
गर्मियों की तपती धूप में ठंडी-ठंडी आइसक्रीम या कोल्ड ड्रिंक्स की तलब होना आम बात है। ये चीजें शरीर को कुछ समय के लिए राहत जरूर देती हैं, लेकिन अगर इनकी आदत बन जाए, तो यह धीरे-धीरे सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। खासकर बच्चों और युवाओं में यह आदत तेजी से बढ़ रही है, जो स्वाद के चक्कर में स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं। कोल्ड ड्रिंक्स में हाई शुगर, कैफीन और एसिडिक तत्व होते हैं, जो पेट, दांत और हड्डियों को नुकसान पहुंचाते हैं। वहीं आइसक्रीम में मौजूद क्रीम और फैट्स- मोटापा, एलर्जी और सर्दी-खांसी जैसी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। कई बार लोग स्ट्रेस या गर्मी से राहत पाने के लिए दिन में कई बार इन चीजों का सेवन करने लगते हैं, जो धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाता है। इस लेख में हम इन आदतों के सेहत पर असर, इसके नुकसान और इस लत से छुटकारा पाने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानेंगे, ताकि आप गर्मियों में हेल्दी और फिट बने रहें। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के विकास नगर में स्थित न्यूट्रिवाइज क्लीनिक की न्यूट्रिशनिस्ट नेहा सिन्हा से बात की।
कोल्ड ड्रिंक्स-आइसक्रीम की लत से सेहत को होने वाले नुकसान- Health Risks of Cold Drink and Ice Cream Cravings
- कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम पेट को ठंडा कर देते हैं जिससे पाचन क्रिया धीमी हो जाती है। इससे पेट में गैस, अपच और पेट में भारीपन की समस्या होती है।
- इन चीजों में शुगर और कैलोरीज की मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर में फैट के रूप में जमा होने लगती है। इससे वजन तेजी से बढ़ सकता है।
- लगातार ठंडी चीजों के सेवन से शरीर का तापमान असंतुलित हो सकता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता घट सकती है, जिससे बार-बार सर्दी-जुकाम या अन्य बीमारी होने का खतरा रहता है।
- कोल्ड ड्रिंक्स में फॉस्फोरिक एसिड और आइसक्रीम में मौजूद शुगर दांतों को नुकसान पहुंचाते हैं। हड्डियों से भी कैल्शियम की मात्रा कम हो सकती है। इसलिए इनका सेवन करने से बचना चाहिए।
- ज्यादा मीठा खाने से हार्मोनल असंतुलन हो सकता है, जिससे चेहरे पर पिंपल्स, एलर्जी या ऑयली स्किन की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- सेहत बिगाड़ सकती है मिलावटी आइसक्रीम, डॉक्टर से जानें इसे खाने के नुकसान
कोल्ड ड्रिंक्स-आइसक्रीम की लत कैसे छोड़ें?- Tips to Control Cold Drink and Ice Cream Cravings
1. ठंडी चीजों का हेल्दी विकल्प चुनें
फ्रेश फ्रूट जूस, नारियल पानी या ठंडा नींबू पानी बेहतर विकल्प हैं। ये शरीर को ठंडक भी देते हैं और नुकसान नहीं करते।
2. धीरे-धीरे मात्रा कम करें
अगर आप हर दिन 2-3 बार आइसक्रीम या कोल्ड ड्रिंक्स लेते हैं, तो पहले इसे हफ्ते में 2-3 बार तक सीमित करें।
3. घर पर बनाएं हेल्दी डेजर्ट
ताजे दही, फलों और शहद से घर पर हेल्दी फ्रोजन डेजर्ट बनाएं जो स्वादिष्ट भी हो और सेहत को नुकसान भी न पहुंचाए।
4. ताजे फल खाएं
गर्मियों में मौसमी फल जैसे तरबूज, खीरा, आम या बेल न केवल ठंडक देते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी देते हैं। इनका सेवन जरूर करें। ताजे फलों का सेवन करने से मीठा खाने की क्रेविंग भी कम हो सकती है।
5. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की आदत डालें
शरीर में पानी की कमी भी ठंडी चीजों की तलब को बढ़ाती है। इसलिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में सादा पानी पिएं।
गर्मी में ठंडी चीजों की तलब होना स्वाभाविक है, लेकिन जब यह आदत बन जाए और बिना सोचे-समझे इसका सेवन बढ़ जाए, तो यह स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। इसलिए ऐसी चीजों की लत न लगाएं और डॉक्टर से सलाह लें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
FAQ
आइसक्रीम कब नहीं खानी चाहिए?
सर्दी-जुकाम, गले में खराश या कमजोर इम्यूनिटी के समय आइसक्रीम नहीं खानी चाहिए। रात में सोने से पहले या खाली पेट भी इसका सेवन नुकसानदायक हो सकता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।कोल्ड ड्रिंक शरीर के लिए हानिकारक क्यों है?
कोल्ड ड्रिंक में ज्यादा शुगर, कैफीन और एसिड होते हैं जो दांत, पाचन और हड्डियों को नुकसान पहुंचाते हैं। यह वजन बढ़ाते हैं और शरीर की इम्यूनिटी को कमजोर कर देते हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।खाने की क्रेविंग को कैसे रोकें?
खाने की क्रेविंग रोकने के लिए समय-समय पर संतुलित आहार लें, पर्याप्त पानी पिएं और प्रोसेस्ड चीजों से दूरी बनाएं। फल, सलाद और हेल्दी स्नैक्स साथ रखें। ब्रश करने या ध्यान लगाने से भी क्रेविंग कम हो सकती है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version