Doctor Verified

भीषण गर्मी में Gut Health कैसे रखें दुरुस्त? जानें क्या खाएं और किन चीजों से बचें

इन दिनों दिल्ली समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जाती है, ऐसे में जरूरी है कि हम अपने खानपान में बदलाव करें। ऐसे में सवाल उठता है कि गर्मी में गट को हेल्दी रखने के लिए क्या खाएं और किन चीजों से बचें।
  • SHARE
  • FOLLOW
भीषण गर्मी में Gut Health कैसे रखें दुरुस्त? जानें क्या खाएं और किन चीजों से बचें


इन दिनों दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी की चपेट में है और दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। लू चल रही है और गर्म हवाओं से शरीर थकावट और डिहाइड्रेशन का शिकार हो रहा है। इस मौसम में सबसे ज्यादा असर हमारे पाचन तंत्र यानी गट पर पड़ता है। गर्मी में शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, पसीना ज्यादा निकलता है और खाने की चीजें जल्दी खराब होने लगती हैं, जिससे अपच, गैस, एसिडिटी और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। गट हेल्थ यानी आंतों की सेहत हमारे पूरे शरीर की इम्यूनिटी और एनर्जी का आधार है।

अगर पाचन तंत्र कमजोर हो जाए तो शरीर में कमजोरी, थकान और चिड़चिड़ापन जैसे लक्षण उभरने लगते हैं। इसलिए भीषण गर्मी के मौसम में खानपान को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है। ऐसे में सवाल उठता है कि इस मौसम में गट को हेल्दी रखने के लिए क्या खाएं और किन चीजों से दूरी बनाएं? इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने, जयपुर स्थित Angelcare-A Nutrition and Wellness Center की निदेशक, डाइटिशियन अर्चना जैन से बात की-

गर्मी में क्या खाएं और किन चीजों से बचें - What To Eat And Avoid In Summer For Gut Health

डाइटिशियन अर्चना जैन कहती हैं, 'गर्मी में शरीर से पसीने के जरिए पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स तेजी से निकलते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन, अपच, एसिडिटी, कब्ज और पेट फूलने जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। साथ ही पाचन एंजाइम्स की क्रिया भी धीमी हो जाती है। इसलिए गट को शांत, ठंडा और संतुलित रखना बेहद जरूरी हो जाता है।' गर्मी में सही खान-पान से न केवल गट हेल्थ सुधारी जा सकती है, बल्कि पूरे शरीर की सेहत भी बेहतर बनी रहती है। आइए जानते हैं कि भीषण गर्मी में गट हेल्थ के लिए क्या खाएं और किन चीजों से परहेज करें।

इसे भी पढ़ें: गर्मियों में लहसुन खाना हो सकता है नुकसानदायक, जानें किसे नहीं करना चाहिए सेवन

ज्यादा गर्मी में क्या खाना चाहिए? - what should you eat in extreme heat

1. प्रोबायोटिक फूड्स अपनाएं

गर्मी में प्रोबायोटिक्स गट के लिए संजीवनी का काम करते हैं। ये अच्छे बैक्टीरिया पाचन में मदद करते हैं और सूजन को कम करते हैं। इसके लिए डाइट में दही, छाछ (पानी मिलाकर पतली और हल्की), कांजी और अचार शामिल करें।

2. फाइबर युक्त फल-सब्जियां खाएं

फाइबर गट की सफाई करता है और कब्ज से राहत देता है। साथ ही ये गट माइक्रोबायोम को सपोर्ट करता है। इसके लिए खीरा, ककड़ी, टमाटर, गाजर, लौकी, तरबूज, खरबूजा, पपीता, अमरूद और हरे पत्तेदार साग जैसे पालक का सेवन करें।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में रेड अलर्ट, हीट इंडेक्स पहुंचा 51 डिग्री के पार, डॉक्टर ने बताया उमस भरी गर्मी में कैसे रखें सेहत का ख्याल

3. हाइड्रेटिंग फूड्स का सेवन करें

गर्मी में डिहाइड्रेशन से बचना बेहद जरूरी है। ऐसे फूड्स लें जिनमें पानी की मात्रा ज्यादा हो। इसके लिए नारियल पानी, बेल का शरबत, सत्तू का शरबत, नींबू पानी और हर्बल चाय शामिल करें।

4. हल्का और सुपाच्य भोजन लें

गर्मी में पाचन धीमा होता है, इसलिए भारी और मसालेदार भोजन गट को परेशान करता है। दिन में दो बार ही भारी खाना खाएं। इसके लिए मूंग की दाल, दलिया, खिचड़ी रोटी के साथ हरी सब्जी का सेवन करें।

What To Eat And Avoid In Summer

गर्मी में कौन सी चीज नहीं खानी चाहिए? - What not to eat during summer

1. तला-भुना और भारी भोजन

गर्मी में शरीर को ठंडक की जरूरत होती है, लेकिन तला-भुना खाना शरीर में गर्मी और अपच पैदा करता है। समोसे, कचौरी, पकौड़े और ज्यादा तेल में तली हुई सब्जियों का सेवन न करें।

2. कार्बोनेटेड और शुगर ड्रिंक्स

सॉफ्ट ड्रिंक्स, कोल्ड ड्रिंक्स और पैक्ड जूस में ज्यादा शुगर होती है जो गट हेल्थ को बिगाड़ती है और सूजन बढ़ाती है।

3. बहुत ठंडी चीजें

गर्मी में ठंडा पानी, आइसक्रीम, फ्रिज से निकली चीजें पाचन अग्नि को धीमा कर सकती हैं।

4. बहुत ज्यादा मसालेदार और खट्टा खाना

अचार, चटनी, सिरका और ज्यादा मिर्च गर्मी और एसिडिटी बढ़ा सकते हैं।

5. बार-बार स्नैकिंग या ओवरईटिंग

गर्मी में पाचन धीमा होता है। बार-बार कुछ खाते रहना या एक साथ बहुत सारा खाना गट को थका सकता है।

निष्कर्ष

गर्मी में गट हेल्थ को बनाए रखने के लिए जरूरी है कि हम अपने खानपान में ठंडक, संतुलन और पोषण को प्राथमिकता दें। प्रोबायोटिक्स, फाइबर, हाइड्रेटिंग फूड्स और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां गट को प्राकृतिक रूप से मजबूत बनाती हैं। वहीं जंक फूड, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स और ज्यादा ठंडी चीजे गट माइक्रोबायोम को नुकसान पहुंचा सकती हैं। थोड़ी सी जागरूकता और खानपान की समझ से हम गर्मी में भी गट हेल्थ को दुरुस्त रख सकते हैं।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • गर्मियों में ताकत के लिए क्या खाएं?

    गर्मियों में शरीर को ताकतवर बनाए रखने के लिए हल्का लेकिन पोषण से भरपूर भोजन लेना जरूरी होता है। इस मौसम में नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी जैसी नेचुरल ड्रिंक्स शरीर को हाइड्रेट और एनर्जेटिक रखती हैं। खाने में दालें, हरी सब्जियां, मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूजा और आम शामिल करें। प्रोटीन के लिए पनीर, दही, मूंगफली और भीगे चने खाएं। बादाम, मुनक्का और गोंद कतीरा जैसी चीजें गर्मियों में ताकत बढ़ाने में मदद करती हैं।
  • पेट को ठंडा रखने के लिए सुबह क्या पीना चाहिए?

    पेट को ठंडा रखने के लिए आप सुबह-सुबह गुनगुने पानी में नींबू और शहद मिलाकर पी सकते हैं, यह पेट को साफ करता है और शरीर को डिटॉक्स करता है। तुलसा को बाज भिगोकर उसका पानी पीना भी ठंडक देता है। नारियल पानी, बेल का शरबत या सादा छाछ भी पेट को ठंडा रखने में मदद करते हैं। 
  • पेट को हमेशा स्वस्थ कैसे रखें?

    पेट को हमेशा स्वस्थ रखने के लिए नियमित दिनचर्या और बैलेंस डाइट सबसे जरूरी हैं। खाने में फाइबर युक्त चीजें जैसे फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दालें शामिल करें। सुबह गुनगुना पानी पीने से पाचन सुधरता है। समय पर भोजन करें और जल्दी-जल्दी न खाएं। प्रीबायोटिक और प्रोबायोटिक फूड जैसे दही और छाछ पेट के लिए फायदेमंद होते हैं। तनाव कम रखें, क्योंकि मानसिक तनाव भी पेट की गड़बड़ियों का कारण बनता है।

 

 

 

Read Next

जामुन के साथ किन चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए? जानें एक्सपर्ट से

Disclaimer