खाना खाने के बाद पेट भारी होना, बार-बार डकार आना, पेट फूलना, मतली या थोड़ी खाने के बाद ही पेट भरा हुआ महसूस होना पाचन से जुड़ी आम समस्याएं हैं। ऐसा कभी-कभार हो सकता है, लेकिन अगर समस्या बार-बार होने लगे तो इसके पीछे केवल खान-पान ही नहीं, बल्कि पेट से जुड़ी दूसरी समस्या भी हो सकती है। हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, अगर आपको खाना खाने के बाद पेट में असहजता, गैस या भारीपन महसूस होता है, तो सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि कौन-सी आदतें आपकी समस्या को बढ़ा रही हैं। कुछ लोगों को ज्यादा फैट वाले फूड्स से परेशानी होती है तो वहीं कुछ में कैफीन, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स कुछ खास फूड्स लक्षण बढ़ा सकते हैं। आइए जानते हैं कि पेट की पाचन शक्ति बढ़ाने के लिए क्या करना चाहिए?
पेट की पाचन बढ़ाने के लिए क्या करना चाहिए?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, पाचन से जुड़ी समस्याएं अगर कभी-कभार होती है तो खान-पान और डेली रूटीन में कुछ बदलाव और घरेलू उपाय मददगार हो सकते हैं लेकिन अगर पाचन की समस्या लगातार बनी रहती है तो डॉक्टर से चेकअप करवाना चाहिए।
1. खाना धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाकर खाएं
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा सलाह देते हैं कि पाचन यानी डाइजेशन अच्छा रखने के लिए भोजन करने का तरीका भी बहुत जरूरी है। जल्दबाजी में खाना खाने से ज्यादा हवा निगलने की संभावना बढ़ सकती है, जिससे डकार और पेट में गैस की समस्या हो सकती है। कोशिश करें कि भोजन बैठकर और धीरे-धीरे खाएं। हर निवाले को अच्छी तरह चबाने से भोजन छोटे हिस्सों में टूटता है और पाचन तंत्र यानी डाइजेस्टिव सिस्टम पर बोझ कम हो सकता है।
साल 2019 में Integrative Medicine: Clinician's Journal में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार-
- माइंडफुल ईटिंग (सचेत होकर भोजन करना) आपकी डाइजेशन प्रोसेस को बेहतर बनाने और मानसिक शांति पाने का एक बेहतरीन तरीका है।
- जब आप तनाव कम करके आराम से और ध्यान से खाना खाते हैं, तो आपका तंत्रिका तंत्र यानी नर्वस सिस्टम शांत होता है और शरीर "रेस्ट-एंड-डाइजेस्ट" (आराम और पाचन) मोड में आ जाता है।
- यह विज्ञान द्वारा प्रमाणित है कि भोजन के प्रति सचेत दृष्टिकोण आपके पूरे शरीर के स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती को बढ़ावा देता है।
2. मसालेदार भोजन कम करें
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि अगर आपको बार-बार अपच, पेट में जलन या भारीपन महसूस होता है, तो अपने भोजन पर ध्यान देना जरूरी है। बहुत ज्यादा तला-भुना, चिकना और मसालेदार भोजन कुछ लोगों में अपच के लक्षण बढ़ा सकता है। हालांकि, हर व्यक्ति के लिए परेशानी पैदा करने वाले फूड्स अलग हो सकते हैं। इसलिए ध्यान दें कि किन चीजों को खाने के बाद गैस, जलन या पेट फूलने की समस्या बढ़ती है और जरूरत के अनुसार उनका सेवन कम करें।
इसे भी पढ़ें: अक्सर रहता है पेट खराब? डॉक्टर से जानें 10 कारण, जिनसे बिगड़ता है डाइजेशन
3.पर्याप्त पानी पिएं और फाइबर को डाइट लें
डाइजेस्टिव सिस्टम को हेल्दी रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। पानी मल को नरम रखने और शरीर से अपशिष्ट बाहर निकालने की प्रोसेस में मदद करता है। वहीं फाइबर युक्त भोजन कब्ज से बचाने और आंतों के सामान्य कामकाज को बनाए रखने में मदद कर सकता है। फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दालें फाइबर के अच्छे सोर्स हैं।
How To Improve Digestion naturally
साल 2025 में Harvard Health Publishing में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-
- फाइबर हमारे पेट के अच्छे बैक्टीरिया के लिए प्रीबायोटिक का काम करता है। भरपूर फाइबर खाने से पेट की सेहत अच्छी रहती है, कब्ज जैसी समस्याएं दूर होती हैं और आंतों की सूजन कम होती है।
- हमें हर दिन 21 से 38 ग्राम फाइबर जरूर खाना चाहिए। इसके लिए अपनी डाइट में फलियां, साबुत अनाज, एवोकाडो, शकरकंद, ब्रसेल्स स्प्राउट्स, बेरीज, हरी पत्तेदार सब्जियां और मेवे व बीज जैसी चीजें जरूर शामिल करें।
- हेल्दी और तंदुरुस्त रहने के लिए फाइबर से भरपूर भोजन अपनाना बेहद जरूरी है।
4. चाय-कॉफी का सेवन सीमित करें
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा सलाह देते हैं कि अगर आपको अपच या पेट में जलन की शिकायत रहती है तो चाय, कॉफी और अन्य कैफीन युक्त या ड्रिंक्स पर ध्यान दें। कुछ लोगों में ये ड्रिंक्स लक्षणों को बढ़ा सकती हैं। खासकर अगर किसी खास ड्रिंक के बाद लगातार जलन, डकार या पेट फूलने की समस्या होती है, तो उसका सेवन न करें।
इसे भी पढ़ें: क्या आपका पाचन तंत्र स्वस्थ है? डॉक्टर के बताए ये 7 संकेत दिखें तो मतलब हेल्दी है डाइजेशन
5. खाने के तुरंत बाद न लेटें
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि रात में भोजन करने के तुरंत बाद बिस्तर पर लेट जाना अपच और एसिड ऊपर आने की समस्या को बढ़ा सकता है। अगर आपको रात में जलन या खट्टी डकार की शिकायत रहती है, तो सोने से करीब 3-4 घंटे पहले भोजन कर लेना बेहतर हो सकता है।
निष्कर्ष
पाचन को बेहतर बनाने के लिए किसी एक घरेलू उपाय पर निर्भर रहने के बजाय रोजाना की आदतों पर ध्यान देना जरूरी है। धीरे-धीरे खाना, पर्याप्त पानी पीना, फाइबर युक्त बैलेंस डाइट लेना, तला-भुना भोजन सीमित करना, खाने के बाद तुरंत न लेटना पाचन संबंधी परेशानियों को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है। हालांकि, अगर अपच लगातार बनी रहती है या इसके साथ वजन कम होना, बार-बार उल्टी, खून की उल्टी, काले मल या तेज और लगातार पेट दर्द जैसे लक्षण हों, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
पाचन के लिए पानी पीने का सही समय क्या है?
पानी पीने के लिए कोई एक समय नहीं होता है बल्कि दिनभर पीते रहना चाहिए। बेहतर पाचन के लिए रोजाना 2 से 3 लीटर पानी दिनभर में पिएं।क्या दूध पीने से अपच बढ़ सकती है?
कुछ लोगों में दूध या डेयरी प्रोडक्ट्स के सेवन के बाद पेट फूलना, गैस या अन्य पाचन संबंधी लक्षण हो सकते हैं। यदि हर बार ऐसा होता है, तो डॉक्टर से सलाह लें।क्या रोज गैस बनना नॉर्मल है?
डाइजेशन प्रोसेस के दौरान हल्की गैस बनना नॉर्मल है लेकिन अगर गैस बहुत ज्यादा हो, अचानक बढ़ जाए या इसके साथ पेट दर्द, दस्त, कब्ज या वजन कम होने जैसे लक्षण हों, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 26, 2026 12:15 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma
