Detergent powder and chemicals found in ice cream in Bengaluru Report: सर्दी, गर्मी और बरसात के मौसम में लोगों के मुंह का स्वाद बढ़ाने वाली आइसक्रीम आपकी सेहत को बिगाड़ सकती है। कर्नाटक में फूड डिपार्टमेंट (FDA) ने आइसक्रीम, आइस कैंडी और कोल्ड ड्रिंक बनाने वाली फैक्ट्रियों पर छापेमारी की है। FDA को छापेमारी के दौरान पता चला कि आइसक्रीम को क्रीमी और स्वादिष्ट बनाने के लिए डिटर्जेंट पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इतना ही नहीं, गर्मियों में बड़ी मात्रा में पिए जाने वाले कोल्ड ड्रिंक को बनाने के लिए फास्फोरिक एसिड का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस छापेमारी के बाद अधिकारियों ने फैक्ट्री पर 38000 रुपये का जुर्माना लगाया है और चेतावनी भी दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एफडीए को जानकारी मिली थी कि कर्नाटक में आइसक्रीम और कोल्ड ड्रिंक निर्माता लागत कम करने के लिए डिटर्जेंट, यूरिया या स्टार्च से बना सिंथेटिक दूध इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद अधिकारियों ने छापेमारी की।
इसे भी पढ़ेंः कहीं नकली लाल मिर्च तो नहीं खा रहे आप, FSSAI ने बताया घर पर मिलावटी लाल मिर्च की पहचान करने का तरीका
सेहत के लिए नुकसानदायक है मिलावटी आइसक्रीम- Adulterated ice cream is harmful for health
आइसक्रीम से पहले उत्तराखंड में कुट्टू के आटे में मिलावट के कारण कई लोग बीमार हो गए थे। आइसक्रीम और कुट्टू का आटा ही नहीं, आजकल खाने-पीने लगभग हर चीज में मिलावट आम लोगों के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है। इन दिनों जब गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है, तब यह जानना जरूरी है कि मिलावटी आइसक्रीम खाने से सेहत को क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सर्वोदय अस्पताल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. संजय कुमार (Dr. Sanjay Kumar, Director - Gastroenterology, Sarvodaya Hospital , Greater Noida West) के अनुसार, आइसक्रीम निर्माता लागत को कम करने के लिए डिटर्जेंट, यूरिया और स्टार्च से बने सिंथेटिक दूध का उपयोग करते हैं। डिटर्जेंट आइसक्रीम को मलाईदार बनावट प्रदान करता है।
वहीं, सैकरीन जैसे आर्टिफिशियल स्वीटनर आइसक्रीम का स्वाद और रंग बढ़ाने में मददगार होते हैं। इन केमिकल्स से युक्त आइसक्रीम का सेवन करने से स्वास्थ्य को कई प्रकार के नुकसान हो सकता हैं। डॉ. संजय कुमार का कहना है कि इन केमिकल्स और मिलावट से भरी आइसक्रीम का सेवन करने से किडनी, लिवर और पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है। मिलावटी आइसक्रीम कई प्रकार की गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकता है।
मिलावट वाली आइसक्रीम से होने वाली बीमारियां- Diseases caused by adulterated ice cream
1. पाचन तंत्रिका पर प्रभाव
डिटर्जेंट पाउडर और केक का इस्तेमाल आमतौर पर कपड़े और बर्तनों को साफ करने के लिए किया जाता है। डिटर्जेंट में मौजूद केमिकल्स गलती से या जानबूझकर खाए जाए, तो यह पाचन तंत्रिका पर बुरा प्रभाव डाल सकते हैं। इसका सेवन करने से पेट में दर्द, उल्टी, दस्त, कब्ज और अपच की समस्या भी हो सकती है। डिटर्जेंट का सेवन लंबे समय तक करने से आंतों में बैड बैक्टीरिया का प्रभाव बढ़ता है, जिसके कारण कई अन्य परेशानियां हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ेंः मच्छरों ने कर दिया सोना मुहाल? आज ही घर पर बनाएं ये देसी मस्कीटो रिपेलेंट
2. किडनी को नुकसान
डिटर्जेंट को बनाने के लिए कई प्रकार के केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है। जब कोई व्यक्ति इसका सेवन करता है, तो इससे शरीर में विषाक्त पदार्थ जमा होने लगते हैं। इससे किडनी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। जिन लोगों की किडनी पहले से ही कमजोर है, अगर वो डिटर्जेंट युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करें, तो यह किडनी फेलियर का कारण बनता है।
3. आंतों के कैंसर का खतरा
डिटर्जेंट, फॉस्फोरिक एसिड युक्त आइसक्रीम का सेवन करने से आंतों में सूजन की समस्या हो सकती है। आंतों की सजून लंबे समय तक बनी रहे, तो यह शरीर के डीएनए को डैमेज करने लगती है, जिसकी वजह से आंत और पेट के कैंसर का खतरा ज्यादा रहता है।
इसे भी पढ़ेंः डाइट में आज ही शामिल करें Vitamin-E से भरपूर ये 5 चीजें, मिलेगी पिंपल फ्री ग्लोइंग स्किन
4. कोलन कैंसर
डॉ. संजय कुमार का कहना है कि कई आइसक्रीम ब्रांड्स में हाइड्रोजनेटेड ऑयल (trans fat) और आर्टिफिशियल प्रिजर्वेटिव्स होते हैं। यह दोनों ही चीजें स्वास्थ्य के लिहाज से हानिकारक होती है। यह शरीर में सूजन और जलन को बढ़ाकर कैंसर की संभावनाओं को बढ़ावा देते हैं। लंबे समय तक हाइड्रोजनेटेड ऑयल का सेवन करने से कोलन कैंसर का खतरा बढ़ता है।
5. हड्डियों की कमजोरी
डिटर्जेंट के केमिकल्स कैल्शियम के अवशोषण की क्षमता को कम कर देते हैं। इसका सेवन से हड्डियों की कमजोरी और ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा बढ़ सकता है।
इसे भी पढ़ेंः कहीं आपके दूध में स्टार्च की मिलावट तो नहीं? FSSAI ने बताया कैसे करें जांच
आइसक्रीम खाते वक्त किन बातों का ध्यान रखें- Things to keep in mind while eating ice cream
हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि बाजार में आने वाले मिलावटी प्रोडक्ट को रोका जाना बहुत मुश्किल काम है। लेकिन एक उपभोक्ता होने के नाते हम कुछ सावधानियां अपनाकर इसी मिलावटी जहर से खुद को बचा सकते हैं।
- बाजार से खरीदने की बजाय आइसक्रीम को घर पर ही बनाएं।
- लोकल की बजाय ब्रांडेड और सर्टिफाइड आइसक्रीम का सेवन करें।
- अगर आइसक्रीम का स्वाद अजीब लगे तो बिल्कुल न खाएं।
- बाजार से आइसक्रीम खरीदते वक्त लेबल की जांच जरूर करें।
निष्कर्ष
डिटर्जेंट और फॉस्फोरिक एसिड से बनाई जाने वाली आइसक्रीम स्वाद में तो अच्छी लग सकती है, लेकिन सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक होती है। इस तरह की आइसक्रीम खाने से पाचन तंत्र, हड्डियां और शरीर के विभिन्न अंगों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इसलिए बाजार से आइसक्रीम खरीदते वक्त सावधानी जरूर बरतें।