Foods to Eat and Avoid in Leaky Gut Syndrome in Hindi: लीकी गट सिंड्रोम एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसमें गट की परतों में छोटी-छोटी दरारें या गैप बन जाती हैं, जिसके कारण हानिकारक चीजें, जैसे बैक्टीरिया, टॉक्सिन्स और खराब पदार्थ ब्लड फ्लो में घूस जाते हैं। यह समस्या सूजन, अपच, एलर्जी, और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। हालांकि, अगर आप लीकी गट सिंड्रोम की समस्या से परेशान रहते हैं तो सही खानपान और लाइफस्टाइल फॉलो करना बेहद जरूरी है। ऐसे में लीकी गट सिंड्रोम की समस्या से राहत पाने के लिए आपको क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, इस बारे में पता होना चाहिए। ऐसे में आइए नारायणा अस्पताल के डायरेक्टर और क्लिनिकल लीड- लिवर ट्रांसप्लांट, एचपीबी और रोबोटिक लिवर सर्जरी के डॉ. संजय गोजा से जानते हैं कि लीकी गट सिंड्रोम की समस्या से राहत पाने के लिए क्या खाना चाहिए और क्या नहीं?
लीकी गट सिंड्रोम में क्या खाएं और क्या न खाएं? - What Foods To Eat And Avoid in Leaky Gut Syndrome in Hindi?
डॉ. संजय गोजा के अनुसार, "लीकी गट सिंड्रोम एक स्थिति है जिसमें आंतों की दीवार कमजोर हो जाती है और हानिकारक तत्व ब्लड फ्लो में चले जाते हैं, जिससे सूजन, अपच और अन्य स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसे ठीक करने के लिए सही खानपान रखना बेहद जरूरी है।" ऐसे में आप अपनी डाइट में इन फूड्स को शामिल कर सकते हैं और इन्हें नजरअंदाज।
लीकी गट सिंड्रोम में क्या खाएं? - What To Eat in Leaky Gut Syndrome in Hindi?
ताजा फल और हरी सब्जियां
फलों और सब्जियों में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को बेहतर रखने में मदद करता है। फाइबर गट की परत को मजबूत करता है और खाने को पचाने में मदद करता है। इसलिए आप अपनी डाइट में सेब, पपीता, अंगूर, गाजर, पालक, और ब्रोकोली जैसे फल और सब्जियां शामिल कर सकते हैं।
प्रोबायोटिक फूड्स
दही, छाछ, किमची और सौकरकूट जैसे प्रोबायोटिक खाद्य पदार्थों में अच्छे बैक्टीरिया होते हैं, जो गट के बैक्टीरिया के संतुलन को बनाए रखने में मदद करता है, जो पाचन तंत्र को हेल्दी रखता है। इन खाद्य पदार्थों का सेवन गट में सूजन को कम करने और पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: आंतों से जुड़ी समस्याओं को ठीक होने में बहुत समय क्यों लगता है? एक्सपर्ट से जानें
हल्दी और अदरक
हल्दी में करक्यूमिन नाम का तत्व होता है, जो सूजन को कम करने में मदद करता है। अदरक भी पाचन में मदद करता है और सूजन को शांत करता है, इसलिए इन दोनों का सेवन गट के लिए फायदेमंद होता है।
हड्डी का शोरबा
हड्डी का शोरबा कोलेजन और ग्लूटामाइन से भरपूर होता है, जो आंतों को ठीक करने और उसकी परतों की ताकत बढ़ाने में मदद करता है। यह आंतों की सूजन को भी कम करता है और पाचन तंत्र को भी ठीक करता है।
हेल्दी फैट्स
लीकी गट सिंड्रोम की समस्या से राहत पाने के लिए आप आप घी, नारियल तेल, एवोकाडो और जैतून का तेल जैसे हेल्दी फैट्स को अपनी डाइट में शामि कर सकते हैं, जो गट हेल्थ को बढ़ावा देता है। ये फैट आंतों की दीवारों की सुरक्षा करते हैं और सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
प्रोटीन सोर्स
चिकन, मछली, अंडे और नट्स जैसे खाद्य पदार्थ प्रोटीन से भरपूर होते हैं, जो गट को बढ़ावा देने और उसे सही तरह से काम करने में मदद करते हैं।
लीकी गट सिंड्रोम में क्या न खाएं? - What Foods To Avoid With Leaky Gut in Hindi?
प्रोसेस्ड और जंक फूड
चिप्स, बर्गर, पिज्जा, और मिठाइयां जैसे प्रोसेस्ड और जंक फूड्स में शुगर, ट्रांस फैट्स, और नमक की मात्रा ज्यादा होती है, जो सूजन को बढ़ाते हैं और पाचन तंत्र कको नुकसान पहुंचाते हैं।
चीनी और आर्टिफिशियल स्वीटनर
चीनी और आर्टिफिशियल स्वीटनर गट में बैक्टीरिया संतुलन को बिगाड़ सकते हैं, जिससे आंतों में सूजन और दर्द की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए चीनी युक्त फूड्स का सेवन कम से कम करना चाहिए।
ग्लूटेन युक्त खाद्य पदार्थ
गेहूं, मैदा, और अन्य ग्लूटेन से भरपूर खाद्य पदार्थ कुछ लोगों के आंतों की सूजन को बढ़ा सकते हैं। अगर आपको ग्लूटेन से एलर्जी है तो इनसे बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: पाचन तंत्र से जुड़ी गंभीर समस्या है लीकी गट सिंड्रोम, जानें इसके लक्षण, कारण और इलाज
डेयरी प्रोडक्ट्स
दूध, चीज और अन्य डेयरी उत्पाद कुछ लोगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं, खासकर उन लोगों को जो लैक्टोज असहिष्णु होते हैं। ऐसे लोगों को डेयरी उत्पादों का सेवन करने से बचना चाहिए।
निष्कर्ष
लीकी गट सिंड्रोम से बचने या इसे कंट्रोल करने के लिए डाइट में संतुलन और सावधानी बरतनी जरूरी है। ताजे फल, हरी सब्जियां, प्रोटीन, प्रोबायोटिक फूड्स, और हेल्दी फैट्स का सेवन गट को स्वस्थ रखता है, जबकि प्रोसेस्ड और जंक फूड, चीनी, ग्लूटेन, और डेयरी उत्पादों से बचना चाहिए।
Image Credit: Freepik