पेट में मरोड़ होना एक कॉमन समस्या है। पेट में मरोड़ होने का मतलब है पेट में दर्द या ऐंठन होना। पेट में मरोड़ होने पर हल्का, बार-बार या तेज दर्द महसूस हो सकता है। पेट में अपच होने पर पेट में मरोड़ महसूस होती है। लूज मोशन होने पर भी कई लोग पेट में मरोड़ की शिकायत करते हैं। एसिड रिफ्लक्स भी इसका एक कारण हो सकता है जिसके कारण पेट में जलन या मरोड़ महसूस हो सकती है। जिन लोगों को कब्ज की शिकायत होती है उन्हें भी पेट में मरोड़ हो सकती है क्योंकि आंतों में जमा मल जब शरीर के बाहर नहीं निकल पाता है, तो कोलन में दबाव के कारण पेट में मरोड़ महसूस हो सकती है। आइए जानते हैं पेट में मरोड़ होने के अन्य कारण और बचाव के उपाय। बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Kapil Sharma, Gastroenterologist At Yatharth Super Speciality Hospital, Faridabad से बात की।
1. पेट में मरोड़ का कारण हो सकती है गैस

Gastroenterologist Dr. Kapil Sharma ने बताया कि अक्सर ज्यादा खा लेने के कारण या तली-भुनी चीजों के सेवन से पेट में गैस हो जाती है। इससे पेट फूलने का एहसास होता है और पेट में भारीपन भी लग सकता है। कई लोगों को पेट में गैस के कारण दबाव या मरोड़ महसूस होती है। गैस से दबाव बढ़ सकता है जिससे पेट में मरोड़ और दर्द महसूस होता है। MedlinePlus के मुताबिक, पेट में मरोड़ अक्सर अक्सर गैस और पेट फूलने की वजह से होता है और इसके बाद अक्सर दस्त हो सकते हैं। अगर दर्द 24 घंटे से ज्यादा समय तक रहे, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- अक्सर रहता है पेट खराब? डॉक्टर से जानें 10 कारण, जिनसे बिगड़ता है डाइजेशन
2. फूड पॉइजनिंग और पेट में फ्लू
जब व्यक्ति दूषित भोजन या पानी का सेवन कर लेता है, तो उसमें मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया, वायरस के कारण फूड पॉइजनिंग की समस्या होती है। इंफेक्शन के कारण पेट में ऐंठन या मरोड़, दस्त, उल्टी या मतली हो सकती है। Mayo Clinic के मुताबिक, अगर पेट में मरोड़ के साथ दस्त, जी मिचलाना, उल्टी या कुछ मामलों में बुखार जैसे लक्षण नजर आएं, तो यह पेट के फ्लू के संकेत हो सकते हैं।
3. मेंस्ट्रुअल क्रैम्प्स
पीरियड्स के दौरान यूट्रस की मांसपेशियों में होने वाले दर्द और ऐंठन को मेंस्ट्रुअल क्रैम्प्स कहा जाता है। पीरियड्स के दौरान अक्सर महिलाओं को पेट के निचले हिस्से में मरोड़ और दर्द महसूस होता है।
4. किडनी स्टोन और यूटीआई
Dr. Kapil Sharma ने बताया कि जब किसी व्यक्ति के किडनी में स्टोन होते हैं और वे स्टोन यूरिनरी ट्रैक्ट में आगे बढ़ते हैं, तो यूरिन के फ्लो में रुकावट आती है जिससे पेट में दर्द या मरोड़ महसूस होती है। इसी तरह यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन होने पर यूरिनरी ट्रैक्ट में इरिटेशन या इंफ्लेमेशन हो सकता है जिससे पेट के निचले हिस्से में दर्द या ऐंठन महसूस हो सकती है।
5. आईबीएस और आईबीडी
इरिटेबल बाउल सिंड्रोम या IBS और इंफ्लेमेटरी बाउल डिजीज या IBD पाचन और आंत संबंधित समस्याएं हैं। इसमें पेट दर्द, मरोड़, पेट फूलना, गैस और मल त्याग में परेशानी होती है। आईबीडी में पेट में मरोड़ के साथ वजन कम होना, थकान जैसे लक्षण भी नजर आ सकते हैं। आईबीएस पाचन संबंधित समस्या है जिसमें बाउल मूवमेंट में बदलाव से पेट में मरोड़ हो सकती है और आईबीडी आंतों में होने वाली सूजन है जिसके कारण पेट दर्द और मरोड़ हो सकती है। National Health Service, UK के मुताबिक, गॉल ब्लैडर में स्टोन के कारण पेट के बीच में या दाईं ओर पसलियों के ठीक नीचे तेज दर्द उठ सकता है जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- लंबे समय तक भूखे रहने के बाद ज्यादा खाना डाइजेशन पर कैसे असर डालता है?
पेट में मरोड़ से कैसे बचें?
कच्चा भोजन खाने से बचना चाहिए
पेट में मरोड़ का कारण खाने में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया हो सकते हैं। इनसे बचने के लिए खाने को अच्छी तरह से पकाकर खाएं और कच्चा भोजन खाने से बचें। किसी चीज को खाकर पेट दर्द, उल्टी हो, तो डॉक्टर से सलाह लें।
नियमित एक्सरसाइज करना जरूरी है
पाचन संबंधित समस्याओं के कारण ज्यादातर लोगों को पेट में दर्द और मरोड़ की समस्या होती है। इससे बचने के लिए रोजाना एक्सरसाइज करें। लंबे समय तक बैठने से बचें और भोजन के बाद थोड़ी देर टहलें, इससे खाने को आसानी से पचाने में मदद मिलेगी।
ज्यादा फैट वाली चीजों से बचें
फैट युक्त चीजें जैसे मीट, चिकन, ज्यादा तेल या मिर्च-मसालेदार भोजन, पेट में मरोड़ का कारण बन सकते हैं। ऐसी चीजों से परहेज करें। इससे गैस, ब्लोटिंग जैसे लक्षण भी नजर आ सकते हैं। पेट में जलन, पेट दर्द खराब बाउल मूवमेंट का संकेत हो सकते हैं।
भोजन को अच्छी तरह से चबाकर खाएं
भोजन को जल्दी-जल्दी खाने से पेट में गैस हो सकती है इसलिए भोजन को धीरे-धीरे खाएं ताकि पेट पर बोझ ज्यादा न बढ़े। खाते समय बहुत ज्यादा बात करने, स्ट्रॉ से कुछ पीने या जल्दबाजी में भोजन खाने से भी बचना चाहिए।
पेट में मरोड़ होने पर खुद से दवाएं न लें
अगर पेट में बार-बार मरोड़ हो रही है, तो इसके पीछे छुपे कारण का पता लगाना जरूरी है इसलिए खुद से दवाएं न लें। ज्यादातर मामलों में यह गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता है, लेकिन तेज दर्द, बार-बार मरोड़, उल्टी, स्टूल में खून, बुखार जैसे लक्षण नजर आएं, तो डॉक्टर से संपर्क करना न भूलें।
निष्कर्ष:
पाचन समस्याएं जैसे अपच, लूज मोशन, एसिड रिफ्लक्स, कब्ज, पेट में गैस के कारण पेट में मरोड़ महसूस हो सकती है। महिलाओं को पीरियड्स के दौरान ऐंठन होती है, फूड पॉइजनिंग, किडनी स्टोन, यूटीआई, आईबीएस और आईबीडी के कारण भी पेट में मरोड़ हो सकती है। इससे बचने के लिए रोजाना एक्सरसाइज करें, अधपका खाना न खाएं, ज्यादा फैट या मिर्च-मसालेदार भोजन खाने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, भोजन को अच्छी तरह से चबाकर खाएं और कारण जाने बगैर दवाओं का सेवन करने से बचना चाहिए। अगर मल में खून, उल्टी, बुखार जैसे लक्षण नजर आएं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
image credit: magnific
FAQ
खाना खाने के बाद पेट में मरोड़ क्यों होती है?
बहुत ज्यादा भोजन करना, जल्दी-जल्दी खाना या किसी फूड एलर्जी के कारण भोजन के बाद पेट में मरोड़ महसूस हो सकती है।क्या पानी कम पीने से पेट में मरोड़ हो सकती है?
सीधे तौर पर पानी की कमी से पेट में मरोड़ नहीं होती है, लेकिन लंबे समय तक डिहाइड्रेशन का शिकार रहने से कब्ज की समस्या हो सकती है जिससे पेट में मरोड़ हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 17, 2026 18:15 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Kapil Sharma