How To Get Rid of Burps and Gas: क्या खाना खाने के बाद आप भी खट्टी डकार और गैस से परेशान रहते हैं? क्या खाना खाने के बाद आपको भी ब्लोटिंग होने लगती है? अगर हां, तो यह लाइफस्टाइल के जुड़ी कुछ गलतियों के कारण हो सकता है। यह समस्याएं बॉडी हाइड्रेट न होने, भारी खाना खाने, तला-भूना ज्यादा खाने के कारण हो सकती हैं। कभी-कभार ये समस्या होना नॉर्मल है, लेकिन रोज होने पर डॉक्टर से संपर्क जरूर करना चाहिए। अगर आपको भारी खाने या देरी से खाने से ये समस्याएं हो रही हैं, तो आप भुने मसालों का पानी पी सकते हैं। ये खाने को जल्दी पचाने में मदद करता है और पेट में एसिड कम करता है। इस ड्रिंक के बारे में हमने जाना हरियाणा के सिरसा जिले के आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर श्रेय शर्मा से। आइये लेख में एक्सपर्ट से जानें इस बारे में।
खाना पचाने के लिए बनाएं भुने मसालों का खास ड्रिंक- Roasted Spices Drink For Digestion
सामग्री
- जीरा- 1 चम्मच
- अजवाइन- ½ चम्मच
- सौंफ- 1 चम्मच
- धनिये के बीज- ½ चम्मच
बनाने का तरीका
इन सभी मसालों को मिलाकर तवे पर ड्राई रोस्ट कर लेंगें। भूनने के बाद हल्का ठंडा होने दें और इन्हें पीस लें। आप इसे महीन या दरदरा भी पीस सकते हैं। एक गिलास गर्म पानी में इसे एक चम्मच मिलाएं और इसका सेवन करें। खाना खाने के आधे घंटे बाद आप यह ड्रिंक पी सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- ज्यादा खाना खाने के बाद करें ये 5 काम, आसानी से डाइजेस्ट हो जाएगा खाना
खाना पचाने के लिए कैसे फायदेमंद है यह ड्रिंक- Roasted Spiced Drink For Digestion
जीरा- Cumin Seeds
जीरा पाचन अग्नि को बढ़ाने में मदद करता है। यह तासीर में गर्म होता है और इसे वातसामक माना जाता है। जब भूनकर इसका सेवन किया जाता है, तो यह पाचन अग्नि को बढ़ाने में मदद करता है। इसके सेवन से खाना जल्दी पचता है।
सौंफ- Fennel Seeds
सौंफ की तासीर ठंडी होती है और यह पेट में उमड़ रहे एसिड को भी शांत करती है। जब सौंफ को भूनकर गर्म पानी में पिया जाता है, तो यह बदहजमी को शांत करने में मदद करती है। इसके सेवन से गैस भी शांत होती है और पेट को जल्द आराम मिलता है।
धनिया के बीज- Coriander Seeds
जब आप गुनगुने पानी में भुना धनिया मिलाते हैं, तो इससे पेट को आराम मिलता है। धनिये की तासीर भी ठंडी होती है। यह वायु को आंतों से नीचे ले जाने में मदद करते हैं। अगर किसी को गैस या बदहजमी हो रही है, तो उसे धनिये के बीजों का पानी पीने की सलाह दी जाती है।
इसे भी पढ़ें- रातभर पानी में भिगोकर रखें ये 4 चीजें, सुबह खाली पेट खाने से दूर होंगी पाचन और पीरियड्स की समस्याएं
अजवाइन- Carom Seeds
गैस और बदहजमी में भुनी अजवाइन बहुत फायदेमंद होती है। इसके सेवन से पेट में एसिड शांत होती है और ब्लोटिंग से भी राहत मिलती है। इस ड्रिंक में भुनी अजवाइन इस्तेमाल हुई है, जो वायु को आंतों से नीचे ले जाने में मदद करती है। इससे खट्टी डकार और एसिडिटी से भी राहत मिलती है।
एक्सपर्ट टिप
पाचन तंत्र स्वस्थ रखने के लिए खानपान और जीवनशैली में बदलाव करें। खाना खाने के बाद थोड़ी देर वॉक के लिए जरूर जाएं। रात में देरी से खाना न खाएं और हल्का खाना ही खाएं। तरल पदार्थों का सेवन करें जिससे पाचन तंत्र भी स्वस्थ रहे।
इस तरह से आप भुने मसालों से ड्रिंक बनाकर पी सकते हैं। लेख में हमने एक्सपर्ट से इसके फायदों के बारे में भी जाना। आप इस पाउडर को खाने के बाद चूरन की तरह भी खा सकते हैं।