अगर आपको गैस और ब्लोटिंग की समस्या रहती है, तो यह संकेत हो सकता है कि आपकी डाइट में ज्यादा फाइबर और हल्के पचने वाले खाद्य पदार्थों की जरूरत है। गलत खानपान, ज्यादा तली-भुनी चीजें और कम पानी पीने से भी पाचन तंत्र कमजोर हो सकता है, जिससे गैस और ब्लोटिंग की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में हेल्दी सलाद को डाइट में शामिल करना एक शानदार उपाय हो सकता है। सलाद न सिर्फ पेट को हल्का रखते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी देता है। इनमें मौजूद फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन्स पाचन को मजबूत बनाते हैं और पेट की समस्याओं से राहत दिलाते हैं। इस लेख में आपको बताएंगे 3 ऐसे सलाद की रेसिपीज जिसे खाकर पाचन की समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के न्यूट्रिवाइज क्लीनिक की न्यूट्रिशनिस्ट नेहा सिन्हा से बात की।
1. खीरा और पुदीना का सलाद- Cucumber and Mint Salad
फायदे:
- खीरा 96 प्रतिशत पानी से भरपूर होता है, जो शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाता है और पाचन सुधारता है। इससे इंडाइजेशन दूर होता है।
- पुदीना गैस और अपच को दूर करने में मदद करता है।
- नींबू पाचन एंजाइम्स को एक्टिव कर गैस की समस्या को कम करता है।
कैलोरीज: लगभग 30-40 कैलोरीज प्रति सर्विंग।
सामग्री:
- 1 कप खीरा
- 1 टेबलस्पून ताजा पुदीना पत्तियां (बारीक कटी हुई)
- 1 टीस्पून नींबू का रस
- 1/2 टीस्पून काला नमक
- 1/4 टीस्पून काली मिर्च पाउडर
कैसे बनाएं?:
- सभी सामग्रियों को एक बाउल में डालें।
- इसे अच्छी तरह मिलाएं और परोसें।
इसे भी पढ़ें- ओवरईटिंग करके बढ़ गया वजन? इस सलाद को खाने से होगा वेट लॉस और बॉडी होगी डिटॉक्स
2. पपीता और अनार का सलाद- Papaya and Pomegranate Salad
फायदे:
- पपीता प्राकृतिक एंजाइम पपैन से भरपूर होता है, जो पाचन को सुधारता है।
- अनार में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
- यह सलाद फाइबर से भरपूर होता है, जो पेट को साफ रखने में मदद करता है।
कैलोरीज: लगभग 80-100 कैलोरी प्रति सर्विंग।
सामग्री:
- 1 कप पका हुआ पपीता
- 1/2 कप अनार के दाने
- 1/2 टीस्पून भुना हुआ जीरा पाउडर
- 1 टीस्पून शहद
- 1 टीस्पून नींबू का रस
कैसे बनाएं?:
- पपीते को छोटे टुकड़ों में काट लें।
- ऊपर से अनार और जीरा पाउडर डालें।
- शहद और नींबू का रस मिक्स करें।
- सभी सामग्री को मिलाएं और हल्के हाथों से मिक्स करके परोसें।
3. दही और चुकंदर का सलाद- Curd and Beetroot Salad
फायदे:
- दही प्रोबायोटिक्स से भरपूर होता है, जो आंतों की सेहत में सुधार करता है।
- चुकंदर में मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है और पेट में गैस की समस्या को दूर करता है।
- यह सलाद मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है।
कैलोरीज: लगभग 70-90 कैलोरीज प्रति सर्विंग।
सामग्री:
- 1/2 कप उबला हुआ चुकंदर (कटा हुआ या कद्दूकस किया हुआ)
- 1/2 कप ताजा दही
- 1/2 टीस्पून काला नमक
- 1/4 टीस्पून भुना हुआ जीरा पाउडर
- 1 टीस्पून धनिया पत्तियां (बारीक कटी हुई)
कैसे बनाएं?:
- चुकंदर को घिसकर बाउल में डालें।
- दही में सारे मसाले डालकर मिलाएं।
- चुकंदर के ऊपर ताजा दही डालें और धनिया डालकर खाएं।
इन तीनों सलाद का सेवन करके आप डाइजेशन को बेहतर बना सकते हैं। गैस और ब्लोटिंग को दूर करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करना न भूलें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।