What Should We Not Do After Eating: क्या आपको भी खाना खाने के बाद एसिडिटी होने लगती है? या खाने के थोड़ी देर बाद ही उबासी आने लगती है? तो इसका कारण खाने के बाद की गई कुछ गलतियां हो सकती हैं। आपने बचपन से भी सुना होगा कि खाने के बाद कुछ गलतियां करने से पाचन खराब हो सकता है। यह बात बिल्कुल सही है, क्योंकि हमारे खाने को पचने में करीब 3 घंटे का समय लगता है। ऐसे में अगर आप कुछ जरूरी चीजों को नजरअदाज करते हैं, तो इससे सेहत को नुकसान हो सकता है। इस कारण आपका वजन तेजी से बढ़ सकता है और आपको कब्ज या एसिडिटी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए जरूरी है इन गलतियों पर शुरुआत से ध्यान दिया जाए। इस बारे में जानने के लिए हमने बात की न्यूट्रीफाई बाई पूनम डाइट एंड वैलनेस क्लिनिक एंड अकेडमी की डायरेक्टर पूनम दुनेजा से।
खाने के बाद भूलकर भी न करें ये गलतियां- Post Meal Mistakes That Can Be Harmful For Health
खाने के तुरंत बाद पानी पीना
खाने के तुरंत बाद पानी पीने से आपकी पाचन क्रिया धीमी हो सकती है। इसके कारण पेट में मौजूद एसिड कम होने लगता है, जो खाने को पचाने के लिए जरूरी होता है। इसलिए खाने के तुरंत बाद पाना पीने के बजाय खाने से पहले और खाने के बीच में थोड़ा-थोड़ा पानी पीयें। इससे खाना ठीक से पच पाएगा।
कोई हार्ड एक्टिविटी करना
अगर आप खाने के तुरंत बाद एक्सरसाइज, योगा या कुछ हार्ड एक्टिविटी करते हैं, तो इससे पाचन क्रिया को नुकसान हो सकता है। एक्सरसाइज के दौरान हमारा शरीर मसल्स तक ब्लड पहुंचाता है। ऐसे में अगर आप खाना खाते ही वर्कआउट करेंगे, तो इससे पाचन को नुकसान होता है। इसलिए खाने के बाद करीब 2 घंटे तक कोई भी हार्ड एक्टिविटी नहीं करें।
इसे भी पढ़े- खाना खाने के बाद अंजाने में की गई ये 5 गलतियां खराब करती हैं आपका पाचन, जानें डाइजेशन कैसे ठीक करें
कैफीन का सेवन करना
कुछ लोगों को खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी लेने की आदत होती है। लेकिन यह आदत पाचन खराब करने का कारण भी बन सकती है। खाने के तुरंत बाद कैफीन लेने से शरीर की पोषक तत्व सोखने की क्षमता काफी कम हो जाती है। अगर आपको कैफीन का सेवन करना है, तो खाने के 1 से 2 घंटे पहले लें, यह आदत पाचन स्वस्थ रखने में भी मददगार होगी।
खाने के बाद फल खाना
खाने के बाद फल का सेवन करना काफी नुकसानदायक हो सकता है। दरअसल, ऐसा करने के फल खाने के साथ मिक्स हो जाते हैं, जो शरीर में पोषक तत्व सोखने की क्षमता धीमी कर देते हैं। इसके कारण आपको कब्ज, पेट दर्द या एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इसे भी पढ़े- रात को खाने के बाद क्या करना चाहिए? जानें सेहतमंद रहने के लिए 5 जरूरी नियम
खाने के तुरंत बाद सोना
कुछ लोगों को खाने के तुरंत बाद सोने की आदत होती है। लेकिन यह आदत पाचन क्रिया को धीमा भी कर सकती है। इसके कारण खाना ठीक से पच नहीं पाता और एसिडिटी और सीने में जलन जैसी समस्याएं करने लगता है।
खाने के बाद नहाने जाना
खाने के तुरंत बाद नहाना पूरे शरीर को नुकसान कर सकता है। दरअसल, खाने के बाद हमारा शरीर ठंडा हो जाता है। शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए ब्लड त्वचा में तेजी से फ्लो होने लगता है, जो पूरे शरीर के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है।
खाने के बाद इन गलतियों को करने से आपको पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए हेल्दी ईटिंग की आदतों को अपनाने की कोशिश करें। अगर आपको इस लेख में दी गई जानकारी पसंद आई हो, तो इसे शेयर करना न भूलें।