त्योहार, पार्टी या किसी खास मौके पर अक्सर लोग जरूरत से ज्यादा या अपनी डेली डाइट से हैवी खाना खा लेते हैं। इसके बाद उन्हें पेट में भारीपन, गैस, डकार या अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में कुछ लोग इन समस्याओं से राहत पाने के लिए कई तरह के घरेलू नुस्खों को अपनाते हैं। आयुर्वेद में पाचन को बेहतर रखने के लिए कई मसालों और चीजों का इस्तेमाल किया जाता रहा है। हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि भारी भोजन के बाद पाचन बेहतर रखने का सबसे अच्छा तरीका है कि आप खाने की मात्रा पर कंट्रोल रखने की कोशिश करें। अगर पेट पहले से ही बहुत भर चुका है तो कोई घरेलू उपाय तुरंत ट्राई करने से बेहतर है कि आप थोड़ा आराम करें। इसके अलावा पाचन को बेहतर रखने और ब्लोटिंग की समस्या से राहत पाने के लिए आप इन घरेलू उपायों को अपना सकते हैं।
भारी भोजन के बाद पाचन बेहतर रखने के घरेलू उपाय
डॉ. श्रे शर्मा के अनुसार, भारी भोजन करने के बाद पाचन को बेहतर रखने के लिए आप इन घरेलू नुस्खों को अपना सकते हैं:
1. नमक
भोजन के बाद पाचन से जुड़ी समस्या से राहत के लिए आप थोड़ी मात्रा में नमक का इस्तेमाल कर सकते हैं। ज्यादा खाना खाने पर पाचन को दुरुस्त रखने के लिए थोड़ा सा नमक चाटना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आप ज्यादा नमक का सेवन करें। ध्यान रहे जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर या नमक कम लेने की सलाह दी गई हो, उन्हें इस उपाय को अपनाने से बचना चाहिए।
साल 2017 में Frontiers in Microbiology में प्रकाशित एक रिसर्च के अनुसार, नमक भोजन को पचाने और पोषक तत्वों को अवशोषित करने में मदद करता है, क्योंकि इसके सोडियम और क्लोराइड आयन आंत के सेल्स द्वारा पोषक तत्वों को ब्लडफ्लो में पहुंचाने के लिए जरूरी होते हैं। हालांकि, भोजन में नमक सीमित मात्रा में शामिल करना चाहिए।
2. हींग
भारत की रसोई में हींग का इस्तेमाल लंबे समय से खाने में स्वाद बढ़ाने और सेहत को बेहतर रखन के लिए किया जाता रहा है। हींग को गैस और ब्लोटिंग जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में फायदेमंद माना जाता है। अगर आपने ज्यादा भोजन कर लिया है और इसके बाद हींग का पानी पी सकते हैं।
साल 2016 में Journal of Traditional and Complementary Medicine में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, हींग पाचन क्रिया के लिए बहुत फायदेमंद होती है क्योंकि यह मुंह में लार के बहाव और लार वाले एंजाइम को बढ़ाकर पाचन को उत्तेजित करती है। हींग का इस्तेमाल कमजोर पाचन, पेट दर्द, गैस, पेट के भारीपन और पतले दस्त जैसी समस्याओं से राहत पाने के लिए किया जाता है।
3. सौंठ
सौंठ यानी सूखी अदरक भी खाने के बाद पेट में भारीपन की समस्या से राहत दिलाने में फायदेमंद हो सकता है। इसे भोजन के बाद सीमित मात्रा में लिया जा सकता है। सौंठ का इस्तेमाल खासकर तब किया जाता है, जब भोजन के बाद पेट भारी या असुविधा महसूस हो।
इसे भी पढ़ें: खाना ठीक से पचता नहीं है? पेट की पाचन शक्ति बढ़ाने के लिए आजमाएं ये 5 घरेलू उपाय
4. काली मिर्च
काली मिर्च भी लगभग हर भारतीय रसोई में आसानी से मिल जाती है और पाचन को बेहतर रखने में मदद करती है। भारी भोजन के बाद इसकी थोड़ी सी मात्रा का सेवन किया जा सकता है। हालांकि, अगर आपको पेट में जलन, एसिडिटी या इरिटेबल बाउल सिंड्रोम की समस्या हो तो ज्यादा काली मिर्च खाने से बचना चाहिए।

5. धनिया
अगर हैवी खाना खाने के बाद पेट में भारीपन के साथ एसिडिटी की समस्या भी होती है, तो धनिया पानी पीना बेहतर विकल्प हो सकता है। धनिया का इस्तेमाल हींग, सौंठ या काली मिर्च जैसे मसालों के साथ भी किया जा सकता है।
इन हर्ब्स का सेवन किसके साथ करना बेहतर है?
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, तक्र यानी छाछ को भोजन के साथ या भोजन के बाद लेने की सलाह दी जाती है। भारी भोजन के बाद थोड़ा छाछ पीना कुछ लोगों में सुविधा महसूस करा सकती है। आप काली मिर्च, सौंठ, नमक, हींग और धनिया को छाछ में मिलाकर भी पी सकते हैं। हालांकि, इन मसालों को सीमित मात्रा में ही लें। साथ ही, जिन लोगों को लैक्टोज इनटॉलरेंस है या किसी कारण डेयरी प्रोडक्ट्स नहीं ले सकते हैं, उन्हें छाछ पीने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: क्या आपका पाचन तंत्र स्वस्थ है? डॉक्टर के बताए ये 7 संकेत दिखें तो मतलब हेल्दी है डाइजेशन
डॉक्टर से कब संपर्क करें?
कभी-कभार ज्यादा खाना खाने के बाद पेट में भारीपन महसूस होना आम बात है, लेकिन अगर अपच, गैस, पेट दर्द, उल्टी, सीने में जलन या ब्लोटिंग की समस्या लगातार बनी रहती है तो इसे सिर्फ घरेलू नुस्खों से ठीक करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इस स्थिति में जरूरी है कि आप डॉक्टर से कंसल्ट करें और इन समस्याओं के पीछे के सही कारणों के बारे में पता लगाएं।
निष्कर्ष
डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि भारी भोजन करने के बाद पाचन को बेहतर रखने के लिए सबसे जरूरी है कि भारी भोजन के बाद पाचन को बेहतर रखने के लिए सबसे जरूरी है कि भोजन संतुलित मात्रा में लिया जाए, धीरे-धीरे खाया जाए और खाने के तुरंत बाद लेटने से बचा जाए। हींग, सौंठ, काली मिर्च, धनिया या छाछ जैसे विकल्प कुछ लोगों को राहत दिला सकते हैं। इसके बाद भी इनका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। खासकर बीमारी या किसी खास स्थिति में डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी घरेलू उपाय को अपनाने से बचें।
Image Credit: Freepik
FAQ
कमजोर पाचन तंत्र को मजबूत कैसे करें?
कमजोर पाचन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने खान-पान में सुधार करना जरूरी है और नियमित रूप से योग या एक्सरसाइज भी करें। अपने खाने में फाइबर से भरपूर फूड्स शामिल करें, खुद को हाइड्रेट रखें और जंक फूड से परहेज करें।सुबह खाली पेट क्या पीने से पेट साफ होता है?
सुबह खाली पेट गुनगुना पानी पीने से पेट अच्छी तरह साफ होता है और कब्ज की समस्या दूर होती है। इसके अलावा आप नींबू पानी, जीरा या अजवाइन का पानी और त्रिफला चूर्ण का पानी पी सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 27, 2026 16:57 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma