Wed Oct 7, 2026 | 06:00 PM IST

Medically Reviewed by Dr Shrey Sharma , BAMS

गैस में अदरक खाना कितना फायदेमंद? आयुर्वेदाचार्य से जानें सेवन का सही तरीका

पेट की गैस और पाचन की परेशानी में अदरक का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है। यहां आयुर्वेदाचार्य से जानिए, अदरक के फायदे और किन लोगों को इसके सेवन में सावधानी रखनी चाहिए।
गैस में अदरक खाना कितना फायदेमंद? आयुर्वेदाचार्य से जानें सेवन का सही तरीकागैस में अदरक खाना कितना फायदेमंद? आयुर्वेदाचार्य से जानें सेवन का सही तरीका

पेट में गैस और पेट फूलने की समस्या से परेशान लोग अक्सर तुरंत राहत के लिए अदरक का सहारा लेते हैं। किसी को अदरक वाली चाय पसंद होती है, तो कोई सुबह खाली पेट अदरक का टुकड़ा खाने लगता है। वहीं कुछ लोग गैस दूर करने के लिए अदरक का काढ़ा भी पीते हैं लेकिन हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, अदरक को पाचन के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन इसकी गर्म तासीर के कारण इसके सेवन का तरीका भी उतना ही जरूरी हो जाता है।

आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं कि अदरक बेहद गर्म होता है। इसलिए इसे खाली पेट खाने या बहुत ज्यादा मात्रा में काढ़े के रूप में लेने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है। खासकर अगर किसी व्यक्ति का पाचन पहले से सेंसिटिव है, तो गलत तरीके से अदरक का सेवन करने पर फायदा मिलने के बजाय परेशानी महसूस हो सकती है।

पेट की गैस में अदरक कैसे काम करता है?

आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, आयुर्वेद में अदरक को वात शामक और वात अनुलोमक माना गया है। इसका मतलब है कि यह शरीर में वात के असंतुलन को शांत करने और उसकी सही दिशा में गति बनाए रखने में मददगार माना जाता है। गैस और पेट फूलने जैसी समस्याओं को आयुर्वेद में वात से जोड़कर देखा जाता है। इसलिए अदरक का सही तरीके से सेवन पाचन से जुड़ी परेशानी में फायदा पहुंचा सकता है।

  • अदरक में मौजूद नेचुरल यौगिक डाइजेशन प्रोसेस को सपोर्ट करने के लिए भी जाने जाते हैं।
  • भोजन में थोड़ी मात्रा में अदरक शामिल करने से पेट में भारीपन और गैस जैसी परेशानी में आराम महसूस हो सकता है।
  • पेट फूलने की समस्या में भी अदरक फायदा कर सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ज्यादा अदरक लेने से ज्यादा फायदा होगा।

साल 2018 में Food Science & Nutrition में प्रकाशित सिस्टमैटिक रिव्यू के अनुसार, प्रेग्नेंसी में होने वाली मतली और उल्टी से राहत पाने के लिए अदरक एक सुरक्षित और प्रभावी नेचुरल विकल्प साबित हो सकता है। रोजाना लगभग 1500 मिलीग्राम (कम मात्रा में बांटकर) अदरक का सेवन इस समस्या में बहुत फायदेमंद रहता है और इससे प्रेग्नेंसी में किसी तरह के साइड इफेक्ट का खतरा भी नहीं होता।

हालांकि अदरक कैंसर जैसी बीमारियों में भी फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इसके पुख्ता सबूत अभी मुख्य रूप से लैब स्टडीज में ही सामने आए हैं। इसलिए, सही खुराक और प्रभाव तय करने के लिए फ्यूचर में और ज्यादा बड़ी क्लीनिकल स्टडी की जाने की जरूरत है।

इसे भी पढ़ें: क्या गर्मी में अदरक और लहसुन खाना पेट के लिए भारी पड़ सकता है? आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानें

खाली पेट अदरक का काढ़ा लेना सही है?

आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं कि अदरक की तासीर बेहद गर्म मानी जाती है। इसलिए इसका सेवन किस रूप में किया जा रहा है, इस पर ध्यान देना जरूरी है। खाली पेट अदरक का सेवन करने या अदरक का बहुत गाढ़ा काढ़ा पीने से शरीर में गर्मी बढ़ सकती है, इसलिए गैस की समस्या होने पर अदरक को खाली पेट सीधे खाने या बार-बार इसका काढ़ा पीने के बजाय भोजन के साथ लेना बेहतर तरीका हो सकता है। आयुर्वेदाचार्य के अनुसार, अदरक का इस्तेमाल सही तरीके से करना चाहिए, ताकि इसके पाचन संबंधी फायदे मिल सकें और शरीर में ज्यादा गर्मी भी न बढ़े।

ginger for gasginger for gas

इसे भी पढ़ें: क्या सौंठ पाउडर सर्दी-जुकाम में राहत देता है? आयुर्वेदाचार्य से जानें

गैस और ब्लोटिंग के लिए अदरक का सही सेवन

आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, अदरक इस्तेमाल करने का एक अच्छा तरीका इसे घी में हल्का भूनकर सब्जी के साथ खाना है। इसके लिए अदरक को बहुत ज्यादा मात्रा में लेने की जरूरत नहीं होती। भोजन में थोड़ी मात्रा में अदरक डालकर इसे घी में भून सकते हैं और फिर सब्जी में शामिल कर सकते हैं। इस तरह अदरक भोजन का हिस्सा बन जाता है और इसे सीधे खाली पेट लेने की जरूरत नहीं पड़ती। गैस और पाचन की परेशानी वाले लोगों के लिए यह तरीका अदरक को डाइट में शामिल करने का आसान तरीका हो सकता है।

अदरक का दूसरा तरीका चटनी में इस्तेमाल करना है। इसके लिए ताजा अदरक को कूटकर चटनी में मिलाया जा सकता है। भोजन के साथ थोड़ी मात्रा में अदरक वाली चटनी लेने से पाचन को सपोर्ट मिल सकता है। यहां भी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है, बहुत ज्यादा अदरक खाने से फायदा बढ़ने के बजाय परेशानी हो सकती है। इसलिए इसे स्वाद और जरूरत के अनुसार सीमित मात्रा में ही भोजन का हिस्सा बनाना बेहतर है।

आयुर्वेदाचार्य की सलाह

आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा सलाह देते हैं कि गैस की समस्या होने पर अदरक को खाली पेट सीधे खाने, ज्यादा मात्रा में लेने या बहुत गाढ़ा काढ़ा पीने से बचना चाहिए। खासकर जिन लोगों को गर्म चीजों से परेशानी होती है, उन्हें इसका सेवन सावधानी से करना चाहिए। अगर गैस लगातार बनी रहती है, बहुत ज्यादा पेट दर्द होता है, उल्टी, वजन कम होना या मल में खून जैसे लक्षण दिखाई देते हैं, तो केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

निष्कर्ष

अदरक पाचन और गैस की समस्या में फायदेमंद हो सकता है, लेकिन आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार इसका सही तरीके से सेवन करना सबसे जरूरी है। अदरक को खाली पेट खाने या ज्यादा गर्म काढ़े के रूप में लेने के बजाय इसे घी में भूनकर सब्जी के साथ या कूटकर चटनी में मिलाकर खाना बेहतर विकल्प माना जाता है। आयुर्वेद में इसे वात शामक और वात अनुलोमक माना गया है, इसलिए सही मात्रा में भोजन के साथ इसका सेवन गैस और पाचन संबंधी परेशानी में मदद कर सकता है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या अदरक खाने से एसिडिटी बढ़ सकती है?

    कुछ लोगों में ज्यादा अदरक लेने पर जलन या एसिडिटी जैसी परेशानी महसूस हो सकती है। इसलिए मात्रा और सेवन का तरीका जरूरी है।
  • क्या अदरक बच्चों को गैस में दिया जा सकता है?

    बच्चों को गैस के लिए अदरक या कोई घरेलू उपाय देने से पहले उनकी उम्र और समस्या को ध्यान में रखना चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें।

Read Next

→ क्या थायराइड में अश्वगंधा लेना चाहिए? आयुर्वेदाचार्य से जानें किन मरीजों के लिए बढ़ सकता है रिस्क

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 07, 2026 15:57 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Shrey Sharma