आज के समय में कई लोगों के लिए चाय और कॉफी सिर्फ एक ड्रिंक नहीं बल्कि रोज की आदत का हिस्सा बन चुकी है। काम के बीच थकान दूर करने, नींद भगाने या एनर्जी महसूस करने के लिए लोग दिन में कई बार चाय या कॉफी पीते हैं लेकिन क्या ज्यादा मात्रा में इनका सेवन पेट के लिए नुकसानदायक हो सकता है। एस्टर सीएमआई हॉस्पिटल, बेंगलुरु की सीनियर कंसल्टेंट - मेडिकल गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी, डॉ. अनुपमा एन के बताती हैं कि खाली पेट चाय या कॉफी पीने की आदत, दिनभर में कई कप कैफीन लेना या पहले से एसिडिटी और GERD जैसी समस्या होना पेट में जलन को बढ़ा सकता है।
यही वजह है कि कई लोग यह महसूस करते हैं कि चाय या कॉफी पीने के बाद उन्हें खट्टी डकार, पेट में जलन या बेचैनी होने लगती है। आइए जानते हैं क्या ज्यादा चाय या कॉफी गैस्ट्राइटिस का कारण बन सकती है, किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए और पेट को हेल्दी रखने के लिए किन आदतों में बदलाव जरूरी है।
क्या ज्यादा चाय या कॉफी पीने से गैस्ट्राइटिस का खतरा बढ़ सकता है?
डॉ. अनुपमा के अनुसार, केवल चाय या कॉफी अकेले गैस्ट्राइटिस का कारण नहीं बनती, लेकिन इनका ज्यादा सेवन कुछ लोगों में पेट की जलन, एसिडिटी और गैस्ट्राइटिस के लक्षणों को बढ़ा सकता है। खासकर जिन लोगों को पहले से पेट से जुड़ी समस्याएं हैं, उन्हें ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
- डॉ. अनुपमा बताती हैं कि चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन पेट में एसिड बनने की प्रोसेस को बढ़ा सकती है।
- यदि कोई व्यक्ति दिनभर में कई कप चाय या कॉफी पीता है, खासकर खाली पेट, तो कुछ लोगों में पेट की जलन, एसिडिटी और गैस्ट्राइटिस के लक्षण बढ़ सकते हैं।
- इसके अलावा, बहुत गर्म चाय या कॉफी बार-बार पीना भी कुछ लोगों में भोजन नली और पेट में असहजता पैदा कर सकता है।
साल 2022 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, कॉफी पेट में एसिड का प्रोडक्शन बढ़ाती है, जिससे डाइजेस्टिव सिस्टम पर सीधा असर पड़ता है। ज्यादा कॉफी पीने से बदहजमी, सीने में जलन, खट्टी डकारें, गैस और मतली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। जिन लोगों का पेट सेंसिटिव है, उनमें यह गैस्ट्राइटिस, पेट में अल्सर और जीईआरडी (GERD) जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकती है।
किन लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए?
डॉ. अनुपमा के अनुसार, पेट से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को चाय और कॉफी के सेवन में सावधानी बरतनी चाहिए। खासतौर से गैस्ट्राइटिस, जीईआरडी (GERD) या एसिड रिफ्लक्स से पीड़ित मरीजों के लिए इनका ज्यादा सेवन बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: अक्सर रहता है पेट खराब? डॉक्टर से जानें 10 कारण, जिनसे बिगड़ता है डाइजेशन
- कैफीन की ज्यादा मात्रा पेट में एसिड के प्रोडक्शन को बढ़ा देती है, जिससे जलन, सीने में दर्द और पेट के अल्सर के मरीजों की तकलीफें और ज्यादा बढ़ जाती हैं।
- इसके अलावा, जो लोग रोज सुबह खाली पेट चाय या कॉफी पीने के आदी हैं, उन्हें डाइजेशन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
- बिना कुछ खाए कैफीन का सेवन करने से पेट की आंतरिक परत प्रभावित होती है, जिससे एसिडिटी का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसलिए, जो लोग पहले से ही ऐसी बीमारियों का सामना कर रहे हैं या रोजाना जरूरत से ज्यादा कैफीन लेते हैं, उन्हें अपनी सेहत को ध्यान में रखते हुए इनका सेवन सीमित कर देना चाहिए।
पेट को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?
- खाली पेट चाय या कॉफी पीने से बचें।
- दिनभर में कैफीन की मात्रा सीमित रखें।
- पर्याप्त पानी पिएं।
- बहुत मसालेदार और तला-भुना भोजन कम करें।
- धूम्रपान और शराब से बचें।
- समय पर भोजन करें और तनाव को कंट्रोल रखें।
कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है?
डॉ. अनुपमा सलाह देती हैं कि अगर पेट दर्द लगातार बना रहे, बार-बार उल्टी हो, मल का रंग काला हो, उल्टी में खून आए, अचानक वजन कम होने लगे या लंबे समय तक एसिडिटी बनी रहे, तो तुरंत गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट से संपर्क करें। ये गंभीर समस्या के संकेत हो सकते हैं।
निष्कर्ष
जरूरत से ज्यादा चाय या कॉफी पीना हर व्यक्ति में गैस्ट्राइटिस का कारण नहीं बनता, लेकिन कुछ लोगों में यह पेट की जलन, एसिडिटी और गैस्ट्राइटिस के लक्षणों को बढ़ा सकता है। अगर आपको चाय या कॉफी पीने के बाद बार-बार पेट से जुड़ी परेशानी होती है, तो इसे नजरअंदाज न करें। संतुलित मात्रा में सेवन, सही खानपान और समय पर डॉक्टर की सलाह पेट को हेल्दी रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या कॉफी पीने से पेट में अल्सर हो सकता है?
कॉफी सीधे अल्सर का कारण नहीं मानी जाती, लेकिन कुछ लोगों में यह पेट की जलन और मौजूदा लक्षणों को बढ़ा सकती है।गैस्ट्राइटिस को ठीक होने में कितना समय लगता है?
गैस्ट्राइटिस की समस्या कितने दिनों में ठीक होगी ये व्यक्ति की समस्या की गंभीरता, उम्र और हेल्थ कंडीशन पर निर्भर होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 06, 2026 18:30 IST
Modified By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Anupama N K Aug 06, 2026 18:30 IST
Published By : Akanksha Tiwari