाइजेशन संबंधी कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। चाय पेट में एसिड बनने को बढ़ावा दे सकती है। ऐसे में कुछ लोगों को सीने में जलन, खट्टी डकार, मतली, पेट फूलना या पेट के ऊपरी हिस्से में जलन महसूस हो सकती है। जिन लोगों को पहले से गैस्ट्राइटिस या एसिड रिफ्लक्स की समस्या है, उनमें ये लक्षण ज्यादा परेशान कर सकते हैं।

  • चाय जितनी ज्यादा स्ट्रॉन्ग होती है, उसमें कैफीन और अन्य एक्टिव यौगिकों की मात्रा उतनी ज्यादा हो सकती है। इसलिए सुबह खाली पेट बहुत स्ट्रॉन्ग चाय पीने से सेंसिटिव लोगों में पेट की जलन और बेचैनी बढ़ सकती है।
  • कुछ लोगों को खाली पेट चाय पीने के बाद हाथ-पैर कांपना, बेचैनी, धड़कन तेज महसूस होना या घबराहट जैसी शिकायत भी हो सकती है।
  • इसका एक कारण यह है कि खाली पेट कैफीन शरीर में तेजी से अवशोषित हो सकता है।
  • चाय में मौजूद टैनिन भोजन से मिलने वाले आयरन के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं। यह बात खास तौर पर उन लोगों के लिए जरूरी है जिनके शरीर में पहले से आयरन का लेवल कम है या जिन्हें एनीमिया है।
  • जिन महिलाओं को पीरियड्स के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग होती है या जो दिन में कई कप चाय पीते हैं, उन्हें चाय और आयरन युक्त भोजन के बीच पर्याप्त अंतर रखना फायदेमंद हो सकता है।
  • अगर किसी व्यक्ति में लगातार आयरन की कमी बनी रहती है, तो केवल चाय बंद करने के बजाय इसके कारण की जांच भी जरूरी है।

साल 2026 में NIH की Bookshelf में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, कॉफी और चाय पीने से शरीर में आयरन ठीक से अवशोषित नहीं हो पाता है। इसके कारण शरीर में आयरन की कमी हो सकती है।

हर उम्र और लिंग के हिसाब से आयरन की अलग-अलग जरूरत होती है। चाय पीने से डाइजेस्टिव सिस्टम में आयरन मिलने की क्षमता काफी कम हो जाती है। इसलिए, यदि आप आयरन से भरपूर डाइट ले रहे हैं, तो उसके साथ चाय, कॉफी का सेवन करने से बचें।

उम्र के अनुसार चाय का प्रभाव

आयु वर्ग

समस्याएं
बच्चे नींद में कमी, बेचैनी और फोकस करने पर बुरा असर
युवा ज्यादा सेवन से एसिडिटी और नींद की समस्या
वयस्क पेट में जलन, गैस और एसिडिटी का बढ़ना
बुजुर्ग नींद प्रभावित होना और भोजन से आयरन सोखने की क्षमता में कमी

इसे भी पढ़ें: क्या चाय पीने के तुरंत बाद दवा खाना सही है? डॉक्टर से जानें सेहत पर इसका असर

Empty Stomach tea Effect

क्या चाय पीने से भूख कम हो जाती है?

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर नवीन बताते हैं कि कुछ लोगों में चाय थोड़े समय के लिए भूख को दबा सकती है। इसके कारण व्यक्ति सुबह का पहला भोजन देर से कर सकता है। लंबे समय तक ऐसा होने पर खाने का पैटर्न अनियमित हो सकता है। इसलिए सुबह की शुरुआत केवल चाय से करने के बजाय पर्याप्त पानी और बैलेंस नाश्ते से करना फायदेमंद होता है।

इसे भी पढ़ें: दिनभर में कई कप चाय या कॉफी पीते हैं? गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट से जानें क्या इससे गैस्ट्राइटिस हो सकता है

रोजाना चाय पीने की आदत कैसे बदलें?

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर नवीन सलाह देते हैं कि अगर सुबह खाली पेट चाय पीने की आदत है, तो इसे अचानक छोड़ना जरूरी नहीं है।

  • चाय को बहुत ज्यादा स्ट्रॉन्ग न बनाएं और उठते ही चाय पीने के बजाय पहले पानी पिएं।
  • इसके बाद हल्का नाश्ता या कुछ भोजन करने के बाद चाय ली जा सकती है।
  • जिन लोगों को चाय पीने के बाद बार-बार एसिडिटी, पेट दर्द, मतली या सीने में जलन होती है, उन्हें अपनी चाय की मात्रा और समय पर ध्यान देना चाहिए।

साल 2021 में Physiological Research में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, चाय पीने से भूख कम लगती है, पेट में खाना कम पचता है और फैट का मेटाबॉलिज्म सुधरता है। इससे मोटापा घटाने में मदद मिल सकती है लेकिन ध्यान रखें कि चाय और कॉफी का यह असर तभी होता है, जब आप रोजाना बहुत ज्यादा मात्रा में यानी 3 से 5 कप स्ट्रॉन्ग चाय या कॉफी पीते हैं।

निष्कर्ष

खाली पेट रोजाना चाय पीना हर व्यक्ति के लिए नुकसानदायक नहीं है, लेकिन कुछ लोगों में यह एसिडिटी, हार्टबर्न, मतली, पेट फूलने और बेचैनी जैसी समस्याओं को बढ़ा सकता है। वहीं, चाय में मौजूद टैनिन आयरन के अवशोषण को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए बहुत कड़क चाय को सुबह उठते ही पीने के बजाय पहले हल्का भोजन करना और पर्याप्त पानी पीना बेहतर आदत हो सकती है। जिन लोगों को लगातार पेट की समस्या या आयरन की कमी रहती है, उन्हें डॉक्टर से सलाह लेकर अपनी चाय की आदत पर विचार करना चाहिए।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • सुबह खाली पेट चाय की जगह क्या पीना चाहिए?

    सुबह सबसे पहले पर्याप्त पानी पीना और उसके बाद बैलेंस नाश्ता करना बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे शरीर को दिन की शुरुआत में जरूरी पोषण भी मिलता है।
  • क्या खाली पेट चाय पीने से कब्ज हो सकती है?

    चाय सीधे तौर पर हर व्यक्ति में कब्ज का कारण नहीं बनती लेकिन अगर चाय के कारण पानी कम पिया जाए, तो पाचन प्रभावित हो सकता है।
  • क्या सुबह की चाय छोड़ने से सिरदर्द होता है?

    जो लोग लंबे समय से कैफीन का नियमित सेवन करते आ रहे हैं, वे अचानक चाय बंद करने पर कुछ समय के लिए सिरदर्द या सुस्ती महसूस कर सकते हैं।

Read Next

पेट में मरोड़ होती है? डॉक्‍टर से जानें इसके कारण और बचाव के उपाय

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Akanksha Tiwari

Senior Sub Editor

आकांक्षा तिवारी हेल्थ और लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 6 साल का अनुभव रखती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और फिलहाल जागरण न्यू मीडिया (Onlymyhealth) में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। आकांक्षा को स्वास्थ्य, पोषण और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखने का अच्छा अनुभव है। वे पत्रकारिता और जनसंचार में पोस्ट ग्रैजुएट हैं। रिसर्च, SEO और फैक्ट-चेकिंग में उनकी खास पकड़ है और वे हमेशा प्रमाणिक और भरोसेमंद जानकारी देने की कोशिश करती हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Aug 18, 2026 15:16 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Aug 18, 2026 15:16 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Aug 18, 2026 15:16 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Aug 18, 2026 15:16 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Naveen Polavarapu

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content